देश के रेल मैन्युफैक्चरिंग में तेजी लाने के लिए दो कंपनियों ने मिलाया हाथ, शेयरों पर सोमवार को बनाए रखें खास नजर

देश के रेल सेक्टर से जुड़ा एक अहम फैसला निवेशकों और उद्योग जगत का ध्यान खींच रहा है. दो बड़ी कंपनियों के बीच हुए समझौते से मैन्युफैक्चरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में नई संभावनाएं बन सकती हैं. इस कदम के बाद शेयर बाजार में भी इन कंपनियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

रेल स्टॉक Image Credit:

Rail Stock to focus: देश के रेल मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई रफ्तार देने के लिए Texmaco Rail & Engineering Ltd और सरकारी कंपनी Rail Vikas Nigam Ltd (RVNL) ने हाथ मिला लिया है. दोनों कंपनियों के बीच एक जॉइंट वेंचर समझौता हुआ है, जिसका मकसद रेल निर्माण क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में भारत की मौजूदगी मजबूत करना है. इस साझेदारी के बाद निवेशकों की नजर सोमवार को इन दोनों कंपनियों के शेयरों पर खास तौर पर बनी रह सकती है.

रेल मैन्युफैक्चरिंग पर होगा फोकस

कंपनियों की ओर से जारी संयुक्त बयान के मुताबिक, यह जॉइंट वेंचर एडवांस्ड रोलिंग स्टॉक, लाइफ-साइकिल मेंटेनेंस, एसेट मैनेजमेंट सॉल्यूशंस और बड़े EPC व टर्नकी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम करेगा. इसका दायरा सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विदेशों में भी रेल से जुड़े प्रोजेक्ट्स तलाशे जाएंगे. कंपनियों का मानना है कि उनकी संयुक्त ताकत से इंजीनियरिंग इनोवेशन, लागत नियंत्रण और वैश्विक स्तर की गुणवत्ता को एक साथ लाया जा सकेगा.

विदेशों में भी दिखेगा असर

इस जॉइंट वेंचर के जरिए Texmaco और RVNL एशिया, अफ्रीका और मिडिल ईस्ट जैसे क्षेत्रों में भी रेल मैन्युफैक्चरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर नजर रखेंगे. Texmaco Rail के मैनेजिंग डायरेक्टर सुदीप्त मुखर्जी के मुताबिक, यह साझेदारी न सिर्फ इनोवेशन को बढ़ावा देगी, बल्कि भारत की एक्सपोर्ट क्षमता को भी मजबूत करेगी. वहीं RVNL के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सलीम अहमद ने इसे देश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए एक रणनीतिक मंच बताया है.

शेयरों में मिला-जुला असर

इस ऐलान का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला. RVNL के शेयरों में करीब 2 फीसदी की तेजी दर्ज की गई और यह 312 रुपये पर बंद हुआ. हालांकि, यह शेयर अभी भी अपने 52-वीक लो के आसपास है, जबकि इसका 52-वीक हाई 447 रुपये रहा है. कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप करीब 63,958 करोड़ रुपये है. दूसरी ओर, Texmaco Rail के शेयरों में गिरावट देखने को मिली और यह 111 रुपये पर बंद हुआ. इस दौरान शेयर ने 52-वीक लो का नया स्तर छू लिया, जबकि इसका 52-वीक हाई 189 रुपये है. इसका मार्केट कैप फिलहाल 4,569 करोड़ रुपये है.

रेल मैन्युफैक्चरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार के बढ़ते फोकस को देखते हुए यह जॉइंट वेंचर लंबे समय में अहम साबित हो सकता है. हालांकि, मौजूदा शेयर चाल को देखते हुए निवेशकों को दोनों कंपनियों के शेयरों पर सोमवार को सतर्क नजर बनाए रखना फायदेमंद हो सकता है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.