50% तक गिर चुके इन दो स्टॉक्स पर मुकुल अग्रवाल का बड़ा दांव, 2.9% तक बढ़ाई हिस्सेदारी; क्या आने वाला है बड़ा टर्नअराउंड?

25 से 50 फीसदी गिरावट के बाद भी दिग्गज निवेशक Mukul Agrawal ने Allcargo Logistics और Sirca Paints में दोबारा खरीदी हिस्सेदारी. ऐसे में आइए विस्तार से जानते है कि क्या FY27 में आएगा बड़ा टर्नअराउंड?

Mukul Agrawal Image Credit: Canva/ Money9

Mukul Agrawal: शेयर बाजार में बड़े निवेशकों की हर चाल पर लोगों की नजर रहती है. खासकर जब बात दिग्गज निवेशक मुकुल अग्रवाल की हो, जिन्हें कई लोग भारत का वॉरेन बफेट भी कहते हैं. हाल ही में उन्होंने दो छोटे शेयरों में फिर से एंट्री की है, जिनकी कीमत पिछले कुछ महीनों में बुरी तरह गिर चुकी है. दिलचस्प बात यह है कि इन दोनों कंपनियों में उन्होंने पहले अपनी हिस्सेदारी बेच दी थी, लेकिन अब फिर से खरीदारी की है.

इन दोनों शेयरों में एक लॉजिस्टिक्स सेक्टर की कंपनी है और दूसरी पेंट बनाने वाली कंपनी. दोनों के शेयर हाल के महीनों में 25% से 50% तक गिर चुके हैं. इसके बावजूद मुकुल अग्रवाल का दोबारा निवेश करना बाजार में चर्चा का विषय बन गया है. सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह FY27 के लिए किसी बड़े टर्नअराउंड की तैयारी है.

ऑलकार्गो लॉजिस्टिक्स

ऑलकार्गो लॉजिस्टिक्स एक बड़ी लॉजिस्टिक्स कंपनी है, जो कंटेनर ट्रांसपोर्ट, वेयरहाउसिंग और सप्लाई चेन से जुड़ी सर्विसेज देती है. कंपनी की शुरुआत 1993 में हुई थी और यह निजी क्षेत्र की बड़ी लॉजिस्टिक्स कंपनियों में गिनी जाती है. मुकुल अग्रवाल ने इस कंपनी में पहले 2021 से निवेश किया था. लेकिन दिसंबर 2024 में उन्होंने अपनी करीब 1% हिस्सेदारी बेच दी. अब दिसंबर 2025 तिमाही में उन्होंने फिर से इस कंपनी में 2.9% हिस्सेदारी खरीद ली, जिसकी कीमत करीब 33 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

हालांकि कंपनी का शेयर पिछले 6 महीनों में लगभग 50% गिर चुका है. जनवरी 2024 में यह करीब 34 रुपये तक गया था, लेकिन मार्च 2026 में यह करीब 8 रुपये पर आ गया. कंपनी ने हाल ही में डीमर्जर किया है, जिसकी वजह से मुनाफा कमजोर दिख रहा है. लेकिन बिक्री में पिछले कुछ सालों में अच्छी बढ़ोतरी हुई है. माना जा रहा है कि डीमर्जर के बाद कंपनी भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है.

सिरका पेंट्स

दूसरी कंपनी है सिरका पेंट्स इंडिया. यह कंपनी लकड़ी पर इस्तेमाल होने वाले कोटिंग्स और सजावटी पेंट बनाती है. यह खासकर प्रीमियम वुड कोटिंग सेगमेंट में मजबूत ब्रांड मानी जाती है. मुकुल अग्रवाल की पत्नी आशा अग्रवाल के पास इस कंपनी के शेयर पहले से थे. लेकिन सितंबर 2025 तक उनकी हिस्सेदारी काफी कम हो गई थी. इसके बाद दिसंबर 2025 में उन्होंने फिर से 2.5% हिस्सेदारी खरीद ली, जिसकी कीमत करीब 59 करोड़ रुपये है.

सिरका पेंट्स की बिक्री पिछले पांच साल में तेजी से बढ़ी है. कंपनी ने हाल ही में वेम्बली ब्रांड का अधिग्रहण भी किया है, जिससे उसके कारोबार को देशभर में बढ़ाने में मदद मिल सकती है. हालांकि हाल के महीनों में इस शेयर में करीब 25% की गिरावट आई है. इसकी वजह तिमाही बिक्री में गिरावट और दिल्ली-एनसीआर में निर्माण पर लगे मौसमी प्रतिबंध माने जा रहे हैं.

डेटा सोर्स: Trendlyne, FE

यह भी पढ़ें: 17 मार्च को Tata Motors, RVNL, RIL समेत इन शेयरों पर रहेगी बाजार की नजर, खबरों के चलते दिखेगा एक्शन!

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.