लगातार लुढ़क रहा इस AI कंपनी के IPO का GMP, Google-Apple जैसी कंपनी है क्लाइंट, जानें पूरी डिटेल्स
2026 की शुरुआत में सुस्त रहे IPO बाजार में अब हलचल तेज हो रही है. फरवरी में सात कंपनियों के इश्यू आने वाले हैं, जिनमें AI सेक्टर की प्रमुख कंपनी Fractal Analytics भी शामिल है. 9 फरवरी को खुलने वाला यह IPO ग्रे मार्केट में हलचल और निवेशकों के लिए संभावित मुनाफे के संकेत दे रहा है.
Fractal Analytics IPO: 2026 का पहला महीना IPO मार्केट के लिए सुस्त रहा. लेकिन सुस्ती भरे इस प्राइमरी मार्केट में अब रंगत लौटने जा रही है. फरवरी महीने में कुल सात कंपनियां अपना इश्यू लाने जा रही हैं. इन्हीं में एक है Fractal Analytics. AI सेक्टर में काम करने वाली इस कंपनी का इश्यू 9 फरवरी को खुल रहा है. IPO खुलने से पहले इसके ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में भी तेजी देखी गई है. हालांकि दो दिन पहले जो तेजी थी, उसमें अब गिरावट आई है. फिर भी यह निवेशकों को मुनाफे का संकेत दे रहा है.
Fractal Analytics IPO डिटेल्स
इस इश्यू के जरिए कंपनी बाजार से 2,833.90 करोड़ रुपये जुटाएगी. इसमें फ्रेश इश्यू के साथ OFS भी शामिल है. यानी IPO के जरिए जुटाई जाने वाली पूरी रकम कंपनी के पास नहीं जाएगी. इसमें से 1,810.40 करोड़ रुपये कंपनी के प्रमोटर्स को मिलेंगे.
9 फरवरी को खुलने वाला यह इश्यू 11 फरवरी को बंद होगा. यानी निवेशकों के पास निवेश करने के लिए तीन दिन का मौका होगा. 12 फरवरी को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा. 16 फरवरी को कंपनी की बाजार में लिस्टिंग हो सकती है. इसका प्राइस बैंड 857 से 900 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. रिटेल निवेशकों को कम से कम 14,400 रुपये का निवेश करना होगा.
थम नहीं रहा GMP
5 फरवरी को दोपहर 12 बजकर 33 मिनट पर इसका GMP 90 रुपये रहा, जो करीब 10 फीसदी प्रीमियम की ओर संकेत करता है. हालांकि पिछले तीन दिनों से इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम लगातार गिरता जा रहा है. 3 फरवरी को यह 180 रुपये था, जो 4 फरवरी को गिरकर 105 रुपये पर आ गया. 5 फरवरी को यह और गिरकर 90 रुपये पर पहुंच गया. इस तरह यह अपने ऑल-टाइम हाई से गिरकर लगभग आधा रह गया है.
क्या करती है कंपनी?
साल 2000 में शुरू हुई Fractal Analytics आज वैश्विक स्तर पर कई दिग्गज कंपनियों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है. इसके प्रमुख ग्राहकों में Microsoft, Amazon, Alphabet, Meta, Apple और Nvidia जैसी नामी टेक कंपनियां शामिल हैं. कंपनी की कुल आय का 65 फीसदी से ज्यादा हिस्सा अमेरिका से आता है.
Fractal Analytics दो मुख्य बिजनेस सेगमेंट्स में काम करती है. Fractal.ai के तहत कंपनी कोजेंटिक एजेंटिक AI प्लेटफॉर्म के माध्यम से AI आधारित सर्विसेज और प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराती है, जबकि Fractal Alpha के तहत ग्रोथ मार्केट्स पर केंद्रित AI बिजनेस को आगे बढ़ाया जाता है.
डिसक्लेमर: इस खबर में GMP से संबंधित जानकारी दी गई है. मनी9लाइव का GMP तय करने से कोई संबंध नहीं है. मनी9लाइव निवेशकों को यह भी सचेत करता है कि केवल जीएमपी के आधार पर निवेश पर फैसला नहीं करें. निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल जरूर देखें और एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.




