PC Jeweller में लगातार खरीदारी! 7 दिन में 36% उछला शेयर, आज 4% तेजी; आखिर क्या हुआ?

PC Jeweller के शेयर में एक हफ्ते में 36% से ज्यादा तेजी आई है और बुधवार को यह 4% तक चढ़ा. तेजी की बड़ी वजह कंपनी का कर्ज चुकाने की दिशा में आगे बढ़ना है. 14 में से 10 बैंकों का पूरा बकाया चुका दिया गया है, जबकि बाकी 4 बैंकों के 96% से ज्यादा कर्ज का पेमेंट हो चुका है. Q1 FY27 में मुनाफा 37% बढ़ा.

पीसी ज्वेलर Image Credit: Tv9 Network

Highlights

  • PC Jeweller का शेयर बुधवार को 4% तक बढ़कर ₹14.07 पर पहुंचा.
  • 14 बैंकों में से 10 का पूरा बकाया चुका दिया गया है.
  • Q1 FY27 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 37% बढ़कर ₹222 करोड़ और ऑपरेशंस से रेवेन्यू 21% बढ़कर ₹877 करोड़ हो गया.

PC Jeweller के शेयरों में बुधवार को एक बार फिर तेजी देखने को मिली. कंपनी की ओर से एक और कंसोर्टियम बैंक का बकाया कर्ज चुका दिए जाने की जानकारी के बाद शेयर करीब 4% बढ़कर 14.07 रुपये तक पहुंच गया. इसके साथ ही पिछले एक हफ्ते में शेयर का रिटर्न 36% से ज्यादा हो गया है. कंपनी लगातार अपने कर्ज को कम कर रही है और इसी महीने पूरी तरह कर्जमुक्त होने का लक्ष्य रखा है.

मंगलवार को शेयर में मुनाफावसूली देखने को मिली थी, जिससे तीन दिन की लगातार तेजी पर ब्रेक लगा था. हालांकि, इसके बावजूद शेयर ने इस हफ्ते मजबूत प्रदर्शन किया है.

10 बैंकों का कर्ज चुका चुकी है कंपनी

कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसने एक और बैंक का पूरा बकाया चुका दिया है. इसके साथ ही 14 बैंकों वाले कंसोर्टियम में से 10 बैंकों का पूरा बकाया अब चुकाया जा चुका है. खास बात यह है कि कंपनी ने ये सभी पेमेंट तय समय से पहले पूरे किए हैं.

PC Jeweller ने कहा है कि बाकी चार बैंकों के कुल बकाया कर्ज का 96% से ज्यादा हिस्सा भी चुकाया जा चुका है. अब इन चार बैंकों का 4% से भी कम बकाया बचा है. कंपनी का कहना है कि वह इस बचे हुए कर्ज को भी इसी महीने चुकाकर पूरी तरह कर्जमुक्त होने के लक्ष्य पर आगे बढ़ रही है.

₹4,100 करोड़ के कर्ज से शुरू हुई थी पूरी प्रक्रिया

PC Jeweller का कर्ज निपटाने का यह पूरा मामला सितंबर 2024 में हुए सेटलमेंट एग्रीमेंट से जुड़ा है. यह समझौता भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई वाले 14 बैंकों के कंसोर्टियम के साथ हुआ था. मार्च 2024 तक कंपनी पर करीब ₹4,100 करोड़ का दबाव वाला कर्ज था.

इस कंसोर्टियम में Union Bank, Punjab National Bank, Axis Bank, IndusInd Bank, Bank of India, IDBI Bank, Karur Vysya Bank, Kotak Mahindra Bank, Indian Overseas Bank, Canara Bank, Indian Bank, Bank of Baroda और IDFC First Bank शामिल थे.

शेयर ने 1 हफ्ते में दिया 36% से ज्यादा रिटर्न

PC Jeweller के शेयर ने हाल के समय में जोरदार प्रदर्शन किया है. बुधवार के कारोबार में शेयर ₹13.53 पर खुला और 4% तक चढ़कर ₹14.07 के दिन के हाई पर पहुंच गया. पिछले एक हफ्ते में शेयर करीब 36% चढ़ चुका है. तीन महीने में इसमें 42% की तेजी आई है, जबकि छह महीने का रिटर्न करीब 58% है. हालांकि, एक साल की अवधि में शेयर अभी भी करीब 4% नीचे है. लंबी अवधि की बात करें तो शेयर ने 439% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है.

Q1 में मुनाफा 37% बढ़ा

कंपनी के हालिया तिमाही नतीजे भी निवेशकों के लिए सकारात्मक रहे हैं. PC Jeweller ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में 222 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछले साल की समान तिमाही के ₹153 करोड़ से 37% ज्यादा है. कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी 21% बढ़कर ₹877 करोड़ हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में ₹725 करोड़ था.

क्यों चढ़ रहा है PC Jeweller का शेयर?

PC Jeweller के शेयर में हालिया तेजी के पीछे सबसे बड़ा ट्रिगर कंपनी की कर्ज कम करने की लगातार कोशिश नजर आ रही है. 14 में से 10 बैंकों का पूरा बकाया चुकाया जा चुका है और बाकी चार बैंकों के कर्ज का भी 96% से ज्यादा पेमेंट हो चुका है.

इसके साथ ही कंपनी के मुनाफे और रेवेन्यू में मजबूत बढ़ोतरी ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है. हालांकि, शेयर में इतनी तेज तेजी के बाद आगे का प्रदर्शन कंपनी के कर्जमुक्त होने, कारोबार की ग्रोथ और वित्तीय स्थिति में सुधार पर निर्भर करेगा.

इसे भी पढ़ें- Innovision को NHAI से मिले 243.59 करोड़ रुपये के 2 कॉन्ट्रैक्ट, 18% उछला शेयर; निवेशक रखें नजर

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.