AI की ताकत के साथ बाजार में एंट्री को तैयार Rediff, ₹600-₹800 करोड़ तक के IPO का प्‍लान, फाइल किया DRHP

Rediff.com India Ltd ने ₹600–800 करोड़ जुटाने के लिए DRHP फाइल किया और IPO की तैयारी शुरू की. कंपनी खुद को AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म में बदलते हुए UPI और एंटरप्राइज सॉल्यूशंस में विस्तार कर रही है.

rediff ipo Image Credit: canva/AI image

Rediff.com IPO: देश की पुरानी इंटरनेट कंपनी और वेब पोर्टल रेडिफ अब नए अवतार में बाजार में दस्तक देने जा रही है. Rediff.com India Ltd अपना IPO लाने वाली है. इसके लिए कंपनी ने सेबी के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल कर दिया है. यह फाइलिंग कॉन्फिडेंशियल प्री-फाइलिंग रूट के जरिए की गई है.

यह IPO AvenuesAI Ltd की सहायक कंपनी के तौर पर लाया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इश्यू के जरिए कंपनी ₹600 करोड़ से ₹800 करोड़ तक जुटा सकती है, हालांकि अंतिम आकार बाजार की स्थिति और रेगुलेटरी मंजूरी पर निर्भर करेगा.

डिजिटल प्‍लेटफॉर्म में कर रही तब्‍दील

Rediff अब खुद को एक पारंपरिक इंटरनेट पोर्टल से बदलकर AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित कर रही है. 2024 में AvenuesAI द्वारा अधिग्रहण के बाद कंपनी ने अपने बिजनेस को डिजिटल पेमेंट, एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर और कंटेंट प्लेटफॉर्म की दिशा में विस्तार दिया है. कंपनी ने हाल ही में नेशन पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) से UPI लाइसेंस हासिल किया है, जिससे वह RediffPay प्लेटफॉर्म के जरिए रियल-टाइम पेमेंट्स सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रही है.

इंटीग्रेटेड प्‍लेटफॉर्म की तैयारी

इसके अलावा RediffOne नाम से एक इंटीग्रेटेड एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म भी तैयार किया जा रहा है, जिसमें ईमेल, कोलैबोरेशन टूल्स, कॉमर्स और बिजनेस एप्लिकेशन एक ही जगह मिलेंगे. कंपनी AI आधारित सॉल्यूशंस के लिए एजेंट मार्केटप्लेस जैसे नए क्षेत्रों में भी अवसर तलाश रही है. 1996 में शुरू हुई Rediff अब बदलते डिजिटल दौर के साथ खुद को री-इंवेंट करने की कोशिश कर रही है.