Coal India की बिक्री में 6 महीने बाद आया उछाल, गैस संकट और गर्मी से बढ़ी मांग; जानें शेयर का हाल
Coal India की बिक्री में 6 महीने बाद बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो गैस संकट और बढ़ती गर्मी की मांग का असर है. मार्च 2026 में कंपनी की ऑफटेक 0.7 फीसद बढ़कर 69.5 मिलियन टन रही. गैस सप्लाई में कमी के चलते पावर सेक्टर में कोयले पर निर्भरता बढ़ी है. पावर प्लांट्स भी स्टॉक बढ़ा रहे हैं, जिससे मांग को सपोर्ट मिल रहा है. वहीं Coal India के शेयर में हालिया समय में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है.
Coal India: नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही देश के पावर सेक्टर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. Coal India की बिक्री में 6 महीने में पहली बार बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो आने वाले पीक समर डिमांड का संकेत दे रही है. मार्च 2026 में कंपनी की बिक्री 0.7 फीसद बढ़कर 69.5 मिलियन टन हो गई. यह उछाल ऐसे समय में आया है, जब गैस सप्लाई में कमी के चलते देश में बिजली उत्पादन के लिए कोयले पर निर्भरता तेजी से बढ़ रही है. पावर प्लांट्स पहले से ही स्टॉक बढ़ाने में जुटे हैं, ताकि गर्मियों में बढ़ती बिजली मांग को पूरा किया जा सके.
गैस संकट ने बढ़ाई कोयले की मांग
वैश्विक स्तर पर जारी तनाव, खासकर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच टकराव, गैस सप्लाई को प्रभावित कर रहा है. इसका असर भारत जैसे देशों पर भी पड़ा है, जहां गैस आधारित बिजली उत्पादन सीमित हो गया है. ऐसे में कोयला एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरा है. हालांकि मार्च में Coal India का उत्पादन 1.5 फीसद घटकर 84.5 मिलियन टन रहा, लेकिन मांग बढ़ने से बिक्री में सुधार देखने को मिला.
Coal India की अहम भूमिका
Coal India देश के कुल कोयला उत्पादन का 80 फीसद से अधिक हिस्सा देती है और यह दुनिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है. पिछले 6 महीनों से कंपनी की बिक्री में गिरावट देखी जा रही थी, क्योंकि 2025 में अपेक्षाकृत ठंडे मौसम के चलते बिजली की मांग कमजोर रही. इससे पावर प्लांट्स में कोयले का स्टॉक बढ़ गया था और इंपोर्ट की जरूरत भी कम हो गई थी.
सरकार के निर्देश और बढ़ती तैयारी
गर्मी के मौसम को देखते हुए सरकार ने कोयला आधारित पावर प्लांट्स को अधिकतम क्षमता पर चलाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, मेंटेनेंस शटडाउन से बचने और इंडस्ट्रीज को कैप्टिव पावर जनरेशन बढ़ाने की सलाह दी गई है. इसका मकसद घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली की निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित करना है.
कैसा है शेयर का हाल
बुधवार को कंपनी Coal India का शेयर 0.23 फीसद गिरकर 449.40 रुपये पर पहुंच गया है. पिछले एक सप्ताह में इसमें 1.45 फीसद की तेजी आई है, जबकि एक महीने में 7.68 फीसद और 3 महीने में 12.63 फीसद की बढ़त दर्ज की गई है.
यह भी पढ़ें: 2 अप्रैल से महंगी होगी IndiGo की फ्लाइट, ₹10000 तक बढ़ेंगे टिकट के दाम; यात्रियों पर बोझ बढ़ाएगा फ्यूल चार्ज
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
