ये पावर इंफ्रा कंपनी ला रही IPO, नए शेयरों और OFS दोनों से रकम जुटाने की तैयारी, फाइल किया ड्राफ्ट पेपर
Polite Powertech ने IPO के लिए SEBI के पास DRHP फाइल किया है, जिसमें फ्रेश इश्यू और OFS दोनों हैं. कंपनी जुटाई गई रकम का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल और कॉरपोरेट जरूरतों के लिए करेगी. तेजी से बढ़ते रेवेन्यू और मुनाफे के साथ यह पावर इंफ्रा कंपनी निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर बन सकती है.
Upcoming IPO: पावर इंफ्रा सेक्टर से जुड़ी कंपनी Polite Powertech Limited ने शेयर बाजार में एंट्री की तैयारी तेज कर दी है. कंपनी ने अपने IPO के लिए मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस यानी DRHP दाखिल कर दिया है.
कितना होगा IPO साइज?
कंपनी के DRHP के मुताबिक, यह IPO अधिकतम 1.25 करोड़ इक्विटी शेयरों का होगा. इसमें 1 करोड़ शेयर फ्रेश इश्यू के रूप में जारी किए जाएंगे, जबकि 25 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत बेचे जाएंगे. इस इश्यू से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल जरूरतों और सामान्य कॉरपोरेट कामों के लिए करेगी.
कौन संभाल रहा इश्यू?
इस IPO के लिए अरिहंत कैपिटल मार्केट्स और वाल्मीकि लीला कैपिटल को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है.
क्या करती है कंपनी?
Polite Powertech एक EPC यानी इंजीनियरंग, प्रॉक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी है, जो पावर इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में काम करती है. यह कंपनी पावर ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन और रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स में डिजाइन, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग जैसी सेवाएं देती है.इसकी खास विशेषज्ञता हाई वोल्टेज और एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइन, अंडरग्राउंड और ओवरहेड केबलिंग, सोलर EPC प्रोजेक्ट्स और सबस्टेशन (AIS और GIS) बनाने में है. कंपनी अपने प्रोजेक्ट्स सरकारी एजेंसियों, PSU और निजी कंपनियों के लिए पूरा करती है.
यह भी पढ़ें: कैश के ढेर पर बैठी है यह पोर्ट कंपनी, कर्ज जीरो, डिविडेंड देने में भी नंबर वन, क्या शेयर में दिख रहा दम
फाइनेंशियल्स में तेज रफ्तार
कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक FY2023 में जहां कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू जीरो था, वहीं FY2024 में यह बढ़कर 24.65 करोड़ रुपये हो गया. इसके बाद FY2025 में यह तेजी से बढ़कर 155.63 करोड़ रुपये पहुंच गया. FY2026 की पहली छमाही में ही कंपनी 97.32 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज कर चुकी है. EBITDA भी FY2023 में शून्य से बढ़कर FY2024 में 1.55 करोड़ रुपये, FY2025 में 21.64 करोड़ रुपये और FY2026 की पहली छमाही में 17.16 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं नेट प्रॉफिट भी इसी तरह बढ़ा. FY2024 में 0.84 करोड़ रुपये, FY2025 में 13.02 करोड़ रुपये और FY2026 की पहली छमाही में 10.74 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
