₹170 करोड़ के नए ऑर्डर से चमका ये स्टॉक, एक दिन में 11% उछले शेयर; महीने भर में 44% की आ चुकी है रैली

इस कंपनी को देश-विदेश से 170 करोड़ रुपये से ज्यादा के नए ऑर्डर मिले हैं, जिसके बाद शेयर में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. मजबूत ऑर्डर बुक और ग्रोथ की उम्मीदों के चलते स्टॉक एक ही दिन में 11 फीसदी से ज्यादा उछल गया, हालांकि यह अभी भी अपने 52-हफ्ते के उच्च स्तर से नीचे ट्रेड कर रहा है.

Dee Development में आई दमदार रैली Image Credit: @Money9live

Dee Development Engineers Share Surges: इंजीनियरिंग और प्रोसेस पाइपिंग सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी DEE Development Engineers के लिए सप्ताह की शुरुआत बेहद शानदार रही. कंपनी ने सोमवार, 23 फरवरी को बताया कि उसे देश और विदेश से मिलाकर 170 करोड़ रुपये से ज्यादा के नए ऑर्डर मिले हैं. इस खबर के सामने आते ही निवेशकों का भरोसा बढ़ा और कंपनी के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली.

11 फीसदी तक उछला स्टॉक

ऑर्डर अपडेट के बाद स्टॉक में तेज उछाल आया और एक ही दिन में शेयर 11 फीसदी से ज्यादा चढ़कर करीब 26 रुपये तक उछल गया. बाजार में यह तेजी साफ संकेत देती है कि निवेशक कंपनी के ऑर्डर बुक मजबूत होने को भविष्य की ग्रोथ के लिए सकारात्मक मान रहे हैं. कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर के एल बंसल के मुताबिक, ये नए ऑर्डर बड़े पावर और इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कंपनियों से मिले हैं, जो कंपनी की मजबूत साख और तकनीकी कैपेसिटी को दर्शाते हैं.

@ग्रो

इन प्रोजेक्ट्स के जरिए DEE Development Engineers ने खुद को एक भरोसेमंद मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर के रूप में और मजबूत किया है.

घरेलू बाजार से मजबूत ऑर्डर

कंपनी को भारत में करीब 88 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले हैं. इनमें से लगभग 62 करोड़ रुपये के दो बड़े कॉन्ट्रैक्ट देश की प्रमुख पावर सेक्टर कंपनियों से प्राप्त हुए हैं. इन प्रोजेक्ट्स के तहत अहम पाइपिंग सिस्टम तैयार किए जाएंगे, जिनकी डिलीवरी 6-8 महीने से लेकर लगभग एक साल के भीतर पूरी करनी है.

@NSE

इसके अलावा, भारत सरकार की दिग्गज इंजीनियरिंग कंपनी BHEL (भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड) ने भी कंपनी को लगभग 26 करोड़ रुपये का ऑर्डर दिया है. इसमें इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए विशेष हेडर्स और वेसल्स का निर्माण और आपूर्ति शामिल है. ये सभी घरेलू ऑर्डर जॉब-वर्क मॉडल पर पूरे किए जाएंगे, जिसमें कच्चा माल ग्राहक देगा और निर्माण कंपनी के प्लांट में होगा.

विदेशी बाजार से भी बड़ी डील

भारत के अलावा कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत पकड़ दिखाई है. कंपनी को विदेशों से करीब 9.5 मिलियन डॉलर (लगभग 80 करोड़ रुपये के आसपास) के ऑर्डर मिले हैं. ये ऑर्डर ऊर्जा और औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए हैं और इन्हें कंपनी भारत और थाईलैंड स्थित अपनी इकाइयों के जरिए पूरा करेगी.

कैसी है रिटर्न हिस्ट्री?

सोमवार, 23 फरवरी को कंपनी के शेयर 11.28 फीसदी चढ़कर 256.52 रुपये पर बंद हुआ. यानी एक दिन में स्टॉक का भाव 26 रुपये तक बढ़ा है. रिटर्न की बात करें तो महीने भर में शेयर की कीमत 44 फीसदी से ज्यादा बढ़ी है. वहीं, साल भर में स्टॉक का भाव 54 फीसदी तक बढ़ा है. कंपनी का मार्केट कैप 1603 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. हालांकि, इन तमाम तेजी के बावजूद स्टॉक अपने 52वीक हाई स्तर (336.20 रुपये) से काफी नीचे है. 

ये भी पढ़ें- 10% तक टूटे इस एग्री-केमिकल कंपनी के शेयर, ब्रोकरेज ने कहा 30% तक चढ़ सकता है भाव; जानें क्या है टारगेट प्राइस

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.