31 जुलाई से पहले भरें ITR, अब तक 1.7 करोड़ से ज्यादा लोगों ने किया इनकम रिटर्न फाइल, जानें डिटेल

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अनुसार आकलन वर्ष 2026 27 के लिए अब तक 1.7 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न दाखिल किए जा चुके हैं. केवल शुक्रवार को 10 लाख से ज्यादा ITR फाइल हुए. ITR 1 और ITR 2 दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई है. विभाग ने टैक्सपेयर्स से समय रहते रिटर्न दाखिल करने की अपील की है

आकलन वर्ष 2026-27 के लिए अब तक 1.7 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न दाखिल किए जा चुके हैं. Image Credit: FreePik

ITR Filing: आकलन वर्ष 2026-27 के लिए अब तक 1.7 करोड़ से अधिक इनकम टैक्स रिटर्न फाइल किए जा चुके हैं. केवल शुक्रवार को ही 10 लाख से ज्यादा लोगों ने अपना रिटर्न फाइल किया. जिन टैक्सपेयर्स को ITR 1 और ITR 2 भरना है, उनके लिए अंतिम तारीख 31 जुलाई है. विभाग ने समय रहते रिटर्न दाखिल करने की अपील की है ताकि आखिरी समय की परेशानी से बचा जा सके. समय पर रिटर्न दाखिल करने से रिफंड प्रोसेस भी तेजी से पूरी हो सकती है.

1.7 करोड़ से ज्यादा ITR हुए दाखिल

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि आकलन वर्ष 2026 27 के लिए 1.7 करोड़ से अधिक टैक्सपेयर अपना इनकम रिटर्न दाखिल कर चुके हैं. विभाग ने इसे टैक्सपेयर्स की बेहतर भागीदारी बताया है. शुक्रवार को अकेले 10 लाख से ज्यादा रिटर्न दाखिल किए गए. इससे साफ है कि अंतिम तारीख नजदीक आने के साथ फाइलिंग की रफ्तार तेज हो गई है.

31 जुलाई है अंतिम तारीख

वित्त वर्ष 2025-26 की इनकम के लिए ITR 1 और ITR 2 दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 है. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने टैक्सपेयर्स से अपील की है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें. समय पर रिटर्न दाखिल करने से तकनीकी दिक्कतों और सर्वर पर अधिक दबाव से बचा जा सकता है. साथ ही रिफंड मिलने में भी आसानी होती है.

कौन भर सकता है ITR 1

ITR 1 जिसे सहज फॉर्म भी कहा जाता है, छोटे और मध्यम टैक्सपेयर्स के लिए बनाया गया है. इसे वही व्यक्ति भर सकते हैं जिनकी सालाना इनकम 50 लाख रुपये तक है. उनकी इनकम सैलरी , एक मकान और 5000 रुपये तक की एग्रीकल्चर इनकम से होनी चाहिए. यह सबसे सरल आयकर रिटर्न फॉर्म माना जाता है.

किन लोगों के लिए है ITR 2

ITR 2 उन व्यक्तियों और हिंदू अविभाजित परिवारों के लिए है जिनकी इनकम व्यवसाय या पेशे से नहीं होती. हालांकि यदि किसी कैपिटल को कैपिटल गेन से इनकम हुई है तो उसे ITR 2 दाखिल करना होता है. इस फॉर्म का यूज ऐसे टैक्सपेयर करते हैं जिनकी इनकम का स्वरूप ITR 1 से अलग होता है.

यह भी पढ़ें- EPS 1995 vs EPS 2026: डिजिटल क्लेम से लेकर पेंशन तक, जानें क्या-क्या बदला; जानें नई स्कीम में क्या हुआ बदलाव

समय पर रिटर्न भरना क्यों जरूरी

समय पर आयकर रिटर्न दाखिल करने से कई फायदे मिलते हैं. इससे लेट फीस और अन्य परेशानियों से बचा जा सकता है. समय पर रिटर्न भरने वाले टैक्सपेयर्स को रिफंड जल्दी मिलने की संभावना रहती है. इसके अलावा भविष्य में लोन, वीजा और फाइनेंशियल डॉक्यूमेंट के लिए भी समय पर दाखिल किया गया ITR उपयोगी साबित होता है.