USA-ईरान समझौते को बाजार की सलामी, सेंसेक्स 1100 अंकों से ज्यादा चढ़ा, निफ्टी 24000 के करीब, रुपया ने लगाई छलांग

बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच हुआ शांति समझौता रहा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार, वॉशिंगटन और तेहरान ने एक ऐसे समझौते पर सहमति जताई है जिससे पश्चिम एशिया में पिछले चार महीनों से जारी संघर्ष समाप्त होने की उम्मीद है. दोनों देशों ने सभी मोर्चों पर तत्काल सैन्य गतिविधियां रोकने की घोषणा की है.

Trump and stock market. Image Credit: freepik, tv9

Stock Market Opening Bell : सोमवार, 15 जून को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की. अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की खबर से बाजार का सेंटीमेंट बदला. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,126.36 अंक यानी 1.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,654.31 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 339.25 अंक यानी 1.44 प्रतिशत चढ़कर 23,962.15 पर कारोबार करता दिखा और 24,000 के अहम स्तर के करीब पहुंच गया. कारोबार के दौरान 557 शेयरों में तेजी, 65 में गिरावट और 40 शेयरों में कोई बदलाव नहीं देखा गया.

निफ्टी के टॉप गेनर्स और लूजर्स

निफ्टी पैक में श्रीराम फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और टीएमपीवी टॉप गेनर वाले शेयरों में शामिल रहे. दूसरी ओर, ओएनजीसी, सिप्ला और अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयरों में दबाव देखने को मिला और ये टॉप लूजर वाले शेयरों में शामिल रहे.

क्यों आई बाजार में तेजी?

बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते रही. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार, वॉशिंगटन और तेहरान ने एक ऐसे समझौते पर सहमति जताई है जिससे पश्चिम एशिया में पिछले चार महीनों से जारी संघर्ष समाप्त होने की उम्मीद है. दोनों देशों ने सभी मोर्चों पर तत्काल सैन्य गतिविधियां रोकने की घोषणा की है.

कच्चे तेल में गिरावट

शांति समझौते की खबर के बाद ब्रेंट क्रूड में करीब 3.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और इसकी कीमत 83.79 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आवाजाही सामान्य हो सकेगी, जिससे तेल आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता कम होगी. तेल कीमतों में नरमी भारत जैसे आयात करने वाले देशों के लिए पॉजिटिव मानी जाती है.

ब्रॉडर मार्केट में भी खरीदारी

मुख्य इंडेक्स के साथ-साथ ब्रॉडर मार्केट में भी खरीदारी का माहौल देखने को मिला. निफ्टी मिडकैप इंडेक्स लगभग 1.4 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 1.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए. इससे संकेत मिलता है कि निवेशकों की रुचि सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी हुई.

सेक्टोरल प्रदर्शन

सेक्टोरल आधार पर रियल्टी, ऑटो और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले सेक्टर रहे. वहीं फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में मुनाफावसूली का दबाव देखने को मिला, जिसके चलते ये सेक्टर बाजार की तेजी में पीछे रह गए.

IPO Today

होराइजन रिक्लेम (इंडिया) आईपीओ आज अपने सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन में प्रवेश कर गया. कंपनी इसके जरिए बाजार से 54.27 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. निवेशकों की नजर इस इश्यू की सब्सक्रिप्शन स्थिति पर बनी हुई है.

रुपया मजबूत खुला

करेंसी मार्केट में भी तेजी का रुख देखने को मिला. भारतीय रुपया सोमवार को डॉलर के मुकाबले 94.68 के स्तर पर खुला, जबकि शुक्रवार को इसका बंद भाव 95.11 प्रति डॉलर था.

सेंसेक्स के शेयरों का हाल

सोर्स-BSE

सेक्टोरल इंडेक्स का हाल

सोर्स-NSE

एशियाई बाजारों में तेजी ( 9:02 AM तक )

  • गिफ्ट निफ्टी 393 अंकों की तेजी के साथ ट्रेड कर रहा था.
  • जापान के निक्केई में 3500 अंकों की तेजी देखने को मिली.
  • हैंग सेंग में करीब 167 अंकों की तेजी देखने को मिली.
  • सिंगापुर के स्ट्रेट टाइम में 1.34 फीसदी की बढ़त देखने को मिली.
  • ताइवान के बाजार में 1205 अंकों की तेजी देखने को मिली.
  • कोरियाई बाजार कोस्पी में 5 फीसदी से ज्यादा की मजबूती देखने को मिली.

शुक्रवार को कैसा रहा था बाजार?

पिछले कारोबारी दिन ईरान-अमेरिका के बीच संभावित शांति समझौते की खबरों से शेयर बाजार में शानदार तेजी रही थी. सेंसेक्स 1,695 अंक उछलकर 75,527 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 461 अंक चढ़कर 23,622 के स्तर पर पहुंच गया. कारोबार के दौरान रियल्टी, प्राइवेट बैंक, सरकारी बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली थी.

इसे भी पढ़ें- Vedanta की 4 नई कंपनियों में कौन बनेगी सुपरस्टार? एल्युमिनियम बिजनेस पर बाजार की नजर; सोमवार को दिख सकती है हलचल

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.