Anthropic IPO: 104 अरब डॉलर का घाटा, फिर भी IPO से जुटाए 81 अरब डॉलर, आखिर कंपनी पर क्यों फिदा हैं निवेशक
AI चैटबॉट Claude बनाने वाली कंपनी Anthropic ने अपने IPO से 81.3 अरब डॉलर जुटाए हैं. कंपनी ने एक शेयर का भाव 83 डॉलर तय किया है. खास बात यह है कि सितंबर 2026 तक के नौ महीनों में कंपनी को 104 अरब डॉलर का घाटा हुआ है. इसके बावजूद निवेशकों ने कंपनी पर बड़ा दांव लगाया है. कंपनी की कमाई में करीब 1,200 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
Highlights
- Anthropic ने IPO से 81.3 अरब डॉलर जुटाए, शेयर का भाव 83 डॉलर तय किया.
- सितंबर 2026 तक नौ महीनों में कंपनी को 104 अरब डॉलर का घाटा हुआ.
- Claude की लोकप्रियता से कंपनी की कमाई में करीब 1,200 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
AI की दुनिया में एक और बड़ी कंपनी ने शेयर बाजार में उतरने से पहले निवेशकों का भरोसा जीत लिया है. ChatGPT को टक्कर देने वाले AI चैटबॉट Claude की मैन्युफैक्चरिंग कंपनी Anthropic ने अपने IPO के जरिए 81.3 अरब डॉलर जुटाए हैं. कंपनी ने IPO में एक शेयर की कीमत 83 डॉलर तय की है, जो पहले तय अनुमानित प्राइस रेंज से काफी ज्यादा है. खास बात यह है कि इतनी बड़ी रकम जुटाने वाली Anthropic ने सितंबर 2026 को खत्म हुए 9 महीनों में 104 अरब डॉलर का नेट लॉस दर्ज किया है. इसके बावजूद निवेशकों ने कंपनी के IPO में जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई है. अब कंपनी का शेयर गुरुवार को Nasdaq पर ANT टिकर के तहत कारोबार शुरू करने वाला है.
SpaceX का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ा
Anthropic का IPO कई मायनों में खास है. कंपनी ने इस पेशकश में करीब 980 मिलियन शेयर बेचे हैं, जबकि पहले 825 मिलियन शेयर बेचने की योजना थी. कंपनी ने प्रति शेयर 83 डॉलर का भाव तय किया और कुल 81.3 अरब डॉलर जुटाए. इस रकम के साथ Anthropic ने शुरुआती IPO फंड जुटाने के मामले में SpaceX को पीछे छोड़ दिया है. SpaceX ने जून में अपने IPO के जरिए शुरुआत में 75 अरब डॉलर जुटाए थे. बाद में अंडरराइटर्स के अतिरिक्त शेयर आवंटन के विकल्प का इस्तेमाल करने के बाद यह रकम 85.7 अरब डॉलर हो गई थी.
Anthropic का कुल मार्केट कैप कंपनी के कुल बकाया शेयरों की संख्या पर निर्भर करेगा. हालांकि, 83 डॉलर के IPO भाव के आधार पर कंपनी का वैल्यूएशन उसके पहले तय किए गए 1.4 लाख करोड़ डॉलर के लक्ष्य से भी ऊपर पहुंचने की संभावना है.
Claude की लोकप्रियता से बढ़ी कमाई
Anthropic के IPO को मिली बड़ी प्रतिक्रिया की सबसे अहम वजह कंपनी के कारोबार में तेज ग्रोथ है. कंपनी के प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक, सितंबर 2026 को खत्म हुए नौ महीनों में उसका रेवेन्यू बढ़कर 33.24 अरब डॉलर पहुंच गया. पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले इसमें करीब 1,200 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
इस ग्रोथ में कंपनी के AI कोडिंग टूल Claude Code की बड़ी भूमिका रही है. Claude Code की लोकप्रियता बढ़ने से कंपनी के कारोबार को तेजी मिली है. कंपनी के संशोधित दस्तावेज के मुताबिक, अक्टूबर के अंत में उसका रन रेट रेवेन्यू करीब 81 अरब डॉलर था. यह सितंबर के मुकाबले 10 अरब डॉलर ज्यादा है.
104 अरब डॉलर का घाटा
तेजी से बढ़ती कमाई के बावजूद Anthropic का घाटा निवेशकों के लिए चिंता का विषय हो सकता है. कंपनी ने सितंबर 2026 को खत्म हुए नौ महीनों में 104 अरब डॉलर का नेट लॉस दर्ज किया. जबकि 2025 की समान अवधि में कंपनी को 25.1 अरब डॉलर का घाटा हुआ था.
हालांकि, कंपनी के इस घाटे का बड़ा हिस्सा कन्वर्टिबल नोट्स और डेरिवेटिव देनदारियों की उचित वैल्यू में बदलाव के कारण हुआ है. यानी घाटे का पूरा आंकड़ा कंपनी के रोजमर्रा के कारोबार से हुए नुकसान को नहीं दिखाता. यही वजह है कि निवेशक कंपनी की बढ़ती कमाई और AI कारोबार की संभावनाओं पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें- Stocks to Watch: जियो Financial से IIFL Finance तक इन शेयरों में दिखेगा एक्शन, कंपनियों ने किए बड़े ऐलान
Google-Amazon समेत दिग्गज कंपनियों का बड़ा दांव
Anthropic के साथ दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों की भी कारोबारी और निवेश साझेदारी है. Amazon और Google की कंपनी में हिस्सेदारी का मूल्य 100 अरब डॉलर से ज्यादा बताया गया है. इसके अलावा Google, Microsoft, Nvidia और Advanced Micro Devices (AMD) समेत टेक कंपनियों के समूह ने IPO के भाव पर कुल 26 अरब डॉलर निवेश करने की सहमति दी है.
दूसरी तरफ, Anthropic अपने AI मॉडल चलाने के लिए Nvidia, Google, Amazon और AMD से महंगे कंप्यूटिंग सिस्टम खरीदती है. यानी कंपनी इन टेक दिग्गजों की निवेशक और ग्राहक दोनों है.
Latest Stories
Mahanadi Coalfields IPO: 19 नवंबर को खुलेगा इश्यू, ब्रोकरेज ने दी दांव लगाने की सलाह, Coal India से है नाता, जानें GMP
Crystal Crop IPO: खुलते ही टूट पड़े निवेशक, फुल सब्सक्राइब हुआ इश्यू, GMP में भी हलचल, जानें पूरी डिटेल
Crystal Crop Protection IPO: GMP से 4.78% लिस्टिंग गेन का संकेत, एक लॉट पर कितनी होगी कमाई
