Stocks to Watch: Ola Electric, Aurobindo Pharma, CG Power समेत फोकस में रहेंगे ये शेयर, दिखेगा तगड़ा एक्शन!
5 जून को कई प्रमुख शेयरों पर निवेशकों की नजर रहेगी. Ola Electric ने QIP से 780 करोड़ रुपये जुटाए हैं, जबकि Wockhardt यूरोप में नई एंटीबायोटिक लॉन्च करने जा रही है. Aurobindo Pharma को US FDA की मंजूरी मिली है. ICICI Bank को SEBI से चेतावनी मिली है. वहीं Tata Motors, CG Power, HDFC AMC और Rajesh Exports भी महत्वपूर्ण कारोबारी अपडेट्स के चलते चर्चा में रहेंगे.

Stocks to Watch : पिछले कारोबारी सत्र में शेयर बाजार फ्लैट बंद हुआ था. दिनभर बाजार में उतार-चढ़ाव का माहौल देखने को मिला और प्रमुख इंडेक्स कभी लाल तो कभी हरे निशान में कारोबार करते रहे. ऐसे में शुक्रवार, 5 जून को बाजार की दिशा पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी. इसके साथ ही कई कंपनियों से जुड़े महत्वपूर्ण कारोबारी अपडेट्स के चलते उनके शेयरों में उल्लेखनीय गतिविधि देखने को मिल सकती है.
Ola Electric
कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के माध्यम से 780 करोड़ रुपये जुटाए हैं. यह इश्यू 56 प्रतिशत ओवरसब्सक्राइब रहा. इसमें Goldman Sachs, BNP Climate Fund जैसे वैश्विक निवेशकों के अलावा Motilal Oswal, Mirae Asset, Kotak Mahindra, JM Financial और Baroda BNP Paribas जैसे घरेलू म्यूचुअल फंड्स ने भी निवेश किया है.
Wockhardt
ये कंपनी अपनी नई एंटीबायोटिक दवा ‘Zaynich’ को यूरोपीय बाजार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. कंपनी अगले दो वर्षों में इस दवा को यूरोप के साथ अन्य उभरते बाजारों में भी पेश करने की योजना बना रही है. इससे कंपनी की वैश्विक मौजूदगी और रेवेन्यू में वृद्धि की उम्मीद है.
ICICI Bank
इस दिग्गज बैंक को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) से वार्निंग लेटर मिला है. नियामक के अनुसार, बैंक ने एक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) को निर्धारित लॉक-इन अवधि पूरी होने से पहले निवेश वापस लेने की अनुमति दी, जो RBI के दिशा-निर्देशों और FPI नियमों का उल्लंघन माना गया है.
Aurobindo Pharma
कंपनी को 5 mg और 10 mg टॉफासिटिनिब टैबलेट्स के लिए अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (US FDA) से अंतिम मंजूरी प्राप्त हुई है. यह Xeljanz की जेनेरिक दवा है, जिसका उपयोग रूमेटाइड आर्थराइटिस, सोरियाटिक आर्थराइटिस और अल्सरेटिव कोलाइटिस के उपचार में किया जाता है. कंपनी की सहायक इकाई APL Healthcare Unit IV में इसका निर्माण होगा और इसे जल्द ही अमेरिकी बाजार में लॉन्च किया जाएगा.
HDFC AMC
एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने अपने HDFC Gold ETF में बड़े एकमुश्त निवेश पर सीमा तय करने का निर्णय लिया है. 8 जून से फंड 25 करोड़ रुपये से अधिक के सीधे निवेश स्वीकार नहीं करेगा. वहीं HDFC Gold ETF FoF में एकमुश्त निवेश की सीमा 10 लाख रुपये प्रति PAN प्रति माह निर्धारित की गई है.
Tata Motors Passenger Vehicles
टाटा मोटर्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि यदि 2030 तक भारत का पैसेंजर व्हीकल बाजार 60 लाख यूनिट तक पहुंचता है, तो कंपनी को 20 प्रतिशत से अधिक बाजार हिस्सेदारी हासिल करने का टारगेट रखना चाहिए. उन्होंने 2030 तक 35,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना को दोहराते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इसमें संशोधन किया जा सकता है.
CG Power and Industrial Solutions
कंपनी ने महाराष्ट्र के नासिक स्थित अपने नए एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (EHV) स्विचगियर प्लांट में व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर दिया है. यह यूनिट 748.2 करोड़ रुपये की ग्रीनफील्ड विस्तार योजना का हिस्सा है. नया संयंत्र कंपनी की मौजूदा उत्पादन क्षमता को बढ़ाने में मदद करेगा और EHV स्विचगियर तथा सर्किट ब्रेकर के उत्पादन को मजबूती देगा.
Rajesh Exports
राजेश एक्सपोर्ट्स के चेयरमैन राजेश मेहता ने कहा है कि कंपनी के सभी वित्तीय खुलासे पूरी तरह सही हैं और SEBI की आपत्ति केवल रेवेन्यू गणना की तरीके को लेकर है. उनके अनुसार, रेगुलेट ने कंपनी के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू को ध्यान में नहीं रखा. इससे एक दिन पहले SEBI ने आरोप लगाया था कि कंपनी के कुल रेवेन्यू का 97 से 99 प्रतिशत हिस्सा उसकी विदेशी सब्सिडियरी कंपनियों, विशेष रूप से Valcambi SA, से आता है, जबकि इन इकाइयों के वित्तीय आंकड़े सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं कराए गए थे.
इसे भी पढ़ें- EV सेक्टर को मिला बड़ा बूस्ट, JBM Auto और Olectra में जोरदार एक्शन, जानें क्या है मामला?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.