मई में एक साल के निचले स्तर पर इक्विटी म्यूचुअल फंडों में निवेश, अप्रैल के मुकाबले 22 फीसदी की गिरावट
मई 2025 में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश में भारी गिरावट देखी गई है. हालांकि मार्च 2021 से अब तक लगातार 51 महीनों से ओपन-एंडेड इक्विटी फंड्स में पॉजिटिव नेट इनफ्लो बना हुआ है, जो निवेशकों के पॉजिटिव सेंटीमेंट को दिखाता है. इन सबके बावजूद म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) मई में पहली बार 72.20 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया, जो अप्रैल में 69.99 लाख करोड़ रुपये था.
मई 2025 में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश में भारी गिरावट देखी गई है. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के डेटा के मुताबिक, इस दौरान इक्विटी फंड्स में कुल नेट इनफ्लो 19,013 करोड़ रुपये रहा, जो अप्रैल की तुलना में 21.66 फीसदी कम है. यह पिछले एक साल का सबसे निचला स्तर है.
बाजार में तेजी के बावजूद निवेश सुस्त
मई में शेयर बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिली. BSE सेंसेक्स 1.51 फीसदी और NSE निफ्टी 50 में 1.71 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई. इसके बावजूद म्यूचुअल फंड्स में निवेशकों का जोश ठंडा रहा.
फंड कैटेगरी का प्रदर्शन
लार्ज कैप फंड्स में निवेश 53.19 फीसदी गिरकर 1,250 करोड़ रुपये रह गया. स्मॉल कैप फंड्स में भी 19.64 फीसदी की गिरावट रही और 3,214 करोड़ रुपये का निवेश हुआ. मिडकैप फंड्स में 2,808 करोड़ रुपये का निवेश आया जो 15.25 फीसदी कम था. हालांकि मल्टीकैप फंड्स में 17.54 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 2,999 करोड़ रुपये का निवेश हुआ. फ्लेक्सीकैप फंड्स में 30.68 फीसदी गिरावट रही.
Category | Feb 2025 | Mar 2025 | Apr 2025 | May 2025 |
---|---|---|---|---|
Multi Cap Fund | 2,518 | 2,753 | 2,552 | 2,999 |
Large Cap Fund | 2,866 | 2,479 | 2,671 | 1,250 |
Large & Mid Cap Fund | 2,656 | 2,718 | 2,552 | 2,691 |
Mid Cap Fund | 3,407 | 3,439 | 3,314 | 2,809 |
Small Cap Fund | 3,722 | 4,092 | 4,000 | 3,214 |
Dividend Yield Fund | 69 | 141 | 51 | -21 |
Value Fund/Contra Fund | 1,347 | 1,553 | 1,073 | -92 |
Focused Fund | 1,288 | 1,386 | 885 | 947 |
Sectoral/Thematic Funds | 5,712 | 170 | 2,001 | 2,052 |
ELSS | 615 | 735 | -372 | -678 |
Flexi Cap Fund | 5,104 | 5,615 | 5,542 | 3,841 |
Total | 29,303 | 25,082 | 24,269 | 19,013 |
डेट फंड्स से बड़ी निकासी
फिक्स्ड इनकम या डेट फंड्स से मई में 15,908 करोड़ रुपये की नेट निकासी हुई. लिक्विड फंड्स से 40,205 करोड़ रुपये और ओवरनाइट फंड्स से 8,120 करोड़ रुपये निकाले गए. हालांकि, कॉरपोरेट बॉन्ड फंड्स में 11,983 करोड़ रुपये और मनी मार्केट फंड्स में 11,223 करोड़ रुपये का निवेश देखा गया.
AUM में रिकॉर्ड बढ़त
इन सबके बावजूद म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) मई में पहली बार 72.20 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया, जो अप्रैल में 69.99 लाख करोड़ रुपये था.
51 महीने से ओपन-एंडेड इक्विटी फंड्स में लगातार निवेश
मार्च 2021 से अब तक लगातार 51 महीनों से ओपन-एंडेड इक्विटी फंड्स में पॉजिटिव नेट इनफ्लो बना हुआ है, जो निवेशकों के पॉजिटिव सेंटीमेंट को दिखाता है.
मोतीलाल ओसवाल AMC की इस पर राय
मोतीलाल ओसवाल AMC के श्री अखिल चतुर्वेदी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और चीफ बिजनेस ऑफिसर ने कहा कि मई 2025 में इक्विटी नेट सेल्स में 22 फीसदी की तेज गिरावट देखी गई, जिसकी मुख्य वजह 5,000 करोड़ रुपये की ज्यादा रिडेम्प्शन यानी निकासी रही, जो अप्रैल की तुलना में ज्यादा थी. इसकी एक वजह महीने की शुरुआत में युद्ध जैसे हालात हो सकते हैं. इस नाते निवेशकों का रुझान थोड़ा सतर्क रहा. हालांकि, SIO के जरिए निवेश के आंकड़े 26,000 करोड़ रुपये से ऊपर हैं, जो काफी पॉजिटिव साइन है. इसका मतलब यह है कि निवेशक अब एकमुश्त की बजाय SIP को प्राथमिकता दे रहे हैं.