NSE IPO vs Jio IPO: मुकेश अंबानी की Jio या NSE का मेगा दांव? जानें इश्यू साइज की रेस में कौन मारेगा बाजी

भारतीय IPO बाजार में NSE और Jio के बीच बड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है. Jio ने अपने IPO के लिए DRHP दाखिल कर दिया है, जबकि NSE भी 30,000 करोड़ रुपये के मेगा IPO की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Jio IPO का अनुमानित साइज करीब 28,500 करोड़ रुपये हो सकता है. इश्यू साइज के लिहाज से NSE फिलहाल Jio से करीब 1,500 करोड़ रुपये आगे है.

NSE IPO बनाम Jio IPO Image Credit: tv9 bharatvarsh

NSE IPO vs Jio IPO: भारतीय IPO बाजार में इन दिनों दो बड़े नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं. एक तरफ देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज NSE अपना IPO लाने की तैयारी कर रहा है, तो दूसरी तरफ रिलायंस समूह की टेलीकॉम और डिजिटल सर्विसेज कंपनी Jio प्लेटफॉर्म्स ने भी IPO की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा दिया है. ऐसे में निवेशकों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि इश्यू साइज के मामले में NSE और Jio में कौन आगे है.

रिलायंस इंडस्ट्रीज की AGM में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने घोषणा की थी कि Jio प्लेटफॉर्म्स अपने IPO के लिए तैयार है और कंपनी शुक्रवार को ही मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास DRHP दाखिल करेगी. इसके बाद कंपनी ने DRHP फाइल कर दिया, जिससे IPO को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं.

कितना बड़ा होगा Jio IPO

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Jio IPO का अनुमानित साइज करीब 3 अरब डॉलर यानी लगभग 28,500 करोड़ रुपये हो सकता है. यह देश के सबसे बड़े IPO में से एक माना जा रहा है. DRHP के अनुसार, कंपनी IPO से जुटाई गई राशि का बड़ा हिस्सा अपने कर्ज को कम करने में इस्तेमाल करेगी.

कंपनी ने बताया है कि लगभग 27,500 करोड़ रुपये का उपयोग रिलायंस Jio इन्फोकॉम के कर्ज के भुगतान के लिए किया जाएगा. इससे कंपनी का डेट बर्डन कम होगा और भविष्य में 5G, ब्रॉडबैंड, एआई, क्लाउड सर्विसेज तथा डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश की क्षमता बढ़ेगी.

इश्यू साइज में NSE ने मारी बाजी

हालांकि Jio IPO का साइज काफी बड़ा है, लेकिन इश्यू साइज के मामले में NSE फिलहाल आगे नजर आ रहा है. NSE ने 30,000 करोड़ रुपये के IPO के लिए SEBI के पास DRHP दाखिल किया है.

यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) आधारित होगा. इसके तहत करीब 14.89 करोड़ शेयरों की बिक्री की जाएगी. चूंकि यह OFS है, इसलिए IPO से जुटाई गई राशि कंपनी के पास नहीं जाएगी, बल्कि मौजूदा शेयरधारकों को प्राप्त होगी.

दोनों IPO पर निवेशकों की नजर

Jio और NSE दोनों ही अपने-अपने सेक्टर की दिग्गज कंपनियां हैं. Jio देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम और डिजिटल सर्विसेज कंपनियों में शामिल है, जबकि NSE भारत का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है. यदि केवल इश्यू साइज की बात करें, तो NSE का 30,000 करोड़ रुपये का IPO, Jio के अनुमानित 28,500 करोड़ रुपये के IPO से करीब 1,500 करोड़ रुपये बड़ा है. यानी फिलहाल इश्यू साइज की दौड़ में NSE ने Jio को पीछे छोड़ दिया है. हालांकि निवेशकों के लिए दोनों IPO बेहद अहम रहने वाले हैं और बाजार की नजर इनके लिस्टिंग परफॉर्मेंस पर भी रहेगी.

यह भी पढ़ें: Jio लाएगा भारत का पहला सैटेलाइट ब्रॉडबैंड नेटवर्क, Starlink को सीधी टक्कर, इंटरनेट में फिर होगा धमाका !

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.