IPO बाजार में लौटेगी बहार! गोल्ड लोन देने वाली दिग्गज NBFC, IPO लाने को तैयार, ₹4000 करोड़ का इश्यू
सोना गिरवी रखकर लोन देने वाली दिग्गज NBFC 4,000 करोड़ रुपये के IPO को मंजूरी दे दी है. कंपनी का मुनाफा एक साल में दोगुने से ज्यादा बढ़कर 1,640 करोड़ रुपये पहुंच गया है. साथ ही बोर्ड ने स्टॉक स्प्लिट, NCD और 30,000 करोड़ रुपये के कमर्शियल पेपर प्रोग्राम को भी मंजूरी दी है, जिससे IPO बाजार में नई हलचल मच सकती है.

सोना गिरवी रखकर लोन देने वाली देश की दिग्गज नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) शेयर बाजार में एंट्री करने की तैयारी में है. शनिवार को हुई कंपनी की बोर्ड बैठक में IPO लाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है. कंपनी इस आईपीओ के जरिए बाजार से 4,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. खास बात यह है कि यह पूरा आईपीओ ‘फ्रेश इश्यू’ (नए शेयर) पर आधारित होगा, जिससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने बिजनेस के विस्तार और भविष्य की ग्रोथ के लिए करेगी. ये कंपनी है मुथूट फिनकॉर्प (Muthoot Fincorp).
एक साल में दोगुना से ज्यादा हुआ मुनाफा
आईपीओ की इस घोषणा के साथ ही कंपनी ने अपने वित्तीय नतीजे भी जारी किए हैं, जो बेहद शानदार रहे हैं. वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में मुथूट फिनकॉर्प का शुद्ध लाभ (Net Profit) दोगुना से भी ज्यादा बढ़कर 1,640 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है. इससे पिछले वित्त वर्ष (FY25) में कंपनी को 787 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था. मुनाफे की इस दमदार रफ्तार ने कंपनी के आईपीओ को लेकर बाजार में सुगबुगाहट तेज कर दी है.
स्टॉक स्प्लिट को भी मंजूरी
रिटेल निवेशकों को लुभाने और बाजार में शेयरों की लिक्विडिटी बढ़ाने के लिए मुथूट बोर्ड ने स्टॉक स्प्लिट (Stock Split) को भी मंजूरी दे दी है. इसके तहत 10 रुपये फेस वैल्यू (फेयर वैल्यू) वाले एक इक्विटी शेयर को 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में उप-विभाजित (Subdivide) किया जाएगा. इस कदम से शेयर की कीमत कम होगी, जिससे छोटे और रिटेल निवेशकों के लिए इसमें निवेश करना बेहद आसान हो जाएगा.
सुस्त बाजार में नई जान फूंकने की तैयारी
वित्त वर्ष 2025 में रिकॉर्ड आईपीओ आने के बाद, मौजूदा वित्त वर्ष 2026 (FY26) में आईपीओ बाजार काफी सुस्त रहा है. पिछले साल आए ज्यादातर आईपीओ ‘ऑफर फॉर सेल’ (OFS) थे, यानी उनमें मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचकर निकल रहे थे, जिसे लेकर बाजार में चिंताएं थीं. ऐसे माहौल में मुथूट फिनकॉर्प का पूरी तरह से ‘फ्रेश इश्यू’ वाला आईपीओ बाजार में नई जान फूंक सकता है. हालांकि, कंपनी ने अभी आईपीओ की सटीक तारीखों का ऐलान नहीं किया है. यह शेयरधारकों की मंजूरी, बाजार की स्थिति और रेगुलेटरी क्लियरेंस पर निर्भर करेगा.
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में SME कंपनियों का बड़ा दांव, अगले सप्ताह निवेशकों के सामने खुलेंगे 4 नए IPO; 2 की होगी लिस्टिंग
NCD और कमर्शियल पेपर से भी जुटेंगे फंड
मुथूट पप्पाचन ग्रुप की इस प्रमुख कंपनी ने केवल आईपीओ ही नहीं, बल्कि फंड जुटाने के कई और बड़े प्लान तैयार किए हैं. बोर्ड ने पब्लिक इश्यू के जरिए नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) से ₹4,000 करोड़ और प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए भी ₹4,000 करोड़ जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. इसके अलावा, कंपनी ने 30,000 करोड़ रुपये की कुल सीमा के साथ एक कमर्शियल पेपर प्रोग्राम को भी मंजूरी दी है, ताकि उधारी के स्रोतों में विविधता लाई जा सके.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.