डिमांड ऐसी कि कंपनी खोलेगी 50 नए होटल! इस हॉस्पिटैलिटी स्टॉक्स की धूम, एक हफ्ते में 6% की तेजी

विदेश घूमने का खर्च बढ़ने के कारण बड़ी संख्या में लोग अब देश के अंदर ही छुट्टियां बिताना पसंद कर रहे हैं. इसी बढ़ती मांग को देखते हुए होटल चेन Royal Orchid Hotels ने बड़ा विस्तार प्लान तैयार किया है. कंपनी अगले 12 से 18 महीनों में देशभर में कम से कम 50 नए होटल खोलने की योजना बना रही है.

Royal Orchid Hotels Image Credit: Canva/Money9 live

Royal Orchid Hotels: वेस्ट एशिया में तनाव, बढ़ते हवाई किराए और कमजोर रुपये का असर अब भारतीय पर्यटन बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है. विदेश घूमने का खर्च बढ़ने के कारण बड़ी संख्या में लोग अब देश के अंदर ही छुट्टियां बिताना पसंद कर रहे हैं. इसी बढ़ती मांग को देखते हुए होटल चेन Royal Orchid Hotels ने बड़ा विस्तार प्लान तैयार किया है. कंपनी अगले 12 से 18 महीनों में देशभर में कम से कम 50 नए होटल खोलने की योजना बना रही है.

कंपनी का मानना है कि घरेलू पर्यटन, धार्मिक यात्राएं और कारोबारी यात्राएं आने वाले वर्षों में होटल उद्योग की ग्रोथ को आगे बढ़ाएंगी. इसी वजह से Royal Orchid अपने कमरों की संख्या और मौजूदगी दोनों को तेजी से बढ़ाने पर फोकस कर रही है. कंपनी को उम्मीद है कि भारत में बढ़ती यात्रा गतिविधियां उसके कारोबार को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी.

50 नए होटल खोलने की तैयारी

ET के हवाले से Royal Orchid Hotels के चेयरमैन और संस्थापक चंदर बलजी ने बताया कि कंपनी अगले 12 से 18 महीनों में कम से कम 50 नए होटल शुरू करने की योजना बना रही है. फिलहाल कंपनी देश और विदेश में कुल 120 होटल संचालित कर रही है. कंपनी का टारगेट साल 2027 के अंत तक अपने कमरों की संख्या 8,000 से बढ़ाकर लगभग 11,000 करना है.

शेयरों में भी तेजी

मंगलवार के दिन 2:23 पर शेयरों में 1 फिसदी से अधिक की तेजी देखने को मिली. वहीं पिछले एक हफ्तों में कंपनी के शेयरों में 5 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी देखी गई है.

विदेश यात्रा महंगी होने का मिला फायदा

हाल के महीनों में वेस्ट एशिया क्षेत्र में तनाव और उड़ानों पर असर के कारण कई लोगों ने विदेश यात्रा की अपनी योजनाएं रद्द कर दीं. इसके अलावा रुपये में कमजोरी आने से विदेशी यात्राएं और महंगी हो गई हैं. कंपनी का कहना है कि इसका सीधा फायदा घरेलू पर्यटन को मिला है और लोग अब भारत के अलग-अलग हिस्सों में घूमना पसंद कर रहे हैं.

घरेलू पर्यटन बना सबसे बड़ा सहारा

  • Royal Orchid का मानना है कि धार्मिक पर्यटन, कारोबारी यात्राएं और बड़े आयोजनों के कारण होटल उद्योग में मांग लगातार बनी रहेगी.
  • लोग अब पहले के मुकाबले यात्रा और नए अनुभवों पर ज्यादा खर्च कर रहे हैं.
  • यही वजह है कि होटल कंपनियां आने वाले समय को लेकर काफी उत्साहित हैं.

कई शहरों में मजबूत मौजूदगी

बेंगलुरु स्थित Royal Orchid Hotels देश के 65 से ज्यादा शहरों और पर्यटन स्थलों में मौजूद है. कंपनी मेट्रो शहरों के साथ-साथ छोटे और मध्यम शहरों में भी तेजी से विस्तार कर रही है. इसके अलावा श्रीलंका और नेपाल जैसे देशों में भी कंपनी के होटल हैं.

Royal Orchid का कारोबार ऐसे मॉडल पर आधारित है जिसमें कंपनी होटल की इमारत खरीदने के बजाय प्रबंधन और फ्रेंचाइजी के जरिए विस्तार करती है. इससे कम निवेश में तेजी से नए होटल जोड़ने में मदद मिलती है. कंपनी फिलहाल भारत को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता मान रही है, हालांकि विदेशों में भी विस्तार के अवसर तलाश रही है.

होटल सेक्टर को लेकर क्या है उम्मीद?

  • रेटिंग एजेंसी India Ratings and Research का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष में भारत में होटल सेक्टर की मांग और सप्लाई 10 से 15 फीसदी तक बढ़ सकती है.
  • घरेलू पर्यटन में लगातार बढ़ोतरी और यात्रा पर बढ़ते खर्च से होटल उद्योग को आने वाले वर्षों में बड़ा फायदा मिल सकता है.
  • इसी वजह से Royal Orchid जैसे होटल समूह तेजी से विस्तार की राह पर आगे बढ़ रहे हैं.

यह भी पढ़ें: NSE के पास 1.8 लाख शेयरहोल्डर्स, वैल्यूएशन का अनुमान ₹5 लाख करोड़; अनलिस्टेड मार्केट में 2000 रुपये पहुंचा शेयर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.