अब 10 मिनट में घर बैठे मिलेंगे सोने-चांदी के सिक्के, ऐसे करें खरीदारी
अब ग्रॉसरी की तरह सोने-चांदी के सिक्कों की भी डिलीवरी महज 10 मिनट में होगी. इसके लिए बिगबास्केट ने पॉपुलर ज्वेलरी ब्रांड तनिष्क से हाथ मिलाया है.
धनतेरस पर सोने-चांदी की होने वाली बंपर बिक्री को ध्यान में रखते हुए टाटा ग्रुप के बिगबास्केट ने पॉपुलर ज्वेलरी ब्रांड तनिष्क से हाथ मिलाया है. ऐसे में अब ग्रॉसरी की तरह सोने-चांदी के सिक्कों की भी डिलीवरी महज 10 मिनट में होगी. ग्राहक घर बैठे ऑनलाइन इसे आसानी से ऑर्डर कर सकते हैं. यह जानकारी खुद दोनों कंपनियों की ओर से साझा की गई.
धनतेरस के लिए शुरू की गई इस स्पेशल स्कीम के तहत ग्राहक बिगबास्केट के माध्यम से तनिष्क के लक्ष्मी गणेश की फोटो वाले चांदी के सिक्के (999.9 शुद्धता, 10 ग्राम), 1 ग्राम का 22 कैरेट गोल्ड सिक्का, 22 कैरेट गोल्ड सिक्का लक्ष्मी मोटिफ (1 ग्राम) ऑर्डर कर सकते हैं. इसकी डिलीवरी महज 10 मिनट में होगी.
ग्राहकों काे होगी सहूलियत
बिगबास्केट के चीफ बाइंग एंड मर्चेंडाइजिंग ऑफिसर शेषु कुमार का कहना है कि टाटा इकोसिस्टम के साथ साझेदारी और खास तौर पर तनिष्क के साथ सहयोग बहुत ही दिलचस्प है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सहयोग से कंपनी के ग्राहकों को विशेष सुविधा मिलेगी, इससे उनके बिजनेस का विस्तार होगा. साथ ही लोगों को सहूलियत होगी. वे घर बैठे खाने-पीने और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान समेत अब सोने और चांदी के सिक्के भी खरीद सकते हैं.
कैसे करें खरीदारी
- ऑनलाइन गोल्ड और सिल्वर कॉइन खरीदने के लिए बिग बास्केट के ऐप पर जाना होगा.
- इसके लिए प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से बिग बास्केट का ऐप डाउनलोड करें.
- लॉगिन करें और ऐप में मौजूद मेन्यू में जाकर गोल्ड और सिल्वर कॉइन सिलेक्ट करें
- अब बाय पर क्लिक करें और जिस एड्रेस पर सिक्का मंगाना हो वो भरें.
- इसके लिए भुगतान ऑनलाइन करना होगा.
- आप चाहे तो वेबसाइट से भी ऑर्डर कर सकते हैं.
- सिक्कों की कीमत का विवरण जल्द ही कंपनी अपडेट करेगी.
तनिष्क के चीफ मार्केटिंग अधिकारी पेल्की शेरिंग ने कहा वे बेहतरीन सोने और चांदी के सिक्कों को सीधे ग्राहकों के घरों तक पहुंचाने के लिए बिगबास्केट के साथ साझेदारी करके रोमांचित हैं. उनका लक्ष्य लोगों के लिए त्योहार में खरीदारी को आसान बनाना है. धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषण खरीदना शुभ माना जाता है इसलिए यह पहल की गई है.
Latest Stories
ITR Filing AY 2026-27: TDS रिफंड पाना है आसान, जानिए कैसे करें क्लेम और कैसे चेक करें स्टेटस
HDFC ने महंगा कर दिया लोन, बढ़ जाएगी आपकी EMI; कर्ज लेने से पहले करें ये प्लानिंग
ITR भरने वालों के लिए अलर्ट, इन मामलों में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट कर सकता है जांच, जारी की नई गाइडलाइन
