5 जून को आएगा MPC बैठक का फैसला, क्या सस्ती होगी EMI और घटेगा लोन? गवर्नर संजय मल्होत्रा पर टिकी नजर

भारतीय रिजर्व बैंक की जून मौद्रिक नीति समिति बैठक का फैसला 5 जून सुबह 10 बजे घोषित किया जाएगा. RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ब्याज दरों, महंगाई और आर्थिक वृद्धि को लेकर केंद्रीय बैंक का रुख स्पष्ट करेंगे. इसके बाद दोपहर 12 बजे प्रेस कांफ्रेंस होगी.

भारतीय रिजर्व बैंक की जून मौद्रिक नीति समिति बैठक का फैसला 5 जून सुबह 10 बजे घोषित किया जाएगा. Image Credit: CANVA

RBI MPC Meeting: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक के नतीजे कल यानी 5 जून को जारी होंगे. बाजार, निवेशक, बैंक और कर्ज लेने वाले लोग इस फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा सुबह 10 बजे मौद्रिक नीति की घोषणा करेंगे. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और रुपये में कमजोरी के बीच इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है. निवेशकों की नजर ब्याज दरों, महंगाई और आर्थिक वृद्धि से जुड़े संकेतों पर टिकी हुई है.

कब शुरू हुई MPC की बैठक

RBI की छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति की बैठक 3 जून से शुरू हुई थी. यह बैठक 5 जून तक चलेगी. समिति की अध्यक्षता RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने की. तीन दिन चली चर्चा के बाद 5 जून को अपना फैसला सार्वजनिक करेगी. इस फैसले का असर बैंकिंग, शेयर बाजार और कर्ज की लागत पर देखने को मिल सकता है.

सुबह 10 बजे आएगा नीति फैसला

RBI कल सुबह 10 बजे मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा. इसके बाद दोपहर 12 बजे गवर्नर संजय मल्होत्रा मीडिया को संबोधित करेंगे. प्रेस कांफ्रेंस में वह ब्याज दरों, महंगाई, आर्थिक वृद्धि और भविष्य की नीतिगत दिशा पर विस्तार से जानकारी देंगे.

यह भी पढ़ें: सोने की बढ़ती कीमतों ने बढ़ाई बेचैनी! HDFC म्यूचुअल फंड ने गोल्ड ETF में बड़े निवेश पर लगाई रोक

महंगाई और वृद्धि पर रहेगी नजर

पिछली समीक्षा में आरबीआई ने वित्त वर्ष 2027 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.9 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था. वहीं खुदरा महंगाई का अनुमान बढाकर 4.6 प्रतिशत कर दिया गया था. इस बार बाजार यह जानने को उत्सुक है कि केंद्रीय बैंक महंगाई, वैश्विक चुनौतियों और आर्थिक गतिविधियों को लेकर क्या नया आकलन पेश करता है.