24 घंटे में दौलत की सुनामी! दुनिया के 500 सबसे अमीरों ने कमाए 336 अरब डॉलर, एलन मस्क सबसे आगे

15 जून को दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में रिकॉर्ड 336 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई, जिससे उनकी कुल संपत्ति 13.3 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई. SpaceX के पब्लिक होने और बाजार में तेजी का सबसे ज्यादा फायदा एलन मस्क को मिला. उनकी संपत्ति 1.27 ट्रिलियन डॉलर हो गई है.

दुनिया भर के अरबपतियों की संपत्ति तेजी से बढ़ी है Image Credit: tv9 bharatvarsh

World’s 500 Richest: 15 जून, सोमवार का दिन दुनिया के सबसे अमीर लोगों के लिए बेहद शानदार साबित हुआ. Bloomberg Billionaires Index के अनुसार, न्यूयॉर्क में कारोबार बंद होने तक दुनिया के 500 सबसे धनी लोगों की संपत्ति में 336 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई. यह एक दिन में दर्ज की गई अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है. इसके साथ ही इन 500 अरबपतियों की कुल संपत्ति बढ़कर रिकॉर्ड 13.3 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गई.

दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर एलन मस्क ने इस दौड़ में अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है. उनकी कुल संपत्ति 10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 1.27 ट्रिलियन डॉलर हो गई. वहीं, Bloomberg Billionaires Index में शामिल सबसे कम संपत्ति वाले 12 लोगों की संपत्ति भी 7.9 अरब डॉलर प्रति व्यक्ति तक पहुंच गई.

अमेरिका-ईरान समझौते और SpaceX की लिस्टिंग से बाजार में आया जोश

सोमवार को बाजार में पहले से ही पॉजिटिव माहौल था. इसकी एक बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच हॉर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए हुआ अंतरिम समझौता रहा. वहीं, Space Exploration Technologies Corp. यानी SpaceX ने पिछले हफ्ते सार्वजनिक कंपनी के रूप में शानदार शुरुआत की थी.

इसका असर वैश्विक शेयर बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया. Dow Jones Industrial Average रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि Nasdaq 100 और MSCI World Index अपने अपने आल टाइम हाई के करीब बंद हुए.

SpaceX की लिस्टिंग बनी दौलत में रिकॉर्ड उछाल की सबसे बड़ी वजह

दुनिया के अरबपतियों की संपत्ति में आई इस रिकॉर्ड बढ़ोतरी के पीछे सबसे बड़ा योगदान SpaceX का रहा. कंपनी के शेयरों में रिटेल निवेशकों ने जमकर निवेश किया, जिससे उसका मार्केट वैल्यू 20 प्रतिशत बढ़ गया.

इस तेजी का सबसे ज्यादा फायदा एलन मस्क को हुआ. उनकी संपत्ति में सिर्फ एक दिन में 164 अरब डॉलर का इजाफा हुआ. यह रकम Bloomberg Billionaires Index में शामिल बाकी 499 लोगों की कुल बढ़ोतरी के लगभग बराबर है.

मस्क सबसे आगे

SpaceX के पब्लिक होने के बाद एलन मस्क की संपत्ति दूसरी अरबपतियों से काफी आगे निकल गई है. उनकी कुल संपत्ति लगभग 1,273 अरब डॉलर है. वहीं, लैरी पेज की संपत्ति 314 अरब डॉलर, सर्गेई ब्रिन की 292 अरब डॉलर, जेफ बेजोस की 267 अरब डॉलर और लैरी एलिसन की 247 अरब डॉलर है.

क्रमनामसंपत्ति (अरब डॉलर में)
1एलन मस्क1,273
2लैरी पेज314
3सर्गेई ब्रिन292
4जेफ बेजोस267
5लैरी एलिसन247
सोर्स- Bloomberg Billionaires Index की रिपोर्ट

अमीरों के बीच भी बढ़ रही है संपत्ति की खाई

एलन मस्क की संपत्ति लंबे समय से दुनिया के सबसे अमीर लोगों और आम लोगों के बीच बढ़ती आर्थिक असमानता का उदाहरण रही है. अब यह अंतर दुनिया के सबसे अमीर लोगों के बीच भी साफ दिखाई देने लगा है. रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के सबसे अमीर 50 लोगों के पास अब 6.5 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति है. दूसरी ओर, लिस्ट में शामिल निचले 450 लोगों की कुल संपत्ति 6.8 ट्रिलियन डॉलर है. यानी शीर्ष 50 अरबपतियों के पास लगभग उतनी ही संपत्ति है, जितनी बाकी 450 अरबपतियों के पास मिलकर है.

इसे भी पढ़ें- Suzlon में आने वाली है जोरदार तेजी, एक्सपर्ट ने बेचने से किया मना; जानें- कितने रुपये तक पहुंचेगा ये ग्रीन एनर्जी स्टॉक