सेकंड हैंड कार मार्केट दिग्गज Spinny बाजार में देगा दस्तक, IPO से जुटाएगा 300 मिलियन डॉलर, जानें पूरा प्लान
भारत की प्रमुख सेकंड हैंड कार प्लेटफॉर्म Spinny शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है. कंपनी IPO के जरिए 250 से 300 मिलियन डॉलर जुटाने की योजना पर काम कर रही है और जल्द ही DRHP दाखिल कर सकती है. 2015 में स्थापित इस यूनिकॉर्न स्टार्टअप ने अब तक 700 मिलियन डॉलर से अधिक की फंडिंग जुटाई है.
Spinny IPO: भारत के तेजी से बढ़ते सेकंड हैंड कार मार्केट की प्रमुख कंपनी Spinny अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है. कंपनी के ऑपरेशंस का जिम्मा संभालने वाली वैल्यूड्राइव टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड ने IPO के जरिए 250 से 300 मिलियन डॉलर तक जुटाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अगले एक तिमाही के भीतर ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है. यदि यह योजना सफल रहती है, तो Spinny भारत की पहली बड़ी सेकेंडहैंड कार प्लेटफॉर्म कंपनी बन सकती है, जो शेयर बाजार में लिस्ट होगी.
निवेश बैंकों की मदद से आगे बढ़ रही प्रक्रिया
मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, IPO की तैयारियों के लिए कंपनी ने कई बड़े निवेश बैंकों को सलाहकार नियुक्त किया है. रिपोर्ट के अनुसार, मॉर्गन स्टैनली, कोटक महिंद्रा कैपिटल और सिटी इंडिया इस प्रक्रिया में Spinny की मदद कर रहे हैं. प्रस्तावित IPO के माध्यम से जुटाई जाने वाली पूंजी का उपयोग कंपनी अपने एक्सपेंशन प्लान्स को गति देने के लिए करेगी. साथ ही, शुरुआती निवेशकों को भी आंशिक या पूर्ण एग्जिट का अवसर मिल सकता है. हालांकि, कंपनी और निवेश बैंकिंग संस्थानों की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है.
2015 में हुई थी शुरुआत
Spinny की स्थापना वर्ष 2015 में नीरज सिंह, मोहित गुप्ता और रामांशु महाउ ने की थी. उस समय भारत में यूज्ड-कार मार्केट तेजी से विकसित हो रहा था और उपभोक्ता कम कीमत में बेहतर विकल्पों की तलाश कर रहे थे. कंपनी ने ऐसे बाजार में प्रवेश किया, जहां पारदर्शिता की कमी, भरोसेमंद मध्यस्थों का अभाव और सही मूल्य निर्धारण जैसी समस्याएं मौजूद थीं. Spinny ने टेक्नोलॉजी आधारित मॉडल के जरिए खरीदारों और विक्रेताओं को एक भरोसेमंद प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया. कंपनी का उद्देश्य यूज्ड-कार खरीदने और बेचने की प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और सुरक्षित बनाना था.
700 मिलियन डॉलर से अधिक की फंडिंग जुटा चुकी है कंपनी
स्थापना के बाद से Spinny ने कई प्रतिष्ठित निवेशकों से पूंजी जुटाई है. कंपनी को टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट, एलेवेशन कैपिटल सहित कई बड़े निवेशकों का समर्थन मिला है. फरवरी 2026 में कंपनी ने लगभग 160 से 170 मिलियन डॉलर की नई फंडिंग हासिल की थी, जिसका नेतृत्व अमेरिका आधारित फिडेलिटी और एक्सेल लीडर्स फंड ने किया था.
इस निवेश दौर में करीब 90 मिलियन डॉलर का प्राइमरी निवेश शामिल था, जबकि शेष राशि शुरुआती निवेशकों द्वारा शेयर बिक्री के माध्यम से आई थी. इस फंडिंग राउंड के बाद कंपनी का वैल्यूएशन लगभग 1.28 बिलियन डॉलर आंका गया था, जिससे Spinny भारत के यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स की सूची में अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखने में सफल रही.
रेवेन्यू बढ़ा, घाटा घटा
वित्त वर्ष 2025 कंपनी के लिए ऑपरेशनल स्तर पर बेहतर साबित हुआ. Spinny का ऑपरेशनल रेवेन्यू बढ़कर 4,656.83 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक वर्ष पहले 3,730.01 करोड़ रुपये था. वहीं, कंपनी का घाटा भी कम हुआ है. वित्त वर्ष 2024 में जहां घाटा 587.52 करोड़ रुपये था, वहीं वित्त वर्ष 2025 में यह घटकर 423.81 करोड़ रुपये रह गया. रेवेन्यू में मजबूत वृद्धि और घाटे में कमी यह संकेत देती है कि कंपनी धीरे-धीरे प्रॉफिटेबिलिटी की दिशा में आगे बढ़ रही है, जो IPO निवेशकों के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: ज्वेलरी सेक्टर का रिटर्न किंग! 3 साल में 20 गुना चढ़ा ये शेयर, 145% CAGR से बढ़ा प्रॉफिट; म्यूचुअल फंड का भी लगा पैसा
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
IPO से पहले Zepto बना दिग्गजों का पसंदीदा, तेंदुलकर से बच्चन परिवार तक कई सुपरस्टार का लगा दांव, जानें डिटेल
पहले ही दिन निवेशकों ने लपका Susan Electricals India IPO! 5.76 गुना हुआ सब्सक्राइब; GMP में 31% की तेजी
₹700 करोड़ के IPO की तैयारी में है कंपनी, अब ONGC से मिला ₹2000 करोड़ का ऑर्डर; रखें नजर
