DMart Q2 Results: मुनाफा 8.5% बढ़कर ₹743 करोड़, रेवेन्यू में 17.8% की तेजी; सोमवार को शेयर पर रखें नजर

Avenue Supermarts का सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 8.5% बढ़कर 742.98 करोड़ रुपये रहा. ऑपरेशंस से रेवेन्यू 17.8% बढ़कर 19,644 करोड़ रुपये पहुंचा. हालांकि, PAT मार्जिन 4.1% से घटकर 3.8% रह गया. कंपनी ने तिमाही में 15 नए स्टोर खोले, जिससे कुल स्टोर की संख्या 518 हो गई. अब निवेशकों की नजर शेयर पर संभावित प्रतिक्रिया पर रहेगी.

डी मार्ट Image Credit: DMART

Highlights

  • DMart का मुनाफा 8.5% बढ़ा.
  • रेवेन्यू ₹19,644 करोड़, खुले 15 नए स्टोर.
  • सोमवार को शेयर में दिखेगी हलचल?

रिटेल चेन DMart चलाने वाली कंपनी Avenue Supermarts Ltd ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मुनाफे और रेवेन्यू में बढ़ोतरी दर्ज की है. सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 8.5 फीसदी बढ़कर 742.98 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी ने 684.85 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया.

कंपनी की ओर से जारी रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, सितंबर तिमाही में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 17.8% बढ़कर 19,644 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 16,676.30 करोड़ रुपये था. हालांकि, कंपनी के प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) मार्जिन में गिरावट आई है. Q2FY27 में यह 3.8% रहा, जबकि Q2FY26 में 4.1% था.

खर्च में भी हुई बढ़ोतरी

सितंबर तिमाही में Avenue Supermarts का कुल खर्च सालाना आधार पर 18.3 फीसदी बढ़कर 18,632.70 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, दूसरी इनकम सहित कंपनी की कुल रेवेन्यू 17.73% बढ़कर 19,657.54 करोड़ रुपये रही. कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO अंशुल असावा ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में दो साल या उससे ज्यादा पुराने DMart स्टोर की ग्रोथ 9.5% रही. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह ग्रोथ 6.8% थी.

उन्होंने कहा कि शुरुआती स्तर के कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी के कारण कंपनी के ऑपरेटिंग खर्च में मामूली इजाफा हुआ है.

कंपनी ने खोले 15 नए स्टोर

सितंबर तिमाही के दौरान DMart ने 15 नए स्टोर खोले. इसके साथ ही कंपनी के कुल स्टोर की संख्या बढ़कर 518 हो गई है. कंपनी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म DMart Ready को लेकर Avenue E-Commerce के CEO विक्रम दासू ने कहा कि कंपनी उन शहरों में कामकाज को ज्यादा कुशल बनाने और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर करने पर ध्यान दे रही है, जहां उसका ऑनलाइन कारोबार मौजूद है. उन्होंने कहा कि कंपनी के संगठनात्मक प्रयास भी इसी दिशा में किए जा रहे हैं.

अप्रैल-सितंबर में कुल इनकम 16.47% बढ़ी

वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-सितंबर अवधि में Avenue Supermarts की कुल इनकम 16.47% बढ़कर 38,477.85 करोड़ रुपये हो गई. राधाकिशन दमानी और उनका परिवार इस कंपनी के प्रमोटर हैं. DMart महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR), तमिलनाडु, पंजाब और राजस्थान सहित कई बाजारों में रोजमर्रा के घरेलू और निजी इस्तेमाल के प्रोडक्ट बेचती है.

कंपनी के शेयर का हाल

Avenue Supermarts Ltd (DMart) का शेयर 8 अक्टूबर को 1.90% की गिरावट के साथ 3,517 रुपये पर बंद हुआ. कंपनी का मार्केट कैप 2,29,404 करोड़ रुपये है. शेयर का 52 हफ्ते का हाई 4,644 रुपये और लो 3,498 रुपये है. इसका स्टॉक P/E 75, बुक वैल्यू 375 रुपये है. कंपनी का ROCE 17.2%, ROE 12.9% और फेस वैल्यू 10 है.

इसे भी पढ़ें- RBI फिर बढ़ा सकता है रेपो रेट, 100 बेसिस पॉइंट तक बढ़ोतरी का अनुमान; आपकी EMI पर क्या होगा असर?

डिस्क्लेमर: मनी9लाइव कभी किसी शेयर, आईपीओ या म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है, ये खबर केवल जानकारी के लिए है.