HDFC AMC का इन्वेस्टमेंट के लिए नया एप्रोच, ‘ग्रोथ फॉर गुड’ पोर्टफोलियो से स्थिर और टिकाऊ निवेश पर फोकस
Growth for GOOD Portfolio’ मुख्य रूप से उन कंपनियों में निवेश करेगा जो मजबूत कॉरपोरेट गवर्नेंस और पारदर्शिता का प्रदर्शन करती हैं. इस रणनीति की सबसे बड़ी विशेषता इसका ‘नॉन-हार्म’ (Non-Harm) और सस्टेनेबिलिटी सिद्धांत है.
निवेशकों के बीच जिम्मेदार और मूल्य-आधारित निवेश की बढ़ती मांग को देखते हुए HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (HDFC AMC) ने निवेश के लिए नया एप्रोच ‘HDFC Growth for GOOD Portfolio’ अपनाया है. वित्तीय बाजारों में तेजी से बदलाव के बीच अब निवेशकों का एक बड़ा वर्ग केवल मुनाफे तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि यह भी चाहता है कि उसकी पूंजी समाज और पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव डाले. इसी सोच को ध्यान में रखते हुए HDFC AMC ने यह नया निवेश एप्रोच तैयार किया है.
लॉन्ग टर्म ग्रोथ की क्षमता
कंपनी के अनुसार, ‘Growth for GOOD Portfolio’ मुख्य रूप से उन कंपनियों में निवेश करेगा जो मजबूत कॉरपोरेट गवर्नेंस और पारदर्शिता का प्रदर्शन करती हैं, समाज के लिए सकारात्मक परिणाम देने वाले कारोबारी मॉडल अपनाती हैं तथा बेहतर वित्तीय संकेतकों जैसे ROCE, ROE, EPS, CAGR और फ्री कैश फ्लो (FCF) ग्रोथ के आधार पर लॉन्ग टर्म ग्रोथ की क्षमता रखती हैं. इसके अलावा, पूंजी के एफिशिएंट उपयोग और टिकाऊ कारोबारी रणनीति को भी निवेश चुनने का महत्वपूर्ण आधार बनाया जाएगा.
ऐसी कंपनियों में निवेश से परहेज
इस रणनीति की सबसे बड़ी विशेषता इसका ‘नॉन-हार्म’ (Non-Harm) और सस्टेनेबिलिटी सिद्धांत है. इसके तहत उन कंपनियों में निवेश से परहेज किया जाएगा जिनकी आय मुख्य रूप से रक्षा (Defence), शराब, सिगरेट और तंबाकू उत्पाद, डेयरी उत्पाद, चमड़ा उद्योग, पशु परीक्षण, मांस एवं पोल्ट्री उद्योग, पशु क्रूरता से जुड़े व्यवसाय, मांस या शराब परोसने वाले कारोबार, जुआ और सट्टेबाजी जैसे क्षेत्रों से आती है. कंपनी का मानना है कि इस तरह निवेशकों का पैसा ऐसे व्यवसायों में लगेगा जो समाज और पर्यावरण के लिए अपेक्षाकृत बेहतर योगदान देते हैं.
भविष्य को आकार देने का जरिया
HDFC AMC के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवनीत मुनोत ने कहा कि निवेश केवल संपत्ति बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह उस भविष्य को आकार देने का भी जरिया है जिसे हम बनाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि यह रणनीति इस विश्वास पर आधारित है कि लॉन्ग टर्म वैल्यू क्रिएशन तभी संभव है जब व्यवसाय प्लेनेट, लोगों और समाज के लिए भी लाभकारी हों.
वहीं, HDFC AMC में PMS एवं AIF के वरिष्ठ फंड मैनेजर आशीष जगनानी ने कहा कि ‘Growth for GOOD Portfolio’ का उद्देश्य नैतिक निवेश सिद्धांतों, मजबूत रिसर्च और लगातार ग्रोथ पर फोकस के जरिए लंबी अवधि में बेहतर जोखिम-समायोजित रिटर्न प्रदान करना है.
31 मार्च 2026 तक HDFC AMC PMS विभिन्न निवेश रणनीतियों के माध्यम से 10,573.10 करोड़ रुपये के एसेट्स का प्रबंधन कर रहा था. कंपनी निवेशकों को डायरेक्ट ऑनबोर्डिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराती है, जिससे वे बिना किसी डिस्ट्रीब्यूटर की मध्यस्थता के PMS सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं.
Latest Stories
HDFC Defence Fund का बड़ा दांव! मई में Tata Motors को पोर्टफोलियो में किया शामिल; 2 शेयरों में घटाई हिस्सेदारी
इस फंड ने ₹10000 की sip को बना दिया ₹1.56 करोड़, 21 साल में मिला 15% सालाना कंपाउंडिंग का दमदार रिटर्न
इन 3 म्यूचुअल फंड ने दिया 21% तक का रिटर्न, ₹10000 की SIP बनी ₹35 लाख; जानें पूरा कैलकुलेशन
