5 साल में 1245% रिटर्न, सोमवार को एक बार फिर निवेशकों के रडार पर रहेगा यह मल्टीबैगर शेयर; कंपनी ने दिया नया अपडेट
पिछले 5 वर्षों में 1245 फीसदी रिटर्न देने वाली कंपनी GRM Overseas एक बार फिर निवेशकों के रडार पर है. कंपनी ने 77.18 लाख वॉरंट को इक्विटी शेयरों में कनवर्ट करने और 2:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने का ऐलान किया है. इस प्रक्रिया के बाद कंपनी की पेड अप कैपिटल बढ़कर 41.44 करोड़ रुपये हो गई है.
GRM Overseas: मल्टीबैगर रिटर्न देने वाली कंपनी GRM Overseas एक बार फिर निवेशकों के रडार पर आ गई है. पिछले 5 वर्षों में करीब 1245 फीसदी का शानदार रिटर्न देने वाला यह शेयर सोमवार 9 फरवरी 2026 को खास हलचल दिखा सकता है. इसकी वजह कंपनी द्वारा वॉरंट कनवर्जन और बोनस शेयर जारी करने से जुड़ा बड़ा अपडेट है, जिसे 6 फरवरी को बाजार बंद होने के बाद साझा किया गया. हाल के वर्षों में कंपनी के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और इक्विटी स्ट्रक्चर में हुए बदलावों ने निवेशकों का भरोसा और बढ़ाया है.
वॉरंट कनवर्जन से इक्विटी स्ट्रक्चर मजबूत
कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि बोर्ड ने 77.18 लाख इक्विटी शेयरों के कनवर्जन को मंजूरी दे दी है. ये शेयर 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हैं और इन्हें वॉरंट के जरिए इक्विटी में बदला गया है. इस प्रक्रिया के तहत कंपनी को 112.50 रुपये प्रति वॉरंट के हिसाब से कुल 86.83 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं. यह पूरा कनवर्जन SEBI के आईसीडीआर नियम 2018 के अनुरूप किया गया है. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि अब कोई भी वॉरंट कनवर्जन के लिए लंबित नहीं है, यानी पूरा अलॉटमेंट इक्विटी में तब्दील हो चुका है.
8 अगस्त 2024 को कंपनी के बोर्ड ने 90.70 लाख कनवर्टिबल वॉरंट 150 रुपये प्रति वॉरंट के भाव पर प्रेफरेंशियल बेसिस पर जारी किए थे. उस समय 25 फीसदी सब्सक्रिप्शन के रूप में करीब 34.01 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे. इनमें से पहले 13.52 लाख वॉरंट को इक्विटी में बदला गया था, जबकि शेष 77.18 लाख वॉरंट का कनवर्जन अब पूरा हो चुका है.
बोनस शेयर से निवेशकों को अतिरिक्त फायदा
वॉरंट कनवर्जन के साथ ही कंपनी ने बोनस शेयर जारी करने का भी ऐलान किया है. बोर्ड ने 1,54,36,000 इक्विटी शेयरों के बोनस इश्यू को मंजूरी दी है, जिसे 9 दिसंबर 2025 को हुई आम बैठक में शेयरधारकों की स्वीकृति भी मिल चुकी है. यह बोनस इश्यू 2:1 के अनुपात में है, यानी हर 2 शेयर पर 1 बोनस शेयर मिलेगा. इससे मौजूदा निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़ेगी और शेयर की लिक्विडिटी में भी सुधार आने की संभावना है.
बढ़ा पेड अप कैपिटल
इन सभी अलॉटमेंट के बाद कंपनी की पेड अप कैपिटल 36.81 करोड़ रुपये से बढ़कर 41.44 करोड़ रुपये हो गई है. अब कंपनी के कुल इक्विटी शेयरों की संख्या 20.72 करोड़ हो चुकी है. मजबूत बैलेंस शीट और बेहतर कैपिटल स्ट्रक्चर के चलते GRM Overseas आने वाले समय में भी निवेशकों के लिए चर्चा में बनी रह सकती है. यही कारण है कि सोमवार को यह स्माल कैप मल्टीबैगर शेयर बाजार की नजरों में रहने वाला है.
कैसा है शेयर का हाल
शुक्रवार को कंपनी का शेयर 1.91 फीसदी की तेजी के साथ 165.30 रुपये पर बंद हुआ. पिछले एक महीने में इसमें 2.81 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि बीते 3 महीनों में यह शेयर 11.87 फीसदी उछल चुका है.
यह भी पढ़ें: क्या रूस से तेल की खरीद बंद होगी? ट्रंप के दावे के बाद भारत ने अपना रुख किया साफ, जानें क्या बोला MEA
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




