फ्री एयरपोर्ट लाउंज का खेल खत्म! अप्रैल से बदल जाएंगे डेबिट-क्रेडिट कार्ड के नियम, बिना खर्च नहीं मिलेगी एंट्री

अप्रैल 2026 से एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस के नियम बदलेंगे. RuPay और क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए खर्च आधारित नई शर्तें लागू होंगी. ऐसे में अगर आप ट्रैवल करते हैं, तो आपको अपने कार्ड के नए नियम जरूर जान लेने चाहिए.

Credit card Image Credit: Money9 live

Credit-Debit card Rule change: अगर आप एयरपोर्ट लाउंज में फ्री एंट्री का फायदा अपने डेबिट या क्रेडिट कार्ड से लेते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. अप्रैल 2026 से कई बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जो सीधे आपके इस फायदे को प्रभावित करेंगे. अब पहले की तरह हर कार्ड पर फ्री लाउंज एक्सेस नहीं मिलेगा. कुछ कार्ड्स पर यह सुविधा पूरी तरह बंद हो रही है, तो कुछ में इसके लिए खर्च की शर्त जोड़ दी गई है.

दरअसल, बैंकों और कार्ड नेटवर्क्स पर लाउंज इस्तेमाल का खर्च तेजी से बढ़ा है. इसी वजह से अब वे इस सुविधा को सीमित कर रहे हैं. खासकर NPCI ने RuPay कार्ड्स के लिए नए नियम लागू किए हैं. वहीं कुछ बैंक अपने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड सिस्टम में भी बदलाव कर रहे हैं. ऐसे में अगर आप ट्रैवल करते हैं, तो आपको अपने कार्ड के नए नियम जरूर जान लेने चाहिए.

RuPay Platinum डेबिट कार्ड पर खत्म होगी फ्री एंट्री

NPCI के नए नियम के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से RuPay Platinum डेबिट कार्ड पर मिलने वाली फ्री एयरपोर्ट लाउंज सुविधा पूरी तरह बंद हो जाएगी. इसका मतलब है कि इस कार्ड से अब न तो घरेलू और न ही अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाउंज में एंट्री मिलेगी. Punjab National Bank, HDFC Bank, Punjab & Sind Bank और ESAF Small Finance Bank जैसे कई बैंकों ने अपने ग्राहकों को इस बदलाव की जानकारी दे दी है.

RuPay Select कार्ड पर खर्च करने पर ही मिलेगा फायदा

RuPay Select डेबिट कार्ड रखने वालों के लिए लाउंज सुविधा जारी रहेगी, लेकिन अब यह खर्च पर आधारित होगी. यानी आपको पहले एक तय रकम खर्च करनी होगी, तभी अगले समय में लाउंज एक्सेस मिलेगा. उदाहरण के तौर पर, अगर कोई ग्राहक एक तिमाही में कम से कम 5000 रुपये खर्च करता है, तो उसे अगली तिमाही में लाउंज एक्सेस मिल सकता है. यानी पहले खर्च करें, फिर फायदा पाएं.

क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए भी बदल रहे नियम

Axis Bank ने Airtel Axis Bank Credit Card पर मिलने वाली 4 फ्री घरेलू लाउंज विजिट को 12 अप्रैल 2026 से बंद करने का फैसला किया है. इसके साथ ही कार्ड के रिवॉर्ड सिस्टम में भी बदलाव किया जा रहा है. हालांकि Airtel पेमेंट पर मिलने वाला 25% और यूटिलिटी पेमेंट पर 10% कैशबैक जारी रहेगा, लेकिन अब इसकी लिमिट आपके बाकी खर्च पर मिलने वाले बेस कैशबैक से जुड़ी होगी.

फूड और शॉपिंग ऑफर्स में भी बदलाव

अब Swiggy, Zomato और BigBasket पर मिलने वाला 10% कैशबैक बंद होगा. इसके बदले Zomato, Blinkit और District Movies पर 10% वैल्यू बैक मिलेगा, जो सीधे वॉलेट में आएगा. हर महीने इसकी लिमिट 200 रुपये होगी और कुछ शर्तें भी लागू होंगी.

क्या करें कार्ड यूजर्स

अगर आपके पास RuPay Platinum कार्ड है, तो समझ लें कि 31 मार्च 2026 के बाद लाउंज एक्सेस नहीं मिलेगा. वहीं RuPay Select यूजर्स को अपने खर्च पर ध्यान देना होगा. क्रेडिट कार्ड यूजर्स को भी अपने कार्ड के नए नियम जरूर चेक करने चाहिए. सही जानकारी होने से आप अपने फायदे को बेहतर तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं और किसी परेशानी से बच सकते हैं.

ये भी पढ़ें: 50% तक गिर चुके इन दो स्टॉक्स पर मुकुल अग्रवाल का बड़ा दांव, 2.9% तक बढ़ाई हिस्सेदारी; क्या आने वाला है बड़ा टर्नअराउंड?