इस सोलर कंपनी को NTPC से मिले धड़ाधड़ 2 ऑर्डर, उछले शेयर; 52वीक लो पर पहुंचे स्टॉक में आएगी तेजी?
इस सोलर कंपनी को NTPC से 283 करोड़ रुपये के दो BESS प्रोजेक्ट मिले हैं, जिससे कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत हुई है और एनर्जी स्टोरेज सेक्टर में उसकी पकड़ बढ़ेगी. हालांकि, स्टॉक के प्रदर्शन की बात करें तो स्टॉक पिछले कुछ समय से काफी दबाव में ट्रेड कर रहा है. हालांकि, ऐसे अपडेट्स के बाद निवेशकों के बीच सकारात्म रुख देखा जाता है.
Solarworld Energy Bagged NTPC Order: एनर्जी सेक्टर में तेजी के बीच Solarworld Energy Solutions Limited को बड़ा ऑर्डर मिला है. कंपनी ने जानकारी दी है कि उसे NTPC से बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) से जुड़े दो अहम EPC प्रोजेक्ट्स हासिल हुए हैं, जिनकी कुल वैल्यू करीब 283 करोड़ रुपये है. इस डील से कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत हुई है और ऊर्जा स्टोरेज क्षेत्र में उसकी मौजूदगी और बढ़ेगी. ये दोनों प्रोजेक्ट NTPC के थर्मल पावर स्टेशनों पर बैटरी स्टोरेज सिस्टम लगाने से जुड़े हैं, जिनका मकसद पावर सप्लाई को ज्यादा स्थिर और भरोसेमंद बनाना है.
कहां-कहां मिलेगा काम?
पहला ऑर्डर उत्तर प्रदेश के फिरोज गांधी ऊंचाहार थर्मल पावर स्टेशन के लिए है. इस प्रोजेक्ट के तहत 50 मेगावाट/100 मेगावाट-घंटा (MWh) क्षमता का BESS लगाया जाएगा. इस कॉन्ट्रैक्ट की वैल्यू करीब 108.22 करोड़ रुपये (टैक्स छोड़कर) है.
दूसरा ऑर्डर महाराष्ट्र के सोलापुर सुपर थर्मल पावर स्टेशन के लिए है, जहां 75 मेगावाट/150 MWh क्षमता का बैटरी स्टोरेज सिस्टम स्थापित किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट की लागत करीब 176.91 करोड़ रुपये आंकी गई है.
दोनों प्रोजेक्ट्स को मिलाकर कुल ऑर्डर वैल्यू करीब 283 करोड़ रुपये बैठती है.
15 महीने में पूरा होगा काम
कंपनी के मुताबिक, दोनों प्रोजेक्ट्स को अवॉर्ड मिलने की तारीख से 15 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इन प्रोजेक्ट्स के जरिए थर्मल पावर प्लांट्स में ऊर्जा स्टोरेज क्षमता को बढ़ाया जाएगा, जिससे बिजली सप्लाई में उतार-चढ़ाव को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा. BESS यानी बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम को भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. यह सिस्टम अतिरिक्त बिजली को स्टोर करके जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल करने की सुविधा देता है, जिससे ग्रिड की स्थिरता बढ़ती है और रिन्यूएबल एनर्जी के बेहतर उपयोग में मदद मिलती है.
शेयर का प्रदर्शन
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन ऑर्डर्स में किसी तरह का रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन शामिल नहीं है और प्रमोटर ग्रुप का इसमें कोई सीधा हित नहीं है. ऑर्डर मिलने की खबर के बाद कंपनी के शेयर में हल्की तेजी देखने को मिली और यह 0.36 फीसदी बढ़कर 143.07 रुपये पर बंद हुआ. स्टॉक में पिछले कुछ समय से गिरावट का सिलसिला जारी है. पिछले 6 महीनों में स्टॉक करीब 63 फीसदी तक गिर चुका है.
आलम ये है कि स्टॉक अपने 52वीक लो (139.19 रुपये) के काफी करीब पहुंच चुका है. स्टॉक का 52वीक हाई स्तर 388.50 रुपये है. ऐसे में कई बार, इस तरह के बड़े ऑर्डर के बाद निवेशक सकारात्म रुख अपनाते हैं जिससे स्टॉक में हलचल दिख जाती है. कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 1,235 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- BEL को मिला बड़ा ऑर्डर, डील्स की गति लगातार हो रही मजबूत; बुधवार को शेयरों पर दिख सकता है असर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
