Tata Capital पर ₹413 करोड़ का टैक्स नोटिस, कंपनी बोली- गलत आकलन; शेयर में दिख सकती है हलचल
Tata Capital को आयकर विभाग से 413 करोड़ रुपये का टैक्स डिमांड नोटिस मिला है, जिसे कंपनी ने त्रुटिपूर्ण बताते हुए चुनौती देने की बात कही है. इस खबर के बीच स्टॉक में उतार-चढ़ाव और निवेशकों की नजरें अब अगले कदम पर टिकी हैं. जानें पूरी जानकारी.
Tata Capital Tax Notice: Tata Group की नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी Tata Capital को टैक्स विभाग से बड़ा झटका लगा है. कंपनी को वित्त वर्ष 2017-18 से जुड़े मामले में करीब 413.18 करोड़ रुपये का टैक्स डिमांड नोटिस मिला है. हालांकि, कंपनी ने इस मांग को गलत बताते हुए इसे चुनौती देने का फैसला किया है. यह नोटिस आयकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर, मुंबई की ओर से जारी किया गया है और 20 मार्च 2026 को अपलोड किया गया. यह मामला Tata Capital Financial Services Ltd (TCFSL) से जुड़ा है, जो अब Tata Capital में 1 अप्रैल 2023 से मर्ज हो चुकी है. यानी यह विवाद मर्जर से पहले के वित्तीय लेन-देन और टैक्स आकलन से संबंधित है.
कंपनी ने क्या कहा?
कुल 413 करोड़ रुपये की इस मांग में लगभग 209.52 करोड़ रुपये टैक्स और 202.72 करोड़ रुपये ब्याज शामिल है. कंपनी के मुताबिक, यह डिमांड मुख्य रूप से टैक्स क्रेडिट के गलत आकलन और कुछ खर्चों को अस्वीकार किए जाने के कारण उत्पन्न हुई है. Tata Capital का कहना है कि इस पूरे मामले में गणना में स्पष्ट त्रुटियां हैं. कंपनी के अनुसार, असेसिंग ऑफिसर ने टैक्स क्रेडिट को गलत तरीके से Tata Capital के नाम पर एडजस्ट कर दिया, जबकि यह क्रेडिट TCFSL को मिलना चाहिए था. इसी गड़बड़ी के चलते टैक्स की कमी दिखी और उस पर भारी ब्याज जोड़ दिया गया.
कंपनी देगी चुनौती
कंपनी ने साफ कहा है कि यह पूरा टैक्स डिमांड टिकाऊ नहीं है और इसे कानूनी रूप से चुनौती दी जाएगी. Tata Capital जल्द ही इस मामले में रेक्टिफिकेशन एप्लीकेशन और अपील दाखिल करेगी. कंपनी को भरोसा है कि मजबूत कानूनी आधार और पहले के न्यायिक फैसलों के चलते उसे राहत मिलेगी. इसके अलावा, कंपनी ने कुछ दूसरे disallowances के खिलाफ भी अपील की है या करने की प्रक्रिया में है, जिनका टैक्स प्रभाव करीब 26.31 करोड़ रुपये है. Tata Capital का मानना है कि इन मामलों में भी उसे सकारात्मक फैसला मिल सकता है.
वित्तीय प्रदर्शन पर पड़ेगा असर?
सबसे अहम बात यह है कि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस टैक्स विवाद का उसके वित्तीय प्रदर्शन, ऑपरेशंस या बिजनेस पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा. यानी निवेशकों के लिहाज से फिलहाल कंपनी की स्थिति स्थिर बनी हुई है, जबकि कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
शेयरों का प्रदर्शन?
टाटा कैपिटल की लिस्टिंग हाल ही में शेयर बाजार पर हुई है. लिस्टिंग के बाद से ही कंपनी के शेयर उतार-चढ़ाव से जूझ रहे हैं. मौजूदा समय में कंपनी के शेयर 317.10 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं. स्टॉक अपने ऑल टाइम हाई स्तर (367.30 रुपये) से काफी नीचे ट्रेड कर रहा है. महीने भर के दौरान इसमें 9 फीसदी तक की गिरावट आई. शुक्रवार, 20 मार्च को कंपनी के शेयर 1.29 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए. कंपनी का मार्केट कैप 1,34,668 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. इस खबर के बाद सोमवार, 23 मार्च को कंपनी के शेयर में हलचल दिख सकती है.
ये भी पढ़ें- चॉइस ब्रोकरेज का बड़ा दांव! दिया 3 स्टॉक्स पर BUY कॉल, अगले हफ्ते मिल सकता है तगड़ा रिटर्न
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
