नार्थ ईस्ट में तेजी से बढ़ रहा रियल एस्टेट मार्केट, ये 6 शहर बने नए हॉटस्पॉट; देखें लिस्ट

नार्थ ईस्ट में रियल एस्टेट बाजार तेजी से बढ़ रहा है. बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और बढ़ती शहरी मांग के चलते Guwahati, Shillong, Agartala, Imphal और Siliguri जैसे शहर नए रियल एस्टेट हॉटस्पॉट बनकर उभर रहे हैं. इन शहरों में किफायती प्रॉपर्टी, बेहतर रिटर्न और बढ़ती निवेश संभावनाओं के कारण निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है.

नार्थ ईस्ट में रियल एस्टेट बाजार तेजी से बढ़ रहा है. Image Credit: CANVA

Northeast Real Estate: देश के नार्थ ईस्ट इलाके में अब रियल एस्टेट सेक्टर तेजी से बदलाव देख रहा है. बेहतर कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और बढ़ती शहरी मांग के कारण यहां प्रॉपर्टी बाजार लगातार मजबूत हो रहा है. पहले जहां निवेशकों का फोकस केवल बड़े महानगरों तक सीमित था, वहीं अब नार्थ ईस्ट के कई शहर निवेश के नए केंद्र बनते जा रहे हैं. गुवाहाटी और सिलीगुड़ी जैसे शहर तेजी से विकास कर रहे हैं, जबकि जोरहाट, शिलांग, अगरतला और इंफाल जैसे शहर सस्ते और बेहतर निवेश विकल्प के तौर पर उभर रहे हैं.

गुवाहाटी सबसे बड़ा मार्केट

गुवाहाटी को नार्थ ईस्ट भारत का सबसे तेजी से बढ़ता रियल एस्टेट बाजार माना जा रहा है. यह शहर पूरे नार्थ ईस्ट का प्रवेश द्वार माना जाता है. यहां रिंग रोड, मेट्रो योजना और एयरपोर्ट विकास जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है. इसी वजह से रिहायशी और कमर्शियल प्रॉपर्टी की मांग तेजी से बढ़ी है. रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में यहां प्रॉपर्टी की कीमतों में हर साल 8 से 10 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

जोरहाट में सस्ते निवेश का मौका

Jorhat अब तेजी से उभरते रियल एस्टेट बाजारों में शामिल हो रहा है. यह शहर अपनी सांस्कृतिक पहचान और शहरी विकास के लिए जाना जाता है. यहां बेहतर सड़क नेटवर्क और एगुकेशन सर्वि के विस्तार से प्रॉपर्टी बाजार को मजबूती मिली है. अन्य बड़े शहरों की तुलना में यहां प्रॉपर्टी कीमतें अभी भी कम हैं. यही वजह है कि पहली बार निवेश करने वाले लोगों के लिए यह शहर आकर्षक विकल्प बन रहा है.

शिलांग में बढ़ रही वेकेशन होम की मांग

Shillong अपनी नेचुरल सुंदरता और बढ़ते शहरी विकास के कारण निवेशकों को आकर्षित कर रहा है. पर्यटन में बढ़ोतरी और बेहतर सड़क प्रोजेक्ट ने यहां रियल एस्टेट बाजार को मजबूती दी है. खासतौर पर वेकेशन होम और किराये वाली प्रॉपर्टी की मांग तेजी से बढ़ रही है.

अगरतला और इंफाल में बढ़ रहा इंफ्रास्ट्रक्चर

Agartala और Imphal भी अब निवेशकों की नजर में तेजी से जगह बना रहे हैं. अगरतला में बांग्लादेश और भारत के अन्य हिस्सों से बेहतर कनेक्टिविटी ने रियल एस्टेट को बढ़ावा दिया है. वहीं इंफाल में बढ़ते शहरी विकास और सरकारी निवेश के कारण हाउसिंग और छोटे कमर्शियल स्पेस की मांग बढ़ रही है. दोनों शहरों में अभी प्रॉपर्टी कीमतें अपेक्षाकृत कम हैं, जिससे भविष्य में बेहतर रिटर्न की संभावना मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें- राम-शिव-कृष्ण के बाद अब गोरखनाथ, UP में बनेगा नया आध्यात्मिक कॉरिडोर; जानें किन शहरों को करेगा कनेक्ट

सिलीगुड़ी बना निवेश का सेंटर

Siliguri नार्थ ईस्ट और देश के बाकी हिस्सों को जोड़ने वाला अहम शहर माना जाता है. इसकी रणनीतिक स्थिति और मजबूत ट्रांसपोर्ट नेटवर्क ने इसे रियल एस्टेट के लिए खास बना दिया है. यहां किफायती हाउसिंग और गेटेड कम्युनिटी प्रोजेक्ट्स की मांग लगातार बढ़ रही है. इसके अलावा बढ़ती आबादी और रोजगार के अवसरों ने भी प्रॉपर्टी बाजार को मजबूती दी है. निवेशकों के लिए यह शहर लंबे समय का बेहतर विकल्प माना जा रहा है.