अडानी ग्रुप की एंट्री से चमकी किस्मत! 3 महीने में 156% चढ़ा स्टॉक, फिर तिमाही नतीजों ने भी किया कमाल

पिछले पांच वर्षों में Cemindia Projects ने करीब 1,542 प्रतिशत और पिछले तीन वर्षों में 735 प्रतिशत का रिटर्न दिया है. बाजार के जानकारों के अनुसार, हाल की तेजी केवल तिमाही नतीजों का असर नहीं है, बल्कि मजबूत ऑर्डर बुक, बेहतर मुनाफा, मजबूत बैलेंस शीट और Adani Group की एंट्री के बाद कंपनी के कारोबार में आए बदलाव का परिणाम है.

adani group Image Credit: Canva, tv9

Cemindia Projects ने पिछले तीन महीनों में निवेशकों को 156 प्रतिशत का शानदार रिटर्न देकर मल्टीबैगर शेयरों की सूची में जगह बना ली है. 1 जुलाई 2026 को कंपनी का शेयर 52-वीक हाई पर पहुंच गया. यह शेयर मार्च 2026 के 52 सप्ताह के निचले स्तर 481.40 रुपये से करीब 183 प्रतिशत उछल चुका है. हालांकि, बाजार के जानकारों का मानना है कि यह तेजी केवल तीन महीने की नहीं, बल्कि कई वर्षों की मजबूत कारोबारी प्रगति का नतीजा है.

Adani ग्रुप की एंट्री के बाद बदली कहानी

कंपनी में Adani Group की यूनिट Renew Exim DMCC ने अप्रैल 2025 में हिस्सेदारी खरीदकर प्रमोटर का दर्जा हासिल किया था. इसके बाद शुरुआती उत्साह के बावजूद शेयर करीब आठ महीने तक दबाव में रहा और जुलाई 2025 के 943 रुपये के स्तर से गिरकर मार्च 2026 में 481.40 रुपये तक पहुंच गया. निवेशकों को कंपनी के बेहतर प्रदर्शन का इंतजार था और यह भरोसा अप्रैल 2026 में आए तिमाही नतीजों के बाद मजबूत हुआ.

Q4 नतीजों ने शेयर में भरी रफ्तार

30 अप्रैल 2026 को कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए, जिसके बाद शेयर 20 प्रतिशत के अपर सर्किट पर पहुंच गया. कंपनी की कंसोलिडेटेड इनकम 2,973.49 करोड़ रुपये रही, जबकि नेट प्रॉफिट 242.17 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. सालाना आधार पर मुनाफा 113.6 प्रतिशत बढ़ा. EBITDA में 66 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और EBITDA मार्जिन 10.7 प्रतिशत से बढ़कर 15.1 प्रतिशत पर पहुंच गया. वहीं PAT मार्जिन 4.5 प्रतिशत से बढ़कर 8.1 प्रतिशत हो गया. मैनेजमेंट के अनुसार बेहतर प्रोजेक्ट एक्जीक्यूशन, लागत नियंत्रण, मेट्रो प्रोजेक्ट्स की समय पर पूर्ति और पुराने घाटे वाले प्रोजेक्ट्स के खत्म होने से मार्जिन में बड़ा सुधार आया.

रिकॉर्ड ऑर्डर बुक से मजबूत भविष्य

मार्च 2026 तक कंपनी की ऑर्डर बुक 24,545 करोड़ रुपये रही, जो वित्त वर्ष 2026 की आय का करीब 2.4 गुना है. इससे अगले दो से ढाई वर्षों की आय का अच्छा अनुमान मिलता है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी को 14,821 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले, जो अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर इनफ्लो है.

Data Centre कारोबार भी बनेगा बड़ा ग्रोथ इंजन

कंपनी की ऑर्डर बुक में करीब 3,000 करोड़ रुपये के Data Centre प्रोजेक्ट शामिल हैं, जिन पर काम शुरू हो चुका है. भारत में Data Centre सेक्टर में तेजी से बढ़ते निवेश को देखते हुए मैनेजमेमेंट को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह कारोबार कंपनी की आय का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा.

वैल्यूएशन पर भी नजर

तेज रैली के बाद कंपनी का पीई रेशियो बढ़कर 39.8 पर पहुंच गया है, जबकि पिछले तीन वर्षों का एवरेज पीई 27.9 रहा है. हालांकि कंपनी का PEG रेशियो 0.58 है, जो संकेत देता है कि अब तक मुनाफे की ग्रोथ वैल्यूएशन से तेज रही है.

लंबी अवधि का शानदार प्रदर्शन

पिछले पांच वर्षों में Cemindia Projects ने करीब 1,542 प्रतिशत और पिछले तीन वर्षों में 735 प्रतिशत का रिटर्न दिया है. बाजार के जानकारों के अनुसार, हाल की तेजी केवल तिमाही नतीजों का असर नहीं है, बल्कि मजबूत ऑर्डर बुक, बेहतर मुनाफा, मजबूत बैलेंस शीट और Adani Group की एंट्री के बाद कंपनी के कारोबार में आए बदलाव का परिणाम है.

इसे भी पढ़ें- इस ऑटो शेयर ने मचाया धमाल! रॉकेट बने शेयर, विजय केडिया को हुआ ₹ 86363635 का मुनाफा

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.