NSE IPO में आज से मिलेगा दांव लगाने का मौका, एंकर इन्वेस्टर्स से जुटाए 6746 करोड़ रुपये; जानें GMP का हाल

NSE IPO आज यानी 17 सितंबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है. 1,700 रुपये से 1,785 रुपये के प्राइस बैंड वाले इस IPO में रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए 8 शेयरों का लॉट साइज तय है. NSE ने एंकर इन्वेस्टर्स से 6,746.2 करोड़ रुपये जुटाए हैं. IPO का अलॉटमेंट 22 सितंबर और लिस्टिंग 24 सितंबर को BSE पर प्रस्तावित है.

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज Image Credit: ai/canva

Highlights

  • NSE IPO आज 17 सितंबर से 21 सितंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला है.
  • NSE ने IPO से पहले Anchor Investors से 6,746.2 करोड़ रुपये जुटाए हैं.
  • GMP 145 रुपये पर है, जिसके आधार पर करीब 8.12% लिस्टिंग गेन का अनुमान है.

NSE IPO: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE का चर्चित IPO आज यानी 17 सितंबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है. निवेशकों के पास NSE के IPO में दांव लगाने का मौका 21 सितंबर तक रहेगा. कंपनी ने IPO के लिए 1,700 रुपये से 1,785 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल यानी OFS है. इसका मतलब है कि IPO से जुटाई जाने वाली रकम NSE को नहीं मिलेगी, बल्कि मौजूदा शेयरहोल्डर्स अपने शेयर बेचेंगे. ऑफर के तहत 12.64 करोड़ तक शेयर बिक्री के लिए रखे गए हैं.

एंकर इन्वेस्टर्स से जुटाए 6,746 करोड़ रुपये

पब्लिक सब्सक्रिप्शन खुलने से एक दिन पहले NSE ने एंकर इन्वेस्टर्स से 6,746.2 करोड़ रुपये जुटाए हैं. BSE पर जारी सर्कुलर के मुताबिक, NSE ने 150 एंकर इन्वेस्टर्स को 1,785 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 3.77 करोड़ से अधिक शेयर अलॉट किए हैं.

एंकर इन्वेस्टर्स में LIC, Goldman Sachs और Fidelity के अलावा GIC Singapore, Abu Dhabi Investment Authority यानी ADIA और Norges Bank जैसे बड़े इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स शामिल हैं. Eastspring और HSBC Global Asset Management ने भी एंकर राउंड में हिस्सा लिया है.

एक लॉट के लिए 14,280 रुपये लगाने होंगे

NSE IPO में रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए लॉट साइज 8 शेयर तय किया गया है. अपर प्राइस बैंड यानी 1,785 रुपये के हिसाब से एक लॉट के लिए कम से कम 14,280 रुपये की जरूरत होगी.

IPO में नेट ऑफर का 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स यानी QIB के लिए, 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स यानी NII के लिए और 35% रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व किया गया है. एलिजिबल NSE एम्प्लॉइज को 170 रुपये प्रति शेयर का डिस्काउंट मिलेगा.

22 सितंबर को अलॉटमेंट, 24 सितंबर को लिस्टिंग

NSE IPO के लिए 17 सितंबर से 21 सितंबर तक आवेदन किया जा सकेगा. रिटेल इन्वेस्टर्स अपने ब्रोकर प्लेटफॉर्म के जरिए ASBA सुविधा का इस्तेमाल कर IPO में आवेदन कर सकते हैं. IPO का अलॉटमेंट 22 सितंबर को फाइनलाइज होने की उम्मीद है, जबकि शेयरों की लिस्टिंग 24 सितंबर को BSE पर प्रस्तावित है. NSE अपने ही प्लेटफॉर्म पर अपने शेयर लिस्ट नहीं कर सकता है.

GMP में जारी है उतार-चढ़ाव

NSE IPO को लेकर ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP में हाल के दिनों में काफी वोलैटिलिटी रही है. इन्वेस्टरगेन के मुताबिक, NSE IPO का GMP 145 रुपये है, जबकि 16 सितंबर को यह 160 रुपये था. मौजूदा GMP के आधार पर NSE के शेयर अपने अपर प्राइस बैंड 1,785 रुपये के मुकाबले करीब 1,930 रुपये पर लिस्ट हो सकते हैं. इस हिसाब से निवेशकों को करीब 8.12% का लिस्टिंग गेन मिलने का अनुमान है.

हालांकि, ग्रे मार्केट में चल रहा GMP एक अनौपचारिक संकेतक है और यह NSE के शेयर की वास्तविक लिस्टिंग प्राइस की गारंटी नहीं देता. लिस्टिंग के समय बाजार की स्थिति और निवेशकों की डिमांड के आधार पर शेयर का भाव GMP से अलग हो सकता है.

यह भी पढ़ें: Tata Sons की बोर्ड मीटिंग आज, IPO से लेकर चंद्रशेखरन के उत्तराधिकारी तक कई सवालों के मिलेंगे जवाब

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.