जन्म लेते ही बेटियों के लिए FD कर रही बिहार सरकार, जानें किसे मिलता है लाभ और कैसे करें आवेदन
आज बेटियां डिफेंस, सिविल सर्विस, स्पेस और खेल समेत हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं. उन्हें प्रोत्साहन और आर्थिक सुरक्षा देने के लिए सरकारें कई योजनाएं चला रही हैं. इन्हीं में बिहार सरकार की मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना भी शामिल है, जिसका उद्देश्य गरीब परिवारों की बेटियों का भविष्य सुरक्षित करना है.
Mukhyamantri Kanya Suraksha Yojana: आज के समय में बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं. डिफेंस हो, सिविल सेवा, अंतरिक्ष क्षेत्र या खेल जगत—हर जगह लड़कियां सफलता का परचम लहरा रही हैं. उन्हें आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई योजनाएं चला रही हैं. इन्हीं योजनाओं में एक महत्वपूर्ण योजना है मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना, जिसे बिहार सरकार द्वारा संचालित किया जा रहा है. इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की बेटियों को आर्थिक सहायता देना और उनके भविष्य को सुरक्षित करना है.
क्या है मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना?
बिहार सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना बीपीएल परिवारों की नवजात लड़कियो को आर्थिक सहायता देने के लिए है. इसका उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या रोकना, लिंग अनुपात में सुधार करना और बर्थ रजिस्ट्रेशन को बढ़ावा देना है.
योजना के तहत क्या मिलता है लाभ?
इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक लड़की के नाम पर ₹2,000 की राशि फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के रूप में जमा की जाती है. यह राशि भविष्य में लड़की के काम आती है. यदि किसी कारणवश लड़की की मृत्यु हो जाती है, तो जमा राशि वापस संबंधित विभाग को लौटा दी जाती है.
किन परिवारों को मिलेगा फायदा?
योजना का लाभ केवल बिहार के स्थायी निवासियों को मिलेगा.
लड़की का जन्म 22 नवंबर 2007 या उसके बाद होना चाहिए.
परिवार बीपीएल कैटेगरी में होना चाहिए.
एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां ही इस योजना का लाभ ले सकती हैं.
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक परिवार आवेदन पत्र महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार या नजदीकी सरकारी कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं. फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा. दस्तावेजों की जांच के बाद योग्य लाभार्थियों को सूचना दी जाती है.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
इस योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी के पास कुछ डॉक्यूमेंट्स होने चाहिए.
लड़की का जन्म प्रमाण पत्र
बीपीएल प्रमाण पत्र
माता-पिता का आधार कार्ड
बैंक अकाउंट डिटेल्स
