2 दिन में 44% उछला ₹10 से भी सस्ता ये स्टॉक, अपर सर्किट पर हो रहा बंद; जानें क्यों आई तूफानी तेजी
इस ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी के 10 रुपये से कम कीमत वाले शेयर में महज दो दिनों में 44 फीसदी की जबरदस्त तेजी आई और स्टॉक अपर सर्किट पर पहुंच गया. कंपनी के 500 करोड़ रुपये तक फंड जुटाने के ऐलान के बाद निवेशकों में जोरदार खरीदारी देखी गई, हालांकि लंबी अवधि में शेयर अभी भी दबाव में है. जानें डिटेल्स.
EaseMyTrip Share Upper Circuit Fundraise: 10 रुपये से भी कम कीमत वाले ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी Easy Trip Planners के शेयर में लगातार दूसरे दिन जोरदार उछाल देखने को मिला. मंगलवार, 17 फरवरी को कारोबार के दौरान यह शेयर करीब 20 फीसदी चढ़कर अपर सर्किट पर पहुंच गया और 21 अगस्त 2025 के बाद अपने सबसे ऊंचे स्तर पर बंद हुआ. इससे पहले सोमवार यानी 16 फरवरी को भी इसमें लगभग 20 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी. इस तरह महज दो ट्रेडिंग सत्रों में शेयर करीब 44 फीसदी तक उछल चुका है.
अभी क्या है स्टॉक का भाव?
दिन के अंत में कंपनी का शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 19.95 फीसदी की बढ़त के साथ 9.50 रुपये पर बंद हुआ. ट्रेडिंग के दौरान इसमें भारी वॉल्यूम देखने को मिला, जो पिछले एक महीने के औसत से कई गुना अधिक था. तेज खरीदारी के कारण शेयर का रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) भी ऊंचे स्तर पर पहुंच गया, जो मजबूत मोमेंटम का संकेत देता है.

हालांकि हालिया तेजी के बावजूद, लंबी अवधि के आंकड़े थोड़ी अलग तस्वीर दिखाते हैं. पिछले 12 महीनों में यह शेयर करीब 20 फीसदी तक कमजोर हुआ है, जबकि इसी अवधि में निफ्टी 50 इंडेक्स लगभग 12 फीसदी ऊपर चढ़ा है. यानी सालभर में बाजार से पिछड़ने के बाद अब इसमें अचानक जोरदार रिकवरी देखने को मिली है.
क्यों आई इतनी तेजी?
इस उछाल के पीछे कंपनी की बड़ी फंड जुटाने की योजना प्रमुख वजह मानी जा रही है. कंपनी ने घोषणा की है कि वह अपनी विकास योजनाओं को गति देने के लिए अधिकतम 500 करोड़ रुपये तक की पूंजी जुटाने की तैयारी कर रही है. इस खबर के बाद निवेशकों में उत्साह बढ़ गया और शेयर में आक्रामक खरीदारी शुरू हो गई.

कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने सैद्धांतिक रूप से इक्विटी शेयर या दूसरे एलिजिबल सिक्योरिटीज जारी कर पूंजी जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. हालांकि यह प्रक्रिया नियामकीय स्वीकृतियों के अधीन रहेगी.
कैसी है रिटर्न हिस्ट्री?
EasyMyTrip के शेयर पिछले कुछ समय से दबाव में दिख रहे हैं. स्टॉक में आई हालिया तेजी की वजह से पिछले 1 महीने का रिटर्न ग्राफ 35 फीसदी तक पहुंच गया है. लेकिन साल भर के दौरान इसमें 20 फीसदी तक की गिरावट आई है. वहीं, 3 साल के दौरान स्टॉक का भाव 60 फीसदी से ज्यादा टूटा है. कंपनी का मार्केट कैप 2,880 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. हालिया तेजी के बाद भी कंपनी अपने 52वीक हाई (14.02 रुपये) के स्तर से 5 रुपये के आस पास नीचे है.
कहां खर्च होगी जुटाई गई रकम?
कंपनी के अनुसार, यह फंड उसकी ग्रोथ रणनीति का अहम हिस्सा है. इसके जरिए वह अपने ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म ‘EaseMyTrip’ को विशेष रूप से हाई-मार्जिन वाले होटल और हॉलिडे सेगमेंट में तेजी से विस्तार देना चाहती है. इन क्षेत्रों में मार्जिन अधिक होने के कारण कंपनी की लाभप्रदता भी मजबूत हो सकती है. इसके अलावा जुटाए गए कैपिटल का इस्तेमाल टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन में भी किया जाएगा, ताकि प्लेटफॉर्म की कैपेसिटी बढ़े और ग्राहकों को बेहतर एक्सपीरिएंस मिल सके. कंपनी भविष्य में रणनीतिक अधिग्रहण के अवसरों पर भी नजर रख सकती है, जिससे कारोबार का दायरा और तेजी से बढ़ाया जा सके.
मजबूत बैलेंस शीट और ग्रोथ प्लान
कंपनी का कहना है कि वह पूंजी जुटाकर अपनी वित्तीय स्थिति को और मजबूत बनाना चाहती है, ताकि विस्तार योजनाओं को बिना दबाव के आगे बढ़ाया जा सके. साथ ही, मैनेजमेंट ने यह भी स्पष्ट किया है कि विकास के साथ-साथ प्रॉफिटेबिलिटी पर भी पूरा ध्यान रखा जाएगा और खर्च नियंत्रित तरीके से किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- ₹1 लाख बना ₹2.20 करोड़! 6 साल में इस स्टॉक में आई बंपर तेजी, निवेशकों की लगी लॉटरी; आपने भी लगाया दांव?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
10 से 12% तक रिटर्न का मौका, ब्रोकरेज ने कहां 28 मई को इन 3 स्टॉक्स लगाए दांव; जानें स्टॉप लॉस और टारगेट प्राइस
मार्च तिमाही में शेयर बाजार ने तोड़ी निवेशकों की कमर, डूबे ₹12.6 लाख करोड़; 5 साल के निचले स्तर पर पहुंची रिटेल हिस्सेदारी
केमिकल सेक्टर में तेजी का मौका, चीन प्लस वन रणनीति से इन 3 शेयरों को मिलेगा फायदा, रखें नजर
