TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

सरकारी बैंकों ने की रिकॉर्ड तोड़ कमाई, SBI ने मारी बाजी, ये PSUs भी निकले खिलाड़ी, शेयरों पर रखें नजर

सरकारी बैंकों की कमाई बढ़ी है. इस तिमाही इनका प्रदर्शन बेहतर रहा. सबसे ज्‍यादा मुनाफा स्‍टेट बैंक ऑफ इंडिया ने दर्ज की. बैंकों की कमाई बढ़ने से इनके स्‍टॉक्‍स में भी हलचल देखने को मिल सकती है. तो किस बैंक के शेयरों में कितना है दम, क्‍या है वर्तमान कीमत, यहां करें चेक.

बैंकिंग स्‍टॉक्‍स Image Credit: Canva

PSU Bank Stocks: देश के सरकारी बैंकों ने इस बार जबरदस्त कमाई की है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के नेतृत्व वाले पब्लिक सेक्टर बैंकों (PSBs) ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड तोड़ कमाई की. एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक इस बार सरकारी बैंकों ने ₹49,456 करोड़ का संयुक्त मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 9% ज्यादा है.

पिछले साल की सितंबर तिमाही यानी FY25 Q2 में सभी 12 सरकारी बैंकों का कुल मुनाफा ₹45,547 करोड़ था. इस बार बैंकों ने ₹3,909 करोड़ ज्यादा कमाए हैं. ऐसे में इन बैंकों के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है. तो किस बैंक ने की सबसे ज्‍यादा कमाई और किसके शेयर में दिख रहा ज्‍यादा दम, आइए नजर डालते हैं.

SBI बना मुनाफे का बादशाह

बाजार का सबसे बड़ा खिलाड़ी SBI मुनाफे की रेस में सबसे आगे रहा. इस सरकारी बैंक ने अकेले ही कुल मुनाफे का 40% हिस्सा अपने नाम किया. बैंक ने दूसरी तिमाही (Q2 FY26) में ₹20,160 करोड़ का शुद्ध लाभ कमाया, जो पिछले साल के मुकाबले 10% ज्यादा है.

शेयरों का प्रदर्शन

स्‍टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयर की वर्तमान कीमत 957.60 रुपये है. 3 महीने में इसके शेयर 19.56 फीसदी बढ़े हैं. वहीं 3 साल में ये 56 फीसदी उछला है. 5 साल में इसने 337 फीसदी का रिटर्न दिया है.

Indian Overseas Bank और Central Bank भी चमके

चेन्नई स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का भी प्रदर्शन जबरदस्‍त रहा. IOB का मुनाफा 58% बढ़कर ₹1,226 करोड़ पर पहुंच गया. वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का ने 33% की बढ़त के साथ ₹1,213 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया.

शेयरों का प्रदर्शन

Indian Overseas Bank के शेयर की कीमत अभी 39.55 रुपये है. साल भर का इसका प्रदर्शन अच्‍छा नहीं रहा है. इसने 27 पर्सेंट का नेगेटिव रिटर्न दिया है. जबकि 3 साल में ये 76 फीसदी उछला है. वहीं 5 साल में इसने 289 फीसदी रिटर्न दिया है.

बाकी बैंकों का प्रदर्शन भी दमदार

बैंक ऑफ महाराष्ट्र और पंजाब एंड सिंध बैंक ने 23% की बढ़त दर्ज की. जबकि केनरा बैंक ने 19%, पंजाब नेशनल बैंक ने 14% और इंडियन बैंक ने 12% की वृद्धि दर्ज की. वहीं सिंगल डिजिट में बढ़त रिकॉर्ड करने वालों में बैंक ऑफ इंडिया 8% और यूको बैंक 3% पर हैं.

शेयरों का प्रदर्शन

Bank of Maharashtra के शेयर 58.44 रुपये पर मिल रहे हैं. 3 साल में इसने 154 फीसदी और 5 साल में 424 फीसदी तक का रिटर्न दिया है. पंजाब एंड सिंध बैंक के शेयर की कीमत 31.14 रुपये है. 3 साल में ये 62 फीसदी और 5 साल में 188 फीसदी बढ़ा है. वहीं पंजाब नेशनल बैंक के शेयर की कीमत 123 रुपये है. सालभर में ये 16 पर्सेंट उछला है. 3 साल में इसने 187 फीसदी और 5 साल में 344 फीसदी तक का रिटर्न दिया है.

यह भी पढ़ें: 1 साल में 3222% का Multibagger रिटर्न! अब 5% डिविडेंड का ऐलान; Q2 Profit में 128% का उछाल

इन बैंकों की कमाई घटी

सरकारी बैंकों में ज्‍यादातर ने बेहतर प्रदर्शन किया है. हालंकि दो बैंक ऐसे भी रहे, जिनका मुनाफा इस बार घटा है. इनमें Bank of Baroda और Union Bank शामिल हैं. बैंक ऑफ बड़ौदा का मुनाफा 8% गिरकर ₹4,809 करोड़ रह गया, जबकि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का मुनाफा 10% घटकर ₹4,249 करोड़ पर आ गया.

6 महीनों में तोड़ा रिकॉर्ड

सितंबर 2025 तक के पहले छह महीनों में सभी 12 सरकारी बैंकों का संयुक्त मुनाफा ₹93,674 करोड़ तक पहुंच गया है. यह अब तक का सबसे ज्यादा है और पिछले साल के ₹85,520 करोड़ की तुलना में करीब 10% की बढ़ोतरी दर्शाता है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.