1 महीने में 103% रिटर्न, ₹21200 के पार ऑर्डर बुक, अभी भी 200 रुपये से सस्ता है शेयर, क्या आपने देखा?

टेलीकॉम और ऑप्टिकल फाइबर कंपनी HFCL के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है. शानदार तिमाही नतीजों, घाटे से मुनाफे में वापसी, ₹21,000 करोड़ से ज्यादा की ऑर्डर बुक और डिफेंस सेक्टर में बड़े विस्तार की योजनाओं ने निवेशकों का भरोसा बढ़ा दिया है. पिछले एक महीने में शेयर लगभग दोगुना हो चुका है.

HFCL Image Credit: Money 9 Live

टेलीकॉम इक्विपमेंट और ऑप्टिकल फाइबर सेक्टर की दिग्गज कंपनी HFCL Ltd. के शेयरों में गुरुवार, 7 मई को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. कंपनी के शेयर 3% की बढ़त के साथ बंद हुए, जिससे पिछले एक महीने में इसकी वैल्यू लगभग दोगुनी हो गई है. बाजार में भारी ट्रेडिंग वॉल्यूम और मुनाफे में आए जोरदार उछाल ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है.

शेयर बाजार में प्रदर्शन

HFCL का शेयर पिछले पांच कारोबारी सत्रों से लगातार बढ़ रहा है और इस दौरान इसमें 37% की तेजी आई है. गुरुवार को करीब 11 करोड़ शेयरों का लेनदेन हुआ, जो इसके 20 दिनों के औसत (6.3 करोड़) से कहीं ज्यादा है. पिछले 21 सत्रों में से 17 दिन यह शेयर बढ़त के साथ बंद हुआ है, जिससे यह निफ्टी 500 के सबसे सक्रिय शेयरों में शुमार हो गया है. बीते 1 महीने में कंपनी के शेयरों में 103 फीसदी की तेजी देखने को मिली है.

घाटे से मुनाफे में वापसी

इस रैली के पीछे मार्च तिमाही (Q4FY26) के शानदार नतीजे हैं. पिछले साल की समान तिमाही में ₹81.4 करोड़ का घाटा सहने वाली कंपनी ने इस बार ₹178.5 करोड़ का शुद्ध लाभ कमाया है.

  • रेवेन्यू: सालाना आधार पर दोगुना होकर ₹1,824 करोड़ पर पहुंच गया.
  • EBITDA: मार्जिन सुधरकर 18.5% हो गया.
  • सालाना प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2026 के लिए कंपनी का रेवेन्यू 21.8% बढ़कर ₹4,949 करोड़ रहा और मुनाफा 90% उछाल के साथ ₹329.4 करोड़ दर्ज किया गया.

₹10,000 करोड़ के रेवेन्यू का टारगेट

HFCL ने वित्त वर्ष 2029 तक ₹10,000 करोड़ से अधिक का रेवेन्यू हासिल करने की आक्रामक रणनीति तैयार की है.

  • एक्सपोर्ट: कंपनी का लक्ष्य है कि FY27 से उसकी कमाई का 50% से ज्यादा हिस्सा विदेशी बाजारों से आए (वर्तमान में 41%).
  • ऑर्डर बुक: कंपनी के पास फिलहाल ₹21,200 करोड़ से ज्यादा के ऑर्डर हैं. इसमें हाल ही में मिला 1.1 बिलियन डॉलर का ग्लोबल ऑप्टिकल फाइबर कॉन्ट्रैक्ट भी शामिल है.
  • डिफेंस सेक्टर: कंपनी आंध्र प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने जा रही है, जिसका काम इसी महीने शुरू हो सकता है.

यह भी पढ़ें: SEBI के पास पहुंचा InCred IPO! KKR बेचेगी करोड़ों शेयर, जानें कितने वैल्यू के साथ आएगी ये फिनटेक कंपनी

फंड जुटाने और रिस्ट्रक्चरिंग की तैयारी

कंपनी के बोर्ड ने प्रमोटर ग्रुप को ₹74 प्रति वारंट की दर से 7.5 करोड़ वारंट जारी कर ₹555 करोड़ जुटाने की मंजूरी दी है. इसके अलावा, कंपनी अपने टेलीकॉम, डिफेंस और EPC कारोबार को अलग करने (Demerger) या हिस्सेदारी बेचने की संभावनाओं पर विचार करने के लिए एक स्ट्रैटेजिक रिस्ट्रक्चरिंग कमेटी का गठन भी किया है. बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और एक्सपोर्ट पर बढ़ते फोकस ने HFCL को निवेशकों की पहली पसंद बना दिया है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.