म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए खुशखबरी! जुलाई में लॉन्च हुए कई नए फंड्स, गोल्ड से लेकर मिडकैप तक में मिलेगा निवेश का मौका

जुलाई 2026 की शुरुआत के साथ निवेशकों के लिए कई नए Mutual Fund NFO लॉन्च किए गए हैं. Axis Mutual Fund, Motilal Oswal Mutual Fund, Mirae Asset Mutual Fund और GIFT City से Physical Gold Fund समेत कई नई योजनाएं बाजार में आई हैं.

म्यूचुअल फंड Image Credit: AI/CANVA

New Mutual Fund NFO: जुलाई की शुरुआत के साथ ही म्यूचुअल फंड उद्योग में नए निवेश विकल्पों की बाढ़ आ गई है. कई प्रमुख एसेट मैनेजमेंट कंपनियों ने निवेशकों के लिए नए पैसिव फंड्स, ईटीएफ, फंड ऑफ फंड और फिजिकल गोल्ड फंड लॉन्च किए हैं. इन नई योजनाओं का उद्देश्य निवेशकों को कम लागत वाले इंडेक्स आधारित निवेश और गोल्ड जैसे वैकल्पिक एसेट में निवेश का अवसर उपलब्ध कराना है. इन लॉन्च में एक्सिस म्यूचुअल फंड, मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, मिराए एसेट म्यूचुअल फंड और गिफ्ट सिटी स्थित अर्था भारत इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स आईएफएससी एलएलपी की नई योजनाएं शामिल हैं.

गिफ्ट सिटी से आया फिजिकल गोल्ड फंड

अर्था भारत इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स आईएफएससी एलएलपी ने अर्था भारत फिनमेट फिजिकल गोल्ड फंड लॉन्च किया है. यह इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी के नए नियम लागू होने के बाद गिफ्ट सिटी से शुरू होने वाले शुरुआती फिजिकल कमोडिटी इन्वेस्टमेंट फंड्स में से एक है. जनवरी 2026 से लागू नए नियामकीय प्रावधानों के तहत कमोडिटी ट्रेडिंग को वित्तीय प्रोडक्ट की श्रेणी में शामिल किया गया है. इसी बदलाव के बाद यह फंड लॉन्च किया गया है.

इस योजना के तहत फंड की कम से कम 95 फीसदी राशि लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन मानक वाले गोल्ड बार में निवेश की जाएगी, जिनकी खरीद इंडिया इंटरनेशनल बुलियन एक्सचेंज के माध्यम से होगी. निवेशकों को जरूरत पड़ने पर यूनिट्स को नकद के अलावा भौतिक गोल्ड के रूप में भी रिडीम करने का विकल्प मिलेगा. इस गोल्ड को इंडिया इंटरनेशनल डिपॉजिटरी आईएफएससी के सुरक्षित और बीमित वॉल्ट में रखा जाएगा.

एक्सिस म्यूचुअल फंड ने लॉन्च किया इक्वल वेट इंडेक्स फंड

एक्सिस म्यूचुअल फंड ने एक्सिस निफ्टी50 इक्वल वेट इंडेक्स फंड का न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) लॉन्च किया है. यह एक ओपन-एंडेड पैसिव स्कीम है, जो निफ्टी50 इक्वल वेट टोटल रिटर्न इंडेक्स (टीआरआई) को ट्रैक करेगी. इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें निफ्टी50 की सभी 50 कंपनियों में समान निवेश किया जाएगा. इससे किसी एक बड़ी कंपनी पर अत्यधिक निर्भरता कम होगी और पोर्टफोलियो अधिक संतुलित रहेगा. इस एनएफओ की शुरुआत 3 जुलाई से हुई है और यह 17 जुलाई तक खुला रहेगा. न्यूनतम निवेश राशि 100 रुपये तय की गई है.

मोतीलाल ओसवाल का नया मोमेंटम इंडेक्स फंड

मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड ने मोतीलाल ओसवाल बीएसई मिडकैप 150 मोमेंटम 30 इंडेक्स फंड लॉन्च किया है. यह भी एक ओपन-एंडेड पैसिव फंड है, जो बीएसई मिडकैप 150 मोमेंटम 30 इंडेक्स को ट्रैक करेगा. इस फंड में बीएसई मिडकैप 150 इंडेक्स की 30 ऐसी कंपनियों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने पिछले 12 महीनों में मजबूत मोमेंटम दिखाया है.

पोर्टफोलियो की समीक्षा और रीबैलेंसिंग हर तीन महीने में होगी. फंड हाउस के अनुसार, 29 मई 2026 तक इस इंडेक्स ने पिछले पांच वर्षों में 30.46 फीसदी की सीएजीआर दी है, जबकि इसी अवधि में बीएसई मिडकैप 150 टीआरआई ने 18.31 फीसदी और निफ्टी50 टीआरआई ने 9.88 फीसदी का रिटर्न दिया. इस योजना में न्यूनतम निवेश 500 रुपये से किया जा सकता है. एनएफओ 17 जुलाई तक खुला रहेगा.

मिराए एसेट लेकर आया ईटीएफ और एफओएफ

मिराए एसेट म्यूचुअल फंड ने भी बीएसई मिडकैप 150 मोमेंटम 30 इंडेक्स पर आधारित दो नई योजनाएं लॉन्च की हैं. इनमें एक ईटीएफ और दूसरा फंड ऑफ फंड (एफओएफ) शामिल है. ईटीएफ का एनएफओ 6 जुलाई से 13 जुलाई तक खुला रहेगा, जबकि एफओएफ में निवेश का अवसर 20 जुलाई तक मिलेगा.

ईटीएफ सीधे इंडेक्स को ट्रैक करेगा, जबकि एफओएफ मुख्य रूप से उसी ईटीएफ की यूनिट्स में निवेश करेगा. इससे उन निवेशकों को भी इस रणनीति का लाभ मिलेगा, जो सीधे शेयर बाजार में ईटीएफ की खरीद-बिक्री नहीं करना चाहते.

यह भी पढ़ें: ₹1.25 लाख करोड़ का सेमिकंडक्टर मिशन, इन 2 शेयरों को मिल सकता है फायदा; क्या आपके पोर्टफोलियो में हैं ये स्टॉक

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.