सिर्फ एक हफ्ते में 2.15 लाख करोड़ रुपये बढ़ी इन दिग्गज कंपनियों की वैल्यू, सबसे आगे रही एयरटेल

पिछले सप्ताह भारतीय शेयर मार्केट में तेजी के बीच देश की टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 की मार्केट कैप में कुल 2.15 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. भारती एयरटेल सबसे बड़ी लाभार्थी रही, जिसकी वैल्यू 52 हजार करोड़ रुपये से अधिक बढ़ी.

देश की टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 की मार्केट कैप में कुल 2.15 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. Image Credit: Canva

Bharti Airtel: शेयर मार्केट में पिछले सप्ताह शानदार तेजी देखने को मिली. बेहतर वैश्विक माहौल, कच्चे तेल की नरम कीमतों और- भू राजनीतिक तनाव में कमी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ. इसका असर देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों पर भी दिखाई दिया. टॉप 10 कंपनियों में से 9 की मार्केट कैप में कुल 2.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई. इस दौरान भारती एयरटेल सबसे बड़ी लाभार्थी बनकर उभरी. वहीं TCS एकमात्र ऐसी कंपनी रही जिसकी मार्केट कैप में गिरावट दर्ज की गई.

सेंसेक्स में आई जोरदार तेजी

पिछले सप्ताह BSE सेंसेक्स में 1274.95 अंकों यानी 1.68 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. बाजार को वैश्विक स्तर पर रिस्क की भावना में सुधार का लाभ मिला. निवेशकों ने भी पॉजिटिव संकेतों के बीच खरीदारी जारी रखी. इससे प्रमुख कंपनियों के शेयरों में अच्छा उछाल देखने को मिला.

भारती एयरटेल में भारी बढ़ोतरी

भारती एयरटेल की मार्केट कैप में सबसे अधिक 52432.67 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई. इसके साथ कंपनी का कुल बाजार मूल्य 11.62 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया. मजबूत निवेशक भरोसे और बाजार की तेजी का सबसे ज्यादा फायदा एयरटेल को मिला. इस प्रदर्शन ने कंपनी को देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों में और मजबूत स्थान दिलाया.

बजाज फाइनेंस में भी शानदार उछाल

भारतीय जीवन बीमा निगम यानी एलआईसी की मार्केट कैप 51675.23 करोड़ रुपये बढकर 5.56 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई. वहीं बजाज फाइनेंस का बाजार मूल्य 26553.71 करोड़ रुपये बढकर 5.98 लाख करोड़ रुपये हो गया. इन दोनों कंपनियों के शेयरों में निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी देखने को मिली.

रिलायंस, एल एंड टी और एसबीआई को मिला फायदा

रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट कैप 22464.02 करोड़ रुपये बढ़कर 17.71 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई. लार्सन एंड टुब्रो की वैल्यू 21929.12 करोड़ रुपये और भारतीय स्टेट बैंक की वैल्यू 16753.57 करोड़ रुपये बढ़ी. इन कंपनियों ने भी बाजार की तेजी का भरपूर लाभ उठाया.

एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक

एचडीएफसी बैंक की मार्केट कैप लगभग 11949 करोड़ रुपये बढ़कर 12.01 लाख करोड़ रुपये हो गई. आईसीआईसीआई बैंक की वैल्यू में 4724 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर की वैल्यू में 6661 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. बैंकिंग और उपभोक्ता क्षेत्र की कंपनियों ने भी सकारात्मक प्रदर्शन किया.

TCS रही इकलौती नुकसान उठाने वाली कंपनी

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी TCS टॉप 10 कंपनियों में एकमात्र ऐसी कंपनी रही जिसकी मार्केट कैप घटी. कंपनी की वैल्यू 12699.49 करोड़ रुपये कम होकर 7.69 लाख करोड़ रुपये रह गई. हालांकि इसके बावजूद TCS देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल बनी हुई है.

यह भी पढ़ें- सोमवार को कैसा रहेगा शेयर बाजार? गिरावट के बाद अब रिकवरी या जारी रहेगा दबाव; जानें एक्सपर्ट राय

रिलायंस अब भी सबसे मूल्यवान कंपनी

देश की सबसे मूल्यवान कंपनी का दर्जा रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास बना हुआ है. इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक का स्थान है. TCS, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर भी टॉप 10 कंपनियों की सूची में शामिल हैं.