ग्रो पर क्यों फिदा हुआ गोल्डमैन सैक्स, 210 करोड़ रुपये लगाकर खरीदी बड़ी हिस्सेदारी

गोल्डमैन सैक्स ने ग्रो की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स में 210.43 करोड़ रुपये का निवेश करते हुए 1.13 करोड़ से अधिक शेयर खरीदे हैं. यह कंपनी में 0.18 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है. हाल ही में सेबी ने स्टेट स्ट्रीट ग्लोबल एडवाइजर्स को भी ग्रो एएमसी में हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी है.

गोल्डमैन सैक्स ने ग्रो में 1.13 करोड़ से अधिक शेयर खरीदे हैं. Image Credit: Tv9

Goldman Sachs: ऑनलाइन निवेश और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ग्रो को लेकर विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ती नजर आ रही है. गोल्डमैन सैक्स ने ग्रो की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स में 210 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है. यह सौदा खुले बाजार के जरिए किया गया. इस निवेश के बाद एक बार फिर ग्रो की ग्रोथ और उसके कारोबार को लेकर बाजार में चर्चा तेज हो गई है. हाल के महीनों में कई विदेशी निवेशकों ने भी कंपनी में अपनी हिस्सेदारी खरीदी या बेची है.

खरीदे 1.13 करोड़ से ज्यादा शेयर

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, गोल्डमैन सैक्स बैंक यूरोप एसई ने बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के 1.13 करोड़ से अधिक शेयर खरीदे. यह कंपनी में करीब 0.18 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है. शेयरों की खरीद औसतन 185.50 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की गई. इस सौदे का कुल मूल्य लगभग 210.43 करोड़ रुपये रहा. वहीं वेंचर कैपिटल फर्म फ्रियाले ने इसी हिस्सेदारी को बेचकर बाहर निकलने का फैसला किया.

ग्रो के शेयरों में दिखी तेजी

इस निवेश की खबर के बीच ग्रो के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर बीएसई पर 0.64 फीसदी की बढ़त के साथ 190.05 रुपये पर बंद हुआ. बाजार जानकारों का मानना है कि किसी बड़ी वैश्विक निवेश संस्था द्वारा हिस्सेदारी खरीदना कंपनी के भविष्य को लेकर पाजिटिव संकेत माना जाता है. इससे अन्य निवेशकों का भरोसा भी मजबूत हो सकता है.

हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी

हाल ही में मार्केट रेगुलेटर सेबी ने अमेरिका की स्टेट स्ट्रीट ग्लोबल एडवाइजर्स को ग्रो एसेट मैनेजमेंट में हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी है. प्रस्तावित सौदे के बाद स्टेट स्ट्रीट को ग्रो एएमसी में 4.85 फीसदी वोटिंग अधिकार और 22.94 फीसदी आर्थिक हिस्सेदारी मिलेगी. यह सौदा भी कंपनी के एसेट मैनेजमेंट कारोबार में विदेशी निवेशकों की बढ़ती रुचि को दिखाता है.

यह भी पढ़ें- 5 जून को इन 3 शेयरों पर लगाएं दांव, ब्रोकरेज ने दिया टारगेट; जानें एंट्री और स्टॉप लॉस

मुनाफे में दर्ज हुई मजबूत बढ़ोतरी

बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स ने मार्च 2026 तिमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है. कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर 686 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 309 करोड़ रुपये था. वहीं कंपनी की कुल इनकम 81 फीसदी बढ़कर 1536 करोड़ रुपये पहुंच गई. मजबूत वित्तीय नतीजों और विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी ने ग्रो को निवेशकों के रडार पर बनाए रखा है.