सरकार ने बंद किए 2.5 करोड़ आधार आईडी, कहीं आपका नाम भी तो नहीं! ऐसे चेक करें
सरकार ने मृत व्यक्तियों के नाम पर चल रहे 2.5 करोड़ से ज्यादा आधार आईडी को बंद कर दिया है. UIDAI का यह कदम पहचान से जुड़े फ्रॉड रोकने के लिए उठाया गया है. परिजन माई आधार पोर्टल के जरिए मृत सदस्य का आधार ऑनलाइन डीएक्टिवेट कर सकते हैं और उसका स्टेटस भी आसानी से जांच सकते हैं.
Aadhaar Card deactivate: आधार कार्ड आज देश में पहचान से लेकर बैंकिंग और निवेश तक का सबसे अहम दस्तावेज बन चुका है. ऐसे में अगर आधार से जुड़ी कोई भी गड़बड़ी हो जाए, तो परेशानी बढ़ सकती है. इसी कड़ी में सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 2.5 करोड़ से ज्यादा आधार आईडी को बंद कर दिया है. सवाल यह है कि कहीं आपकी या आपके परिवार के किसी सदस्य की आधार आईडी तो इसमें शामिल नहीं है.
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के मुताबिक, Unique Identification Authority of India यानी UIDAI ने अब तक 2.5 करोड़ से अधिक मृत व्यक्तियों के आधार नंबर को इनएक्टिव कर दिया है. यह कदम आधार डेटाबेस की शुद्धता बनाए रखने और पहचान से जुड़े संभावित फ्रॉड को रोकने के लिए उठाया गया है.
क्यों जरूरी है आधार डीएक्टिवेशन?
सरकार का कहना है कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसका आधार नंबर एक्टिव रहना जोखिम भरा हो सकता है. ऐसे आधार का गलत इस्तेमाल कर कोई भी व्यक्ति फर्जी तरीके से सरकारी योजनाओं या दूसरी सुविधाओं का लाभ उठा सकता है. इसी वजह से आधार को समय रहते बंद करना जरूरी माना गया है.
UIDAI ने शुरू की ऑनलाइन सुविधा
UIDAI ने 9 जून 2025 से ‘Reporting of Death of a Family Member’ नाम की ऑनलाइन सुविधा शुरू की है, जो myAadhaar पोर्टल पर उपलब्ध है. इसके जरिए परिवार के सदस्य घर बैठे मृत्यु की सूचना दे सकते हैं.
इसके लिए निम्न दस्तावेज जरूरी होते हैं: मृत व्यक्ति का आधार कार्ड, मृत्यु प्रमाण पत्र (Registrar से जारी), डॉक्टर का मेडिकल सर्टिफिकेट (यदि उपलब्ध हो), मृत व्यक्ति से संबंध साबित करने वाला दस्तावेज.
क्या है स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया
- सबसे पहले myaadhaar.uidai.gov.in पर जाएं.
- ‘Report death of a family member’ विकल्प चुनें.
- मृत व्यक्ति का 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें.
- ओटीपी के जरिए लॉग-इन करें.
- सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
- डीएक्टिवेशन रिक्वेस्ट सबमिट कर दें.
आधार की स्थिति कैसे जांचें
- myAadhaar पोर्टल पर जाकर ‘Check Aadhaar Status’ विकल्प चुनें.
- 12 अंकों का आधार नंबर और कैप्चा भरें.
- अगर स्टेटस में ‘Deactivated’ या ‘Inactive’ दिखे, तो आधार बंद हो चुका है.
- इसके अलावा, 27 अंकों के रिक्वेस्ट नंबर से भी स्टेटस चेक किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें- बजट के बाद बदली ITR फाइलिंग की डेडलाइन, FY27 में कब होगी आखिरी तारीख, कब तक भर पाएंगे रिवाइज्ड रिटर्न, कितनी लगेगी पेनाल्टी




