FD या Debt Fund: कहां मिलेगा ज्यादा रिटर्न और कम टैक्स? जानें निवेश का सही उस्ताद कौन
FD और डेट फंड के बीच चुनाव करना निवेशकों के लिए आसान नहीं है. जहां FD सुरक्षा देता है, वहीं डेब्ट फंड बेहतर लिक्विडिटी और टैक्स लाभ दे सकते हैं. एक्सपर्ट्स के अनुसार सही विकल्प आपके निवेश अवधि, टैक्स स्लैब और फाइनेंशियल लक्ष्यों पर निर्भर करता है.

शेयर बाजार की मौजूदा हलचल और बैंकों द्वारा फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की दरों में की गई बढ़ोतरी ने आम निवेशकों को एक बड़े असमंजस में डाल दिया है. जहां एक तरफ सुरक्षित रिटर्न का भरोसा है, वहीं दूसरी तरफ बाजार की अस्थिरता. ऐसे में सवाल यह है कि क्या आपको अपना सरप्लस पैसा FD में डाल देना चाहिए या डेट फंड्स (Debt Funds) पर भरोसा जताना चाहिए? बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सही चुनाव आपके टैक्स स्लैब और निवेश की अवधि पर निर्भर करता है.
लॉन्ग टर्म टारगेट का विजन
अगर आप 30 से 35 वर्ष की आयु वर्ग में हैं और आपका टारगेट अगले 15-20 साल के लिए वेल्थ क्रिएशन है, तो बाजार की छोटी अवधि की उठापटक आपके लिए मायने नहीं रखनी चाहिए.
लंबी अवधि के लिए 70% से 80% तक इक्विटी एलोकेशन को सही माना जाता है. ऐतिहासिक रूप से शेयर बाजार ने लंबी अवधि में 12-14% का औसत रिटर्न दिया है. FD के बढ़ते रेट्स आपको आकर्षित जरूर कर सकते हैं, लेकिन वे महंगाई को मात देने वाले ‘कंपाउंडिंग रिटर्न’ की बराबरी नहीं कर सकते.
क्या FD ही सबसे सुरक्षित है?
अक्सर निवेशक सुरक्षा के नाम पर केवल FD को ही अंतिम विकल्प मान लेते हैं, लेकिन रिटर्न और जरूरत के समय पैसा निकालने की आजादी (Liquidity) के मामले में डेट फंड्स भी कम नहीं हैं.
- पेनल्टी का झंझट नहीं: FD को मैच्योरिटी से पहले तोड़ने पर आपको ब्याज में कटौती या भारी पेनल्टी झेलनी पड़ती है. इसके विपरीत, डेट फंड्स (खासकर लिक्विड या आर्बिट्राज फंड्स) अधिक फ्लेक्सिबल होते हैं, जो इन्हें लिक्विडिटी के मामले में ‘उस्ताद’ बनाता है.
- टैक्स के बाद की असली कमाई: अगर आप 20% या उससे ऊपर के टैक्स ब्रैकेट में आते हैं, तो FD से होने वाली कमाई पर आपको भारी टैक्स देना पड़ता है. ऐसे में आर्बिट्राज फंड्स बेहतर विकल्प हैं, क्योंकि इन पर इक्विटी जैसा टैक्स लगता है, जिससे आपके हाथ में आने वाला ‘नेट रिटर्न’ बढ़ जाता है.
कैसे बनाएं एक मजबूत पोर्टफोलियो?
एक्सपर्ट्स के अनुसार, एक आदर्श पोर्टफोलियो वह है जो अलग-अलग एसेट क्लास में बंटा हो:
- डायवर्सिफाइड फंड्स: केवल किसी एक सेक्टर के भरोसे न रहें. मल्टीकैप और फ्लेक्सीकैप फंड्स में निवेश करें जो हर तरह की कंपनियों में पैसा लगाते हैं.
- सही बैलेंस: पोर्टफोलियो में लगभग 45% हिस्सा मिड और स्मॉल कैप का होना चाहिए, जो लंबे समय में ग्रोथ की रफ्तार बढ़ाते हैं.
- सुरक्षित विकल्प: मार्केट एक्सपर्ट का मानना है, अगर आपको पैसा केवल 6 महीने या 1 साल के लिए रखना है, तभी 8% वाली शॉर्ट-टर्म FD या लिक्विड फंड्स का चुनाव करें.
यह भी पढ़ें: 3 महीने में 2 लाख टूटी चांदी, 2025 के लेवल पर आई, क्या खरीदारी का यही है समय….क्या बता रहे हैं एक्सपर्ट?
निवेश का फैसला केवल बढ़ते ब्याज को देखकर न लें. अपनी जरूरतों और टैक्स देनदारी को समझें. अनुशासन और सही एसेट एलोकेशन ही आपको आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने का सबसे कारगर रास्ता है.
क्या है Debt Fund और FD में फर्क
डेट (Debt) फंड एक तरह का म्यूचुअल फंड है जो आपका पैसा सरकार और कंपनियों को उधार (जैसे बॉन्ड और डिबेंचर में) देकर ब्याज कमाता है.
बैंक एफडी में आपको एक फिक्स्ड गारंटीड रिटर्न मिलता है, जबकि डेट फंड का रिटर्न मार्केट की ब्याज दरों के हिसाब से घटता-बढ़ता रहता है. सबसे बड़ा फर्क लिक्विडिटी का है.