सचिन तेंदुलकर ने लोनावला में खेला ₹70 करोड़ का बड़ा दांव, खरीदी इतनी बड़ी जमीन!

क्रिकेट दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने लोनावला में करीब 3.86 एकड़ जमीन खरीदी है. इस प्रॉपर्टी डील पर उन्होंने लगभग ₹70 करोड़ खर्च किए. तीन अलग-अलग सौदों में हुई खरीद के बाद सचिन का रियल एस्टेट पोर्टफोलियो और बड़ा हो गया है.

सचिन तेंदुलकर

Highlights

  • सचिन तेंदुलकर ने लोनावला में 3.86 एकड़ जमीन खरीदी
  • इस प्रॉपर्टी डील पर करीब ₹70 करोड़ खर्च किए
  • तीन अलग-अलग सौदों में संपत्ति की खरीदारी हुई है

क्रिकेट के दिग्गज Sachin Tendulkar ने महाराष्ट्र के मशहूर हिल स्टेशन लोनावला में करीब 3.86 एकड़ जमीन खरीदी है. इस प्रॉपर्टी के लिए उन्होंने कुल करीब ₹70 करोड़ खर्च किए हैं. प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक यह सौदा 4 सितंबर 2026 को दर्ज हुआ.

तीन अलग-अलग सौदों में खरीदी जमीन

रिपोर्ट के मुताबिक सचिन तेंदुलकर ने यह जमीन एक ही डील में नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग कन्वेयंस डीड के जरिए खरीदी है. इन तीनों संपत्तियों का कुल क्षेत्रफल करीब 15,601.78 वर्ग मीटर यानी लगभग 1.68 लाख वर्ग फुट है.

पहली और सबसे बड़ी 3.09 एकड़ जमीन के लिए करीब ₹63.69 करोड़ का भुगतान किया गया. दूसरी जमीन के लिए करीब ₹4.56 करोड़ और तीसरी के लिए लगभग ₹1.75 करोड़ खर्च किए गए.

कुछ हिस्से में पूरी, कुछ में हिस्सेदारी

दस्तावेजों के अनुसार, 3.09 एकड़ वाले भूखंड में तेंदुलकर ने 100 फीसदी मालिकाना हक हासिल किया है. वहीं बाकी दो जमीनों में उन्होंने 50-50 फीसदी अविभाजित हिस्सेदारी खरीदी है.

इन संपत्तियों में जमीन के साथ एक मौजूदा निर्मित ढांचा भी शामिल बताया गया है. जमीन लोनावला के मावल तालुका क्षेत्र में स्थित है.

स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन पर भी खर्च

इस पूरी प्रॉपर्टी डील के लिए करीब ₹4.20 करोड़ की स्टांप ड्यूटी चुकाई गई है. वहीं रजिस्ट्रेशन फीस के तौर पर ₹90,000 का भुगतान किया गया. दस्तावेजों के मुताबिक संपत्ति विक्रेताओं में नंदन धनंजय मेहता और विवस्वत धनंजय मेहता शामिल हैं.

लोनावला क्यों है खास?

मुंबई के करीब स्थित लोनावला लंबे समय से लग्जरी प्रॉपर्टी और सेकेंड होम के लिए पसंदीदा जगह रही है. हरियाली, पहाड़ों और सुहावने मौसम के कारण यहां हाई-नेट-वर्थ लोगों की प्रॉपर्टी में दिलचस्पी बनी रहती है.

सचिन तेंदुलकर का यह निवेश उनके बढ़ते रियल एस्टेट पोर्टफोलियो में एक और बड़ी संपत्ति जोड़ता है. हालांकि, उन्होंने इस जमीन का इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने की योजना बनाई है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

यह भी पढ़ें- नोटबंदी में कैश जमा करने वालों के लिए जरूरी खबर, अगर नहीं दी सोर्स की सही जानकारी तो अटक सकता है पैसा