ब्रोकरेज ने BEML पर दी Buy रेटिंग; कहा- 67% तेजी की उम्मीद, 2700 रुपये तक जा सकता है शेयर
एलारा कैपिटल ने BEML पर ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 2,700 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है. Q3 में कंपनी की आय 24% बढ़ी, हालांकि एकमुश्त खर्च से मुनाफा प्रभावित हुआ. मजबूत ऑर्डर बुक, रेल-मेट्रो और डिफेंस सेगमेंट में तेजी व मार्जिन सुधार से आगे ग्रोथ की उम्मीद है.
ब्रोकरेज हाउस एलारा कैपिटल ने बीईएमएल (BEML) पर अपनी ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी है. बीईएमएल लिमिटेड खनन और निर्माण के काम आने वाली बड़ी मशीनें बनाती है. यह सेना के लिए वाहन और मेट्रो व भारतीय रेलवे के लिए ट्रेन के कोच भी तैयार करती है. ब्रोकरेज हाउस ने इस शेयर को 1,617 रुपये खरीदने की सलाह दी है और इसमें करीब 67% की तेजी आ सकती है. ब्रोकरेज का मानना है कि मजबूत ऑर्डरबुक, रेलवे-मेट्रो और डिफेंस सेगमेंट में तेज एग्जीक्यूशन और मार्जिन सुधार की संभावनाओं के चलते कंपनी के शेयर में आगे तेजी आ सकती है.
क्या है टारगेट प्राइस
BEML के शेयर में सोमवार को करीब 9 फीसदी की तेजी आई और यह शेयर 1760.25 रुपये पर बंद हुआ. ब्रोकरेज हाउस ने इसके लिए 2,700 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है.
Q3FY26 के नतीजे
रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3FY26) में बीईएमएल की आय सालाना आधार पर 24% बढ़कर करीब 10.8 अरब रुपये रही. यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से रेल एवं मेट्रो (R&M) और डिफेंस सेगमेंट में मजबूत एग्जीक्यूशन की वजह से हुई. हालांकि, मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़े लगभग 100 करोड़ रुपये के एकमुश्त खर्च के कारण EBITDA 94% गिरकर 3.6 करोड़ रुपये पर आ गया और कंपनी को 22.4 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज करना पड़ा. इन एकमुश्त खर्चों को हटाने पर EBITDA मार्जिन 270 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 9.6% तक पहुंचा.
कितना है ऑर्डर बुक
ब्रोकरेज हाउस के मुताबिक, मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2026 में करीब 20% राजस्व वृद्धि और 150 बेसिस प्वाइंट मार्जिन सुधार का लक्ष्य रखा है. कंपनी को उम्मीद है कि बड़े रेल और डिफेंस टेंडर मिलने से ऑर्डरबुक FY26 के अंत तक करीब 200 अरब रुपये तक पहुंच सकती है. फिलहाल ऑर्डरबुक 163.5 अरब रुपये के आसपास है जबकि ऑर्डर इनफ्लो 10.5 अरब रुपये रहा है.
ब्रोकरेज की राय
बीईएमएल को वंदे भारत स्लीपर ट्रेनसेट की सप्लाई और बेंगलुरु मेट्रो कोच के प्रोटोटाइप डिलीवरी जैसे प्रोजेक्ट्स से फायदा मिल रहा है. साथ ही, डिफेंस और एयरोस्पेस सेगमेंट में भी मजबूत मांग बनी हुई है. कंपनी को FY25-28 के दौरान आय में करीब 31% सीएजीआर की उम्मीद है जबकि औसत ROE और ROCE क्रमश: 17% और 16% रहने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें: Elara Securities ने कहा- खरीदो यह NBFC शेयर, 46% तक की आ सकती है तेजी; जानें क्या रहेगा टारगेट प्राइस
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




