सोना ₹1.60 लाख के पार, चांदी में आई ₹3800 की बड़ी गिरावट; खरीदारी से पहले जान लें ताजा रेट

सोने की कीमतों में गुरुवार को जोरदार उछाल देखने को मिला. राष्ट्रीय राजधानी में 24 कैरेट सोना चढ़कर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया. वहीं चांदी की कीमतों में 3,800 रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई.

सोना-चांदी Image Credit: Canva

Gold and Silver Price 4 June: ग्लोबल मार्केट में आई मजबूती के बीच घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों ने एक नया इतिहास रच दिया है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को सोने के दाम में ₹700 की जोरदार तेजी दर्ज की गई, जिसके बाद 10 ग्राम सोने की कीमत पहली बार ₹1.60 लाख के स्तर को पार कर गई. शादियों के इस सीजन से पहले सोने की इस रिकॉर्ड तोड़ तेजी ने आम खरीदारों के पसीने छुड़ा दिए हैं. हालांकि, सोने से उलट चांदी के खरीदारों के लिए थोड़ी राहत की खबर रही, जहां आज भारी गिरावट देखने को मिली.

सोने की ताजा कीमत

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन (All India Sarafa Association) के मुताबिक, दिल्ली के हाजिर बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले 24 कैरेट सोने का भाव ₹700 की उछाल के साथ ₹1,60,300 प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर पहुंच गया. इससे पिछले कारोबारी सत्र यानी बुधवार को सोना ₹1,59,600 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था.

बाजार विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव और केंद्रीय बैंकों द्वारा लगातार की जा रही सोने की खरीदारी के चलते घरेलू बाजार में यह ऐतिहासिक तेजी देखने को मिल रही है.

चांदी की कीमतों में भारी गिरावट

एक तरफ जहां सोने के भाव आसमान छू रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ चांदी के बाजार में आज बड़ा क्रैश देखने को मिला. दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत ₹3,800 की भारी गिरावट के साथ ₹2,65,700 प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गई.

बुधवार को चांदी ₹2,69,500 प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी. जानकारों के मुताबिक, औद्योगिक मांग में अचानक आई सुस्ती और ऊंचे स्तरों पर हुई मुनाफावसूली के कारण चांदी के दामों में यह बड़ी कटौती हुई है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल

ग्लोबल मार्केट की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सोने में अच्छी तेजी का रुख है. वैश्विक बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 1 फीसदी की बढ़त के साथ 4,471.79 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था.

यह भी पढ़ें: Meesho के शेयरों में 8वें दिन बड़ी गिरावट, 9 जून से खुलेंगे ₹54000 करोड़ के शेयर; निवेशकों में बढ़ी बेचैनी

वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का भाव भी 1.14 प्रतिशत बढ़कर 73.56 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया. एक्सपर्ट्स का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में आ रहे उतार-चढ़ाव और सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की बढ़ती मांग के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें लगातार मजबूत बनी हुई हैं, जिसका सीधा असर भारतीय बाजारों पर दिख रहा है.