2026 में स्मॉल कैप फंड्स का जलवा! 14% तक दिया रिटर्न; लार्ज-कैप फंड्स रह गए पीछे
साल 2026 में स्मॉल कैप म्यूचुअल फंड्स ने निवेशकों को शानदार रिटर्न देकर सबका ध्यान खींचा है. Bank of India Smallcap Fund ने 14.44 फीसदी रिटर्न के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि TRUST MF Smallcap Fund और Union Smallcap Fund भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले फंड्स में शामिल रहे.
Small-Cap Funds: साल 2026 में जहां लार्ज-कैप शेयरों और उनसे जुड़े फंड्स पर बाजार की अनिश्चितताओं का असर देखने को मिला है, वहीं स्मॉल कैप म्यूचुअल फंड्स ने निवेशकों को शानदार रिटर्न देकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है. पश्चिम एशिया में जारी तनाव, कमजोर रुपये, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और कॉर्पोरेट अर्निंग्स में संभावित सुस्ती जैसी चुनौतियों के बावजूद स्मॉल कैप फंड्स ने मजबूत प्रदर्शन किया है. कई फंड्स ने इस वर्ष अब तक 14 फीसदी तक का रिटर्न दिया है, जिससे निवेशकों का भरोसा इस कैटेगरी में और मजबूत हुआ है.
अप्रैल में 18 फीसदी की तेजी
बाजार के आंकड़ों के अनुसार, Nifty Smallcap 100 Index ने 2026 में अब तक 2.46 फीसदी की बढ़त दर्ज की है. यह लगातार तीसरा महीना है, जब इंडेक्स सकारात्मक दायरे में बना हुआ है. अप्रैल महीना स्मॉल कैप शेयरों के लिए सबसे बेहतर साबित हुआ, जब इंडेक्स में 18 फीसदी की तेजी देखने को मिली. इसके बाद मई में इंडेक्स 0.73 फीसदी बढ़ा, जबकि जून में भी अब तक हल्की सकारात्मक बढ़त बनी हुई है.
स्मॉल कैप फंड्स में रिकॉर्ड निवेश
Association of Mutual Funds in India (AMFI) के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2026 में स्मॉल कैप फंड्स में 6,562 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड निवेश आया. इसके विपरीत लार्ज-कैप फंड्स में निवेश का आकर्षण कम होता दिखा और इनमें आने वाला निवेश 15.3 फीसदी घटकर 2,525 करोड़ रुपये रह गया. निवेशक अब बड़े शेयरों की तुलना में अधिक ग्रोथ पोटेंशियल वाले स्मॉल कैप और मिड कैप शेयरों की तलाश कर रहे हैं. यही वजह है कि इस श्रेणी के फंड्स में निवेश लगातार बढ़ रहा है.
Bank of India Smallcap Fund बना सबसे बड़ा विजेता
रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में अब तक के प्रदर्शन की बात करें तो Bank of India Smallcap Fund सबसे आगे रहा है. इस फंड ने 2 जून 2026 तक 14.44 फीसदी का रिटर्न दिया है. फंड का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 2,000 करोड़ रुपये से अधिक है. पिछले 1 वर्ष में इस फंड ने 12 फीसदी, 3 वर्षों में 80 फीसदी और 5 वर्षों में 141 फीसदी का रिटर्न दिया है. दूसरे स्थान पर TRUST MF Smallcap Fund रहा, जिसने 12.6 फीसदी का रिटर्न दिया. यह अपेक्षाकृत नया फंड है और पिछले 1 वर्ष में लगभग 19.9 फीसदी की बढ़त दर्ज कर चुका है.
Union और Motilal Oswal के फंड्स भी चमके
Union Smallcap Fund ने इस वर्ष अब तक 8.97 फीसदी का रिटर्न दिया है. फंड का AUM करीब 1,980 करोड़ रुपये है. वहीं Motilal Oswal Smallcap Fund ने 8.4 फीसदी का रिटर्न दिया है. इस Fund का AUM 6,200 करोड़ रुपये से अधिक है और यह हाल के वर्षों में निवेशकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ है.
JM Smallcap Fund ने भी 7.3 फीसदी का रिटर्न दिया है. इसके अलावा Aditya Birla SL Smallcap Fund (7.3 फीसदी), LIC MF Smallcap Fund (6.7 फीसदी), ITI Smallcap Fund (6.4 फीसदी), DSP Smallcap Fund (5.8 फीसदी) और Quant Smallcap Fund (5.47 फीसदी) भी शीर्ष प्रदर्शन करने वाले Funds की सूची में शामिल हैं.
निवेशकों को क्या रखना चाहिए ध्यान
हालांकि स्मॉल कैप फंड्स ने इस वर्ष बेहतर प्रदर्शन किया है, लेकिन विशेषज्ञ निवेशकों को सावधानी बरतने की सलाह देते हैं. स्मॉल कैप शेयरों में उतार-चढ़ाव लार्ज-कैप शेयरों की तुलना में अधिक होता है. ऐसे में निवेशकों को केवल हालिया रिटर्न देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए.
निवेश से पहले फंड का ट्रैक रिकॉर्ड, पोर्टफोलियो, रिस्क लेवल, फंड मैनेजर की रणनीति और निवेश अवधि जैसे पहलुओं का मूल्यांकन करना जरूरी है. लंबी अवधि के निवेशकों के लिए स्मॉल कैप फंड्स ज्यादा रिटर्न का अवसर दे सकते हैं, लेकिन इनके साथ जोखिम भी अधिक होता है.
यह भी पढ़ें: 1 मिनट के माइक्रो ड्रामा ने बना दिया यूनिकॉर्न! अब कंपनी ला रही IPO, ₹15000 करोड़ वैल्यूएशन पर नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
बाजार में डर, लेकिन इन म्युचुअल फंड्स ने बढ़ाई दौलत! ये 3 वैल्यू फंड 5 साल में बने रिटर्न के सुपरस्टार
इन 7 Small Cap Funds ने 5 साल में दिखाई लगातार शानदार परफॉर्मेंस, जानें लिस्ट का स्टार फंड कौन?
₹1 करोड़ का फंड बनाना है? जानें 5, 10 और 20 साल में कितना करना होगा SIP, समय ऐसे बदल देगा पूरा गणित
