अर्बन कंपनी के शेयरों में आया 15% तक का उछाल, इस खबर से रॉकेट बने स्टॉक, ₹632 करोड़ का है मामला
Urban Company के शेयर बुधवार को 15% तक उछल गए क्योंकि SBI Mutual Fund ने ₹632 करोड़ में 4% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदी. लॉक-इन खत्म होने के बाद कुछ निवेशकों ने एग्जिट किया, लेकिन खरीदारी से शेयर को सपोर्ट मिला. हालांकि हालिया गिरावट और Q3 में घाटे के बावजूद कंपनी की आय 33% बढ़ी.
होम सर्विस प्लेटफॉर्म Urban Company (अर्बन कंपनी) के शेयरों में बुधवार यानी 18 मार्च को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर NSE पर 15.43% तक उछलकर ₹127.10 पर पहुंच गया. Urban Company होम और ब्यूटी से जुड़ी सेवाएं प्रदान करती है. इसके प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहक आसानी से क्लीनिंग, पेस्ट कंट्रोल, इलेक्ट्रिकल, प्लंबिंग, कारपेंट्री, अप्लायंस रिपेयर, पेंटिंग, स्किनकेयर, हेयर ग्रूमिंग और मसाज जैसी सेवाएं बुक कर सकते हैं. आइये जानते हैं कि इसके शेयरों में यह तेजी क्यों आई?
इस कारण आई तेजी
इस तेजी की मुख्य वजह SBI Mutual Fund द्वारा कंपनी में अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने को माना जा रहा है. डेटा के अनुसार, SBI Mutual Fund ने मंगलवार को बड़े पैमाने पर शेयर खरीदे. इस तरह SBI MF ने कुल मिलाकर करीब ₹632 करोड़ में 4% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदी. दिसंबर तिमाही (Q3 FY26) के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, SBI MF की हिस्सेदारी पहले 1.89% थी.
• NSE पर 3,50,63,090 शेयर औसतन ₹109.85 प्रति शेयर के भाव पर खरीदे गए
• BSE पर 2,24,93,959 शेयर औसतन ₹109.83 प्रति शेयर के भाव पर खरीदे गए
2 निवेशकों ने किया एग्जिट
प्री-IPO शेयरों की लॉक-इन अवधि खत्म होने के बाद बाजार में बड़ी हलचल देखने को मिली. इस दौरान DF International Partners II, ABG Capital और Wellington Hadley Harbor ने ब्लॉक डील के जरिए करीब ₹734 करोड़ के शेयर बेच दिए. कुल मिलाकर इन निवेशकों ने कंपनी की लगभग 4.6% हिस्सेदारी बेची, जिसमें से DF International Partners II और Wellington Hadley Harbor Aiv Master Investors (Cayman) III ने पूरी तरह एग्जिट कर लिया. वहीं, ABG Capital ने आंशिक हिस्सेदारी घटाई. इसके बावजूद SBI म्यूचुअल फंड की मजबूत खरीदारी ने शेयर को सपोर्ट दिया और इसमें तेजी देखने को मिली.
शेयर का परफॉर्मेंस
हालांकि शेयर की हालिया परफॉर्मेंस उतनी मजबूत नहीं रही है. साल 2026 की शुरुआत से अब तक यह शेयर करीब 16% गिर चुका है, जबकि पिछले एक महीने में इसमें करीब 8% की कमजोरी आई है. Urban Company का IPO सितंबर 2025 में आया था, जिसमें शेयर ₹103 के इश्यू प्राइस के मुकाबले 57% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ था. लिस्टिंग के बाद शेयर ने ₹201 तक का हाई बनाया, लेकिन उसके बाद इसमें गिरावट का ट्रेंड देखने को मिला.
Q3 FY26 के नतीजे
कंपनी के तिमाही नतीजों की बात करें तो दिसंबर तिमाही (Q3 FY26) में Urban Company को ₹21 करोड़ का घाटा हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी को ₹232 करोड़ का मुनाफा हुआ था.. हालांकि, कंपनी की आय में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई और रेवेन्यू 33% बढ़कर ₹383 करोड़ पहुंच गया. कंपनी ने बताया कि त्योहारी मांग, ग्राहकों की बढ़ती संख्या और नए सेगमेंट में विस्तार से ग्रोथ को सपोर्ट मिला है.
यह भी पढ़ें: ₹73015 करोड़ का ऑर्डर बुक, 881% दिया मल्टीबैगर रिटर्न, अब इस PSU डिफेंस कंपनी ने झटका ₹1011 करोड़ का ठेका, शेयर उछले
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
