SBI Q4 Results: मुनाफा 5.6 फीसदी बढ़ा, भारी भरकम डिविडेंड का ऐलान, 6% टूटे शेयर; जानें क्या है वजह?
बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार जारी रहा. Gross NPA यानी खराब कर्ज का अनुपात घटकर 1.49 फीसदी रह गया, जो पिछली तिमाही में 1.57 फीसदी था. वहीं Net NPA 0.39 फीसदी पर स्थिर रहा. तिमाही के दौरान बैंक का Provision काफी घटा, जिससे मुनाफे को सपोर्ट मिला.

State Bank of India Result : देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India यानी SBI ने चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में बैंक का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 5.6 फीसदी बढ़कर 19,684 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, बैंक का मुनाफा बाजार के अनुमान से कमजोर रहा, जिसके बाद शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली. आइए जानते हैं कि ऐसी कौन सी वजह है जिससे शेयरों में भयंकर गिरावट देखने को मिली है?
6 फीसदी से ज्यादा टूटा SBI का शेयर
Q4 नतीजों के बाद SBI का शेयर शुक्रवार को करीब 6 फीसदी टूटकर 1,027 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा. बाजार को बैंक से ज्यादा मजबूत कमाई और बेहतर Net Interest Income यानी NII की उम्मीद थी, लेकिन आंकड़े अनुमान से कमजोर रहे.
NII भी उम्मीद से कम
तिमाही के दौरान SBI की Net Interest Income यानी ब्याज से होने वाली कमाई 4.1 फीसदी बढ़कर 44,380 करोड़ रुपये रही. पिछले साल समान तिमाही में यह 42,618 करोड़ रुपये थी. हालांकि यह आंकड़ा भी बाजार के अनुमान से नीचे रहा, जिससे निवेशकों की निराशा बढ़ी.
डिविडेंड का ऐलान
SBI के बोर्ड ने 17.35 रुपये प्रति इक्विटी शेयर डिविडेंड देने का ऐलान किया है. डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 16 मई 2026 तय की गई है, जबकि भुगतान 4 जून 2026 को किया जाएगा.
एसेट क्वालिटी में सुधार
बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार जारी रहा. Gross NPA यानी खराब कर्ज का अनुपात घटकर 1.49 फीसदी रह गया, जो पिछली तिमाही में 1.57 फीसदी था. वहीं Net NPA 0.39 फीसदी पर स्थिर रहा. तिमाही के दौरान बैंक का Provision काफी घटा, जिससे मुनाफे को सपोर्ट मिला. SBI का Provision घटकर 2,872 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछली तिमाही में यह 4,507 करोड़ रुपये और एक साल पहले 6,441 करोड़ रुपये था.
ट्रेजरी इनकम में बड़ी गिरावट
बैंक की Treasury Income में बड़ी कमजोरी देखने को मिली. यह घटकर 1,259 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले साल समान तिमाही में 8,991 करोड़ रुपये थी. इसके अलावा Other Income भी करीब 29 फीसदी गिरकर 17,314 करोड़ रुपये रह गई. जानकारों के मुताबिक बॉन्ड यील्ड बढ़ने से बैंकों के बॉन्ड पोर्टफोलियो की वैल्यू पर दबाव आया, जिसका असर SBI की ट्रेजरी इनकम पर पड़ा.
शेयर का प्रदर्शन
SBI का शेयर पिछले एक हफ्ते में करीब 4 फीसदी गिरा है. हालांकि, पिछले एक साल में यह अब भी 32 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दे चुका है.
इसे भी पढ़ें- इन स्टॉक्स में मौका! 5 साल के औसत PE से नीचे ट्रेड कर रहे शेयर, अलग-अलग सेक्टर की हैं कंपनियां
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.