L&T के शेयरों में भूचाल, 7% से अधिक टूटा स्टॉक; मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव से दबाव

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण शेयर बाजार में दबाव देखने को मिला, जिसका असर इंफ्रास्ट्रक्चर दिग्गज Larsen & Toubro (L&T) के शेयरों पर भी पड़ा. कंपनी का स्टॉक 4 मार्च को करीब 7% से अधिक गिरकर पांच हफ्तों के निचले स्तर पर पहुंच गया. पिछले चार ट्रेडिंग सेशन में शेयर लगभग 12.5% टूट चुका है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है.

Larsen & Toubro (L&T) Plunged Image Credit: @AI/Money9live

Larsen & Toubro (L&T) Plunged: इंफ्रास्ट्रक्चर और इंजीनियरिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी Larsen & Toubro (L&T) के शेयरों में 4 मार्च को तेज गिरावट देखने को मिली. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण बाजार में दबाव बना, जिसका असर कंपनी के शेयर पर भी पड़ा. कारोबार के दौरान L&T का शेयर करीब 7% गिरकर 3,760 रुपये तक पहुंच गया और यह निफ्टी का सबसे बड़ा गिरने वाला स्टॉक बन गया.

शेयरों में लगातार गिरावट

L&T के शेयरों में पिछले कुछ दिनों से दबाव बना हुआ है. पिछले चार ट्रेडिंग सेशन में कंपनी का स्टॉक करीब 12.5% तक गिर चुका है. 4 मार्च को सुबह करीब 10:25 बजे शेयर लगभग 7% की गिरावट के साथ 3,760 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. वहीं, इस दौरान निफ्टी इंडेक्स भी करीब 1.8% की कमजोरी के साथ कारोबार करता दिखा.

अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर से मजबूत ऑर्डर बुक

कंपनी की ऑर्डर बुक में अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स का बड़ा योगदान है. 31 दिसंबर 2025 तक के नौ महीनों में कंपनी को 1,91,084 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर मिले, जो मिले कुल ऑर्डर का 55% है. दिसंबर तिमाही में भी 66,848 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर मिले, जो कुल ऑर्डर इनफ्लो का 49% रहे. वहीं, इसी तिमाही में 38,775 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय आय दर्ज की गई, जो कंपनी की कुल आय का 54% हिस्सा है.

मुनाफे पर पड़ा एकमुश्त प्रावधान का असर

जनवरी में जारी नतीजों में कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 4.2% घटकर 3,215 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का मुनाफा 3,359 करोड़ रुपये था. मुनाफे में गिरावट की मुख्य वजह नए लेबर कोड के लागू होने से कर्मचारियों से जुड़े लाभों के लिए 1,191 करोड़ रुपये का एकमुश्त प्रावधान करना रहा.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.