RVNL को धड़ाधड़ मिल रहे ऑर्डर, ₹1,978 करोड़ के कॉन्‍ट्रैक्‍ट से चमका शेयर, NMDC से मिली बड़ी सौगात

भारतीय रेलवे की निर्माण इकाई RVNL को एनएमडीसी से बड़े पैमाने पर नए प्रोजेक्ट्स मिलने के बाद शेयरों में हल्की तेजी देखने को मिली. कंपनी को रेजिडेंशियल टावर और संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के कई ऑर्डर मिले हैं, जिससे इसकी ऑर्डर बुक मजबूत हुई है और निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. हालांकि तिमाही नतीजों में मुनाफे पर हल्का दबाव दिखा, लेकिन रेवेन्यू में बढ़त और घोषित अंतरिम डिविडेंड ने सकारात्मक संकेत दिए हैं.

आरवीएनल Image Credit: Tv9 Bharatvarsh

RVNL bags new orders: भारतीय रेलवे की कंस्ट्रक्शन आर्म Rail Vikas Nigam Ltd यानी RVNLके शेयर गुरुवार, 26 फरवरी को हरे निशान में कारोबार करते दिखे. शेयरों में हल्‍की तेजी देखने को मिली. इसकी वजह कंपनी को मिल रहे धड़ाधड़ ऑर्डर रहे. दरअसल रेल विकास निगम को नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन यानी NMDC से कुल 1,978.04 करोड़ रुपये के कई ऑर्डर मिले हैं, जिसके बाद से निवेशकों की दिलचस्पी इसमें बढ़ी है.

NSE पर शेयर करीब 1% तक चढ़कर 321 रुपये के स्तर तक पहुंचा और अंत में 318 रुपये पर 0.13% की बढ़त के साथ बंद हुआ. कंपनी का 52 हफ्ते का हाई 447.80 रुपये 20 मई 2025 को दर्ज किया गया था, जबकि 9 दिसंबर 2025 को यह 301.20 रुपये के सालाना निचले स्तर पर पहुंचा था.

कहां कितना मिला ऑर्डर?

  • कंपनी को NMDC से छत्तीसगढ़ के बचेेली स्थित आयरन ओर डिपॉजिट-5 में रेजिडेंशियल टावर्स के निर्माण के लिए 796.80 करोड़ रुपये का लेटर ऑफ अवॉर्ड मिला है. इसके अलावा 536.40 करोड़ रुपये का ऑर्डर आयरन ओर डिपॉजिट-10/11A में रेजिडेंशियल टावर्स के लिए मिला है.
  • तीसरा ऑर्डर 644.84 करोड़ रुपये का है, जिसमें रेजिडेंशियल टावर्स के साथ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण शामिल है. ये सभी प्रोजेक्ट 34 महीनों में पूरे किए जाएंगे. कंपनी ने साफ किया है कि ऑर्डर देने वाली संस्था में प्रमोटर की कोई हिस्सेदारी नहीं है.
  • इससे एक दिन पहले भी RVNL ने NMDC के साथ 656.21 करोड़ रुपये के दो ऑर्डर साइन किए थे, जो रेजिडेंशियल टावर और टाउनशिप निर्माण से जुड़े हैं.

यह भी पढ़ें: ट्रांसफार्मर ऑयल का ये है छुपा रुस्‍तम खिलाड़ी, कंपनी पर नहीं एक रुपये का भी कर्ज, Q3 रिजल्‍ट से मिला बूस्‍ट, शेयर बना रॉकेट

तिमाही नतीजे और डिविडेंड

दिसंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा 4% घटकर 324.14 करोड़ रुपये रहा. हालांकि ऑपरेशंस से रेवेन्यू 2.56% बढ़कर 4,684.46 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी ने FY26 के लिए 1 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड भी घोषित किया है, जिसकी रिकॉर्ड डेट 11 फरवरी तय की गई थी. यह डिविडेंड 6 मार्च तक निवेशकों को भुगतान किया जाएगा.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.