शादी सीजन की डिमांड से बढ़ी सोने-चांदी की चमक, सिल्वर ₹7000 उछला, गोल्ड में ₹3700 की तेजी; जानें नए भाव

शादी सीजन से पहले बढ़ी ज्वैलरी डिमांड और कमजोर रुपये के असर से सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल आया है. दिल्ली में चांदी 7,000 रुपये चढ़ गई, जबकि सोना 3,700 रुपये प्रति 10 ग्राम मजबूत हो गया. जानें क्या है एक्सपर्ट्स की राय.

सोने-चांदी में तेजी Image Credit: Canva/ Money9

Gold-Silver Price Today 30, March 2026: राजधानी दिल्ली में सोमवार, 30 मार्च को कीमती धातुओं के दाम में जोरदार उछाल देखने को मिला. शादी के सीजन से पहले बढ़ी खरीदारी और ग्लोबल संकेतों के चलते सोना-चांदी दोनों में करीब 3 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई. खासतौर पर चांदी ने बड़ी छलांग लगाते हुए निवेशकों का ध्यान खींचा. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, चांदी की कीमत में 7,000 रुपये की तेज बढ़ोतरी हुई और यह 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम (टैक्स सहित) पर पहुंच गई. वहीं, सोना भी पीछे नहीं रहा और 3,700 रुपये की मजबूती के साथ 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक चढ़ गया.

शादी सीजन बना बड़ा ट्रिगर

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि शादी के सीजन से पहले ज्वैलर्स की ओर से बढ़ी खरीदारी ने कीमतों को सपोर्ट दिया है. इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुधार और गिरावट के बाद हुई ‘डिप बायिंग’ ने भी सोने-चांदी को मजबूती दी.

रुपये की कमजोरी से मिला सपोर्ट

घरेलू बाजार में कीमतों को रुपये की कमजोरी ने भी सहारा दिया. डॉलर के मुकाबले रुपया 95 के स्तर को पार करते हुए रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया. कमजोर रुपये के कारण आयातित धातुएं महंगी हो जाती हैं, जिससे सोना-चांदी की कीमतों में तेजी आती है. हालांकि, दिन की शुरुआत में रुपये में थोड़ी मजबूती देखने को मिली थी, लेकिन बाद में कच्चे तेल की कीमतों और कॉरपोरेट डिमांड के चलते इसमें फिर गिरावट आ गई.

ग्लोबल मार्केट से भी मिला संकेत

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी में हल्की तेजी रही. स्पॉट गोल्ड करीब 1 फीसदी बढ़कर 4,530 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गया, जबकि चांदी में भी 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी गई. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट से भी कीमती धातुओं को सपोर्ट मिला.

फिर भी महीने भर में भारी गिरावट

हालांकि, सोमवार की इस तेजी के बावजूद मार्च महीने का प्रदर्शन कमजोर रहा है. इस दौरान सोना करीब 21,000 रुपये तक सस्ता हुआ है, जबकि चांदी में 63,000 रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई है. विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक बाजार में अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है और निवेशक डॉलर, तेल की कीमतों और जियो पॉलिटिकल हालात पर नजर बनाए हुए हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में सोना-चांदी की चाल उतार-चढ़ाव भरी रह सकती है, लेकिन शादी सीजन की मांग से घरेलू बाजार को सपोर्ट मिलता रह सकता है.

ये भी पढ़ें- ईरान युद्ध ने पलट दिया ट्रेंड, टीवी-फोन-AC सब हो रहे महंगे, डबल हो सकती है ₹10000 वाले फोन की कीमत