16 मार्च को Jindal Stainless, IndiGo, GMR Airports समेत फोकस में रहेंगे ये शेयर, दिखेगी हलचल!
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी. इसके साथ ही कई शेयरों पर भी नजर होगी. इन शेयरों में खबरों के चलते एक्शन देखने को मिल सकता है. इन शेयरों में Jindal Stainless, IndiGo, GMR Airports, Voltas, Dilip Buildcon, PN Gadgil Jewellers जैसे नाम शामिल हैं.
Stocks to Watch: भारतीय शेयर बाजार में 13 मार्च को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट देखने को मिली थी. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,470.50 अंक यानी 1.93 प्रतिशत गिरकर 74,563.92 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 488.05 अंक यानी 2.06 प्रतिशत टूटकर 23,151.10 के स्तर पर बंद हुआ था. बाजार में कमजोरी के बावजूद 16 मार्च के कारोबार में कुछ शेयर खबरों के चलते फोकस में रह सकते हैं.
Jindal Stainless
Jindal Stainless Limited को युद्ध के कारण उसके कारोबार पर असर पड़ा है. ईंधन की कमी और शिपिंग में देरी के चलते कंपनी के ऑपरेशंस प्रभावित हुए हैं. प्रोपेन, एलपीजी और प्राकृतिक गैस जैसी गैसों की सीमित उपलब्धता के कारण प्लांट्स को कम क्षमता पर चलाना पड़ रहा है. इसके अलावा जहाजों के रूट बदलने और ट्रांजिट समय बढ़ने से सप्लाई चेन पर भी दबाव पड़ा है.
SEAMEC
ऑफशोर सर्विसेज कंपनी SEAMEC Limited को Oil and Natural Gas Corporation से बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिला है. कंपनी ने सुप्रीम हाइड्रो प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंसोर्टियम में 410.74 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है. इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत MSV समुंद्र सेवक जहाज के संचालन और मेंटेनेंस का काम किया जाएगा.
GMR Airports
GMR Airports Limited को Delhi International Airport Limited से नया प्रोजेक्ट मिला है. कंपनी को Indira Gandhi International Airport, नई दिल्ली के कार्गो टर्मिनल 1 को अपग्रेड, मॉडर्नाइज और ऑपरेट करने की जिम्मेदारी मिली है. यह कॉन्ट्रैक्ट रेवेन्यू शेयर मॉडल पर आधारित होगा और इसकी अवधि 2036 तक रहेगी. पहले पूरे साल में कंपनी को करीब 340 करोड़ रुपये का रेवेन्यू शेयर मिलने का अनुमान है.
IndiGo
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन InterGlobe Aviation Limited, जो IndiGo ब्रांड के तहत काम करती है, ने 14 मार्च 2026 से फ्यूल सरचार्ज लागू करने की घोषणा की है. पश्चिम एशिया में जियो पॉलिटिकल टेंशन के कारण एटीएफ यानी जेट फ्यूल की कीमतों में 85 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है. इसके चलते कंपनी घरेलू और भारतीय उपमहाद्वीप के रूट्स पर 425 रुपये तक और यूरोप रूट्स पर 2300 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज लगाएगी.
Voltas
Voltas Limited के मुंबई स्थित चिंचपोकली कार्यालय में महाराष्ट्र जीएसटी अधिनियम 2017 के तहत जीएसटी निरीक्षण शुरू किया गया है. यह जांच 12 मार्च को राज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर द्वारा शुरू की गई और यह महाराष्ट्र से जुड़े जीएसटी रिकॉर्ड्स की जांच से संबंधित है. कंपनी ने कहा है कि वह अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और फिलहाल इस प्रक्रिया का उसके कारोबार या वित्तीय स्थिति पर कोई खास असर नहीं है.
Bajel Projects
पावर ट्रांसमिशन सेक्टर की कंपनी Bajel Projects Limited को Maharashtra State Electricity Transmission Company Limited से 700 करोड़ रुपये से ज्यादा का ईपीसी ऑर्डर मिला है. इस प्रोजेक्ट के तहत पुणे जिले के सासवड में 400/220 केवी एआईएस सबस्टेशन और उससे जुड़ी ट्रांसमिशन लाइनों का निर्माण किया जाएगा. यह कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा ट्रांसमिशन कॉन्ट्रैक्ट है और इसे 23 महीनों में पूरा किया जाएगा.
Dilip Buildcon
इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी Dilip Buildcon Limited को एक सड़क निर्माण प्रोजेक्ट के लिए एल1 यानी सबसे कम बोली लगाने वाला घोषित किया गया है. इस प्रोजेक्ट की कीमत 160.20 करोड़ रुपये है, जिसमें जीएसटी शामिल नहीं है.
PN Gadgil Jewellers
ज्वैलरी कंपनी PN Gadgil Jewellers Limited ने महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के सावंतवाडी में पंचमी हाइट्स में नया स्टोर खोला है. यह स्टोर फ्रेंचाइजी ओन्ड कंपनी ऑपरेटेड (FOCO) मॉडल के तहत शुरू किया गया है.
इसे भी पढ़ें- विजय केडिया का इन 3 शेयरों पर बड़ा दांव, कर्ज नामात्र के बराबर, RoE और RoCE दमदार!
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
