सेबी ने Force Motors से मांगा जवाब, शेयर कीमतों में उतार-चढ़ाव पर उठे सवाल

मार्केट रेगुलेटर सेबी ने ऑटो कंपनी Force Motors से उसके वित्तीय नतीजों और शेयर कीमतों में आए उतार-चढ़ाव को लेकर अतिरिक्त जानकारी मांगी है. सेबी ने दिसंबर तिमाही और अप्रैल से दिसंबर 2023-24 के वित्तीय प्रदर्शन से जुड़े विवरण के साथ फरवरी 2024 के दौरान शेयर मूवमेंट पर स्पष्टीकरण मांगा है. खास तौर पर 12 फरवरी से 20 फरवरी के बीच शेयर कीमत में हुए बदलाव पर जानकारी मांगी गई है.

सेबी Image Credit: TV9 Bharatvarsh

SEBI query Force Motors: मार्केट रेगुलेटर सेबी ने ऑटो कंपनी Force Motors से उसके वित्तीय नतीजों और शेयर कीमतों में हुई हलचल को लेकर जानकारी मांगी है. कंपनी को दिसंबर तिमाही और अप्रैल से दिसंबर 2023-24 के वित्तीय प्रदर्शन से जुड़े विवरण देने को कहा गया है. इसके साथ ही सेबी ने फरवरी 2024 के दौरान शेयर कीमतों में आए उतार-चढ़ाव की जानकारी भी मांगी है. कंपनी ने इस संबंध में स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी दी है और कहा है कि फिलहाल इस मामले का उसके कारोबार या वित्तीय स्थिति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है.

सेबी ने क्या जानकारी मांगी

कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सेबी ने Force Motors से कई तरह के अतिरिक्त विवरण मांगे हैं. इसमें घटनाओं की पूरी जानकारी, इनसाइडर से जुड़े विवरण, मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम से संबंधित जानकारी और डिजिग्नेटेड पर्सन्स की सूची शामिल है. इसके अलावा सेबी ने उस अवधि के दौरान बनाए गए स्ट्रक्चर्ड डिजिटल डाटाबेस भी मांगे हैं, जब यह जानकारी पहली बार सामने आई या सार्वजनिक की गई.

किस समय के शेयर मूवमेंट पर सवाल

सेबी ने विशेष रूप से 12 फरवरी से 20 फरवरी 2024 के बीच शेयर कीमत में हुए बदलाव पर जानकारी मांगी है. इसी अवधि में कंपनी ने अपने वित्तीय नतीजों की घोषणा की थी. मार्केट रेगुलेटर आम तौर पर ऐसे मामलों में यह जांच करता है कि कहीं किसी तरह की इनसाइडर ट्रेडिंग तो नहीं हुई.

कंपनी ने क्या कहा

Force Motors ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस मामले में किसी तरह की गड़बड़ी या नियम उल्लंघन की पहचान नहीं की गई है. साथ ही कंपनी पर कोई जुर्माना, प्रतिबंध या कार्रवाई भी नहीं की गई है. कंपनी ने कहा है कि वह तय समय सीमा के भीतर सेबी को उचित जवाब देगी.

कंपनी के वित्तीय रिजल्ट

हाल ही में कंपनी ने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे, जिसमें उसके मुनाफे में मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिली. Q3 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 406.1 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 115.3 करोड़ रुपये था. वहीं ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 12.6 फीसदी बढ़कर 2128 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

इसी अवधि में कंपनी का EBITDA भी करीब 61.4 फीसदी बढ़कर 373.8 करोड़ रुपये रहा. गुरुवार के कारोबार में Force Motors का शेयर करीब 1.42 फीसदी की बढ़त के साथ 21755 रुपये के स्तर पर बंद हुआ.

यह भी पढ़ें: ईरान-इजराइल जंग के बीच अमिताभ कांत की बड़ी चेतावनी, कच्चे तेल में प्रति बैरल $10 की बढ़ोतरी से भारत पर 14 अरब डॉलर तक बढ़ेगा बोझ

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.