5 साल में 2,041% तक रिटर्न, ₹20 लाख करोड़ के न्यूक्लियर मिशन से इन 2 शेयरों को मिलेगा फायदा; रखें नजर
भारत ने 2047 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता को 100 GW तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए करीब 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत का अनुमान है. BHEL और TARIL इस सेक्टर की दो अहम कंपनियां हैं. दोनों ने Q2FY27 में मुनाफे में 100% से ज्यादा की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की है.
Highlights
- भारत का लक्ष्य 2047 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता को 100 GW तक पहुंचाना है.
- इस लक्ष्य के लिए करीब 214 अरब डॉलर यानी लगभग ₹20 लाख करोड़ के निवेश का अनुमान है.
- BHEL का Q2FY27 नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 120% बढ़कर ₹809.6 करोड़ पहुंचा.
Nuclear Energy Stocks: भारत में न्यूक्लियर एनर्जी यानी परमाणु ऊर्जा का क्षेत्र आने वाले सालों में बड़े बदलाव के दौर से गुजर सकता है. सरकार ने 2047 तक देश की परमाणु ऊर्जा क्षमता को बढ़ाकर 100 GW करने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए करीब 214 अरब डॉलर यानी लगभग 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत का अनुमान है. इस विस्तार से पावर इक्विपमेंट, टर्बाइन, जनरेटर और ट्रांसफॉर्मर बनाने वाली कंपनियों के लिए नए मौके बन सकते हैं.
इस मौके पर दो कंपनियां खास नजर में हैं. पहली है Bharat Heavy Electricals Limited (BHEL), जिसकी परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में पहले से मजबूत मौजूदगी है. दूसरी है Transformers and Rectifiers (India) Limited (TARIL), जिसे हाल ही में Nuclear Power Corporation of India Limited (NPCIL) से परमाणु ऊर्जा परियोजना का पहला ऑर्डर मिला है. दोनों कंपनियों ने Q2FY27 में मुनाफे में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की है.
₹20 लाख करोड़ का न्यूक्लियर मिशन
World Nuclear Association के मुताबिक, भारत की स्थापित परमाणु ऊर्जा क्षमता करीब 7.7 GW है. सरकार का लक्ष्य 2047 तक इसे बढ़ाकर 100 GW करना है. यानी मौजूदा क्षमता के मुकाबले लगभग 13 गुना विस्तार करना होगा. Singapore स्थित Nuclear Business Platform के अनुमानों के मुताबिक, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए करीब 214 अरब डॉलर यानी लगभग 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत पड़ सकती है. इस विस्तार में निजी क्षेत्र की भागीदारी भी अहम हो सकती है.
पहली है BHEL
Bharat Heavy Electricals Limited यानी BHEL एक सरकारी कंपनी है. यह पावर, ट्रांसमिशन, ट्रांसपोर्टेशन, डिफेंस, ऑयल एंड गैस और प्रोसेस इंडस्ट्री के लिए कैपिटल गुड्स और EPC सेवाएं देती है. कंपनी की पारंपरिक बिजली उत्पादन क्षेत्र में स्थापित क्षमता 179 GW है, जो भारत में 53 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है.
न्यूक्लियर पावर में BHEL की क्या है भूमिका?
भारत की स्थापित परमाणु ऊर्जा क्षमता के सेकेंडरी साइड में BHEL की हिस्सेदारी 60% है. कंपनी भारतीय परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के तीनों चरणों से जुड़ी एकमात्र कंपनी है. यह 220 MWe, 500 MWe और 700 MWe क्षमता वाले टर्बाइन-जनरेटर सिस्टम की घरेलू सप्लायर है और टर्बाइन-जनरेटर आइलैंड के लिए पूरी EPC सेवाएं भी देती है.
6 अप्रैल 2026 को कंपनी ने कलपक्कम में 500 MWe Prototype Fast Breeder Reactor की पहली क्रिटिकलिटी के साथ एक अहम उपलब्धि हासिल की. BHEL अब तक भारत में कुल 5.4 GW क्षमता के 15 न्यूक्लियर यूटिलिटी सेट सप्लाई कर चुकी है.
₹12,800 करोड़ का न्यूक्लियर ऑर्डर बुक
Q1FY27 तक BHEL का न्यूक्लियर ऑर्डर बुक 12,800 करोड़ रुपये था. यह कंपनी के 66,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के नॉन-थर्मल ऑर्डर बुक का हिस्सा है. कंपनी का कुल ऑर्डर बुक 2,57,000 करोड़ रुपये है, जो पिछले 12 महीनों की बिक्री के मुकाबले 6.8 गुना है.
कंपनी के शेयर का हाल?
19 अक्टूबर को कंपनी का शेयर दबाव में कारोबार करता दिखा. स्टॉक में 0.37 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, पिछले 6 महीने में कंपनी के शेयर ने बेहतर प्रदर्शन किया है और करीब 35 फीसदी का रिटर्न दिया है. एक साल में कंपनी के शेयर ने करीब 85 फीसदी का रिटर्न दिया है, जबकि 5 साल में इसमें 477 फीसदी की तेजी आई है.
दूसरी है TARIL
Transformers and Rectifiers (India) Limited यानी TARIL पावर, डिस्ट्रीब्यूशन, फर्नेस, रेक्टिफायर और स्पेशियलिटी ट्रांसफॉर्मर बनाती है. कंपनी शंट और सीरीज रिएक्टर भी बनाती है. इसके उपकरण 5 kV से 1,200 kV तक के वोल्टेज क्लास और 0.5 MVA से 500 MVA तक की क्षमता में उपलब्ध हैं. कंपनी 1,200 kV क्लास के ऑटो ट्रांसफॉर्मर भी बनाती है.
कैगा यूनिट्स 5 और 6 के लिए मिला ऑर्डर
TARIL को Nuclear Power Corporation of India Limited (NPCIL) से Kaiga Units 5 और 6 परियोजना के लिए पहला न्यूक्लियर पावर ऑर्डर मिला है. कंपनी को 400 kV से अधिक क्षमता वाले Generator Transformers बनाने और सप्लाई करने का कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है.
इस ऑर्डर के साथ TARIL ने परमाणु ऊर्जा से जुड़े उस खास बाजार में कदम रखा है, जहां उपकरणों की विश्वसनीयता, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का बेहद सख्ती से पालन करना जरूरी है. कंपनी ने यह कॉन्ट्रैक्ट Crompton जैसे स्थापित ट्रांसफॉर्मर निर्माताओं से कंपटीशन के बीच हासिल किया.
₹21,000 करोड़ से ज्यादा की पाइपलाइन
TARIL ने वित्त वर्ष 2026-27 में करीब ₹3,200 करोड़ के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू का अनुमान दिया है. यह FY26 के मुकाबले लगभग 25 से 28 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी होगी. कंपनी ने FY27 के लिए EBITDA मार्जिन करीब 16% और PAT मार्जिन 9-10% रहने का अनुमान बरकरार रखा है.
Q2FY27 तक कंपनी का अनएक्जीक्यूटेड ऑर्डर बुक 7,237 करोड़ रुपये था. इसके अलावा, कंपनी की ऑर्डर पाइपलाइन 21,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है.
कंपनी के शेयर का हाल?
सोमवार, 19 अक्टूबर को कंपनी का शेयर दबाव में कारोबार कर रहा है. हालांकि, सिर्फ एक हफ्ते में कंपनी के शेयर ने 12 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है. एक साल के प्रदर्शन पर नजर डालें तो इस दौरान शेयर में करीब 32 फीसदी की गिरावट आई है. हालांकि, लंबी अवधि में कंपनी के शेयर ने शानदार प्रदर्शन किया है. पिछले 5 साल में इसमें करीब 2,067 फीसदी की तेजी आई है.
निवेशकों को किन बातों पर नजर रखनी चाहिए?
भारत का परमाणु ऊर्जा विस्तार लंबे समय में पावर इक्विपमेंट और संबंधित कंपनियों के लिए अवसर पैदा कर सकता है. BHEL के पास परमाणु ऊर्जा क्षेत्र का अनुभव और 12,800 करोड़ रुपये का न्यूक्लियर ऑर्डर बुक है. वहीं, TARIL का पहला NPCIL ऑर्डर उसके लिए नए कारोबार का रास्ता खोलता है. लेकिन असली परीक्षा ऑर्डर को समय पर पूरा करने और उसे टिकाऊ कमाई में बदलने की होगी. BHEL को अपने बड़े ऑर्डर बुक को मुनाफे में बदलना होगा, जबकि TARIL को दिखाना होगा कि उसका पहला न्यूक्लियर ऑर्डर आगे भी नए ऑर्डर दिला सकता है. इसलिए इन दोनों शेयरों पर नजर रखते समय न्यूक्लियर सेक्टर की ग्रोथ के साथ-साथ कंपनी की वित्तीय स्थिति और वैल्यूएशन का आकलन करना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें- 20 या 21 अक्टूबर, किस दिन Share Market में नहीं होगी ट्रेडिंग? यहां दूर करें कंफ्यूजन
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
20 या 21 अक्टूबर, किस दिन Share Market में नहीं होगी ट्रेडिंग? यहां दूर करें कंफ्यूजन
Opening Bell: 74,849 पर खुला सेंसेक्स, 23,150 पर निफ्टी; IT और बैंकिंग शेयर्स में बिकवाली
Stocks to Watch: ICICI, HDFC, Yes Bank से लेकर RailTel, ACME Solar तक, आज इन शेयरों पर रखें नजर
